बेहतर सफाई सेवाएं देना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता: एनजी रवि कुमार
-बढ़ते शहर की जरूरतों के अनुरूप प्राधिकरण ने तैयार किया नया सफाई प्लान
-कर्मचारियों की कमी दूर होने से सेक्टरों और गांवों में नियमित होगी सफाई
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण जल्द ही 3 हजार नए सफाई कर्मियों की तैनाती करेगा। वर्तमान में प्राधिकरण के पास करीब 2100 सफाई कर्मचारी हैं, लेकिन बढ़ते शहर और आबादी के मुकाबले यह संख्या पर्याप्त नहीं मानी जा रही है। कर्मचारियों की कमी के कारण कई क्षेत्रों में नियमित सफाई प्रभावित होती है और स्थानीय लोग लगातार शिकायतें दर्ज कराते रहे हैं।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार नए सफाई कर्मियों की नियुक्ति एजेंसी के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए शहर को ईस्ट और वेस्ट दो जोन में विभाजित कर अलग-अलग एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि ईस्ट जोन की टेंडर प्रक्रिया अदालत में लंबित होने के कारण एजेंसी का चयन अभी नहीं हो सका है। मामला सुलझने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।
कुछ समय पहले सफाई कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था। उस दौरान कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई थी। प्राधिकरण का मानना है कि अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति से शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था भी अधिक प्रभावी हो सकेगी। इस बीच, घर-घर से कूड़ा संग्रहण के लिए लागू किए गए यूजर चार्ज को लेकर भी विवाद बना हुआ है। बड़ी संख्या में निवासी शुल्क जमा करने से इनकार कर रहे हैं। हाल ही में कई आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार से मुलाकात कर यूजर चार्ज पर आपत्ति जताई।
वहीं अधिकारियों का कहना है कि इस शुल्क से मिलने वाली राशि का उपयोग सफाई सेवाओं को और बेहतर बनाने में किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने कहा कि शहर और गांवों की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन हजार नए सफाई कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। इसकी प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, जिससे लोगों को बेहतर सफाई व्यवस्था का लाभ मिल सके।

सीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण
ग्रेटर नोएडा तेजी से विकसित हो रहा शहर है और बढ़ती आबादी के अनुरूप सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाना हमारी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से तीन हजार अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की जा रही है। इनके जुडऩे से शहर के सभी सेक्टरों के साथ-साथ गांवों में भी नियमित एवं बेहतर सफाई सुनिश्चित होगी। हमारा लक्ष्य केवल सफाई कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए आधुनिक संसाधनों, प्रभावी निगरानी व्यवस्था और जनसहभागिता के साथ सफाई अभियान को और सशक्त बनाया जाएगा।
-एनजी रवि कुमार
सीईओ
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


