Image Slider

.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर कांग्रेस बगावत से जुड़ी रही। चन्नी गुट ने दावा किया कि पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल ने हाईकमान को गुमराह किया।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. गिरफ्तार अफसर पर जमानत पर आए युवक ने उड़ाए पैसे

होशियारपुर सेंट्रल जेल में नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार डिप्टी जेल सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह के मामले में नया मोड़ आया है। उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक रिटायरमेंट पार्टी में जमानत पर युवक के साथ डांस करते दिखाई दे रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो जेल में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर (SI) की रिटायरमेंट पार्टी का है। वीडियो में हरभजन सिंह डीजे पर डांस कर रहे हैं, जबकि एक युवक उन पर नोटों की बारिश कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह युवक जेल से जमानत पर बाहर आया है। आरोप है कि रिटायर हुए सब-इंस्पेक्टर ने हरभजन सिंह के साथ मिलकर उसे पार्टी में बुलाया था।

पुलिस ने 2 दिन पहले हरभजन सिंह समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। डिप्टी सुपरिटेडेंट पर आरोप है कि वह कैदियों से जेल में नशा बिकवाते थे। जेल में बंद एक कैदी मनप्रीत मन्ना ने एक वीडियो जारी किया था। इसके बाद मामले की जांच की गई। जांच में आरोप सही पाए गए। (पढ़ें पूरी खबर)

2. इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर ‘भाभी चुम्मेवाली’ पर FIR

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर रंजीत कौर भाभी चुम्मेवाली और उनके पति जिंदा हंस के खिलाफ निहंग मनप्रीत सिंह खालसा ने लुधियाना में FIR दर्ज करवा दी। निहंग मनप्रीत सिंह का आरोप है कि रंजीत कौर सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट अपलोड कर रही है। जिसका नेगेटिव असर समाज पर पड़ रहा है।

पुलिस ने रात रकीब 9.40 बजे रणजीत कौर व उसके पति के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एसएचओ मोती नगर भूपिंदर सिंह ने कहा- एफआईआर में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उधर, भाभी चुम्मेवाली ने भी निहंग मनप्रीत सिंह को खुली धमकी दी है कि उनके खिलाफ भी कई सबूत उनके पास आ गए हैं और कुछ सबूत आने वाले हैं। वो जल्दी ही सारे सबूत मीडिया के सामने रखकर उनके कारनामों को उजागर करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

3. रेलवे फाटक नहीं खुला, 2 हजार गाड़ियां फंसी रही

पठानकोट में शहर के बीचों-बीच से गुजरने वाली नैरोगेज रेलवे लाइन के ढांगू रोड स्थित रेलवे फाटक का सिग्नल सिस्टम अचानक ठप पड़ गया। जिससे फाटक के 100 मीटर पहले ही ट्रेन रुकी रही और फाटक नहीं खुला। इसके बाद रात करीब 9 बजे से डेढ़ घंटे तक पूरा शहर दो हिस्सों में बंट गया और फाटक के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया।

देखते ही देखते एक ओर सलारिया चौक तक और दूसरी ओर पीर बाबा चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रात के समय लगे इस जाम में करीब 2 हजार वाहन( बसें, बाइक, ऑटो और कारें) फंस गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, भीषण गर्मी और उमस के बीच अचानक फाटक बंद होने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और अन्य राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह सड़क शहर की लाइफ लाइन मानी जाती है और दूसरी सबसे ज्यादा व्यस्त सड़क है, जो जम्मू नेशनल हाईवे से जोड़ती है। रेलवे के एक अधिकारी ने नाम न लिखने की शर्त पर बताया की आउटर सिग्नल खराब हो गया था। जिससे ट्रेन फाटक से करीब 100 मीटर दूर रुक रही। ट्रेन पहले ही लगभग आधा घंटा लेट थी। उसके बाद लगभग 35 मिनट इसको ठीक करने में लगे। रात साढ़े 10:30 बजे के आसपास ट्रेन रेलवे स्टेशन पर पहुंच पाई। (पढ़ें पूरी खबर)

4. चन्नी गुट का दावा- बघेल ने हाईकमान को गुमराह किया

पंजाब कांग्रेस में चुनाव से 8 महीने मचे घमासान के बीच पूर्व CM चरणजीत चन्नी के गुट ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने हाईकमान को गुमराह किया। उन्होंने पंजाब की सही स्थिति के बारे में जानकारी नहीं दी। इसी वजह से केंद्रीय नेतृत्व ने राजा वड़िंग की प्रधानगी बरकरार रखी।

बघेल का बायकॉट करने के पीछे की भी यही वजह सामने आई है। चन्नी गुट से जुड़े एक नेता ने कहा कि उनसे हमें किसी तरह की उम्मीद नहीं तो फिर मुलाकात करने का कोई फायदा नहीं है। वहीं बघेल ने कहा कि मुझे 2 दिन काम करने दें, सब बता दूंगा। बघेल ने कहा कि मुझे कोई भी चाय के लिए बुलाएंगे तो मैं उनके घर भी चला जाउंगा।

भूपेश बघेल ने आज चंडीगढ़ में 2 मीटिंग बुलाई हैं। पहली मीटिंग कार्यकारी प्रधानों व पदाधिकारियों के साथ है। चन्नी गुट ने इसका बायकॉट किया है। दूसरी मीटिंग जिला प्रधानों के साथ है। जो सभी वड़िंग के समर्थक हैं। इसके बाद बघेल बड़े नेताओं से भी वन टु वन मीटिंग करेंगे। बघेल कल (6 जुलाई) को चंडीगढ़ पहुंचे थे, वह 5 दिन यहां रहेंगे। इसी बीच पूर्व CM व जालंधर सांसद मौजूदा प्रधान राजा वड़िंग की बयानबाजियों का डोजियर लेकर दिल्ली में डटे हुए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

5. SIR ड्यूटी से परेशान हूं कहकर टीचर नहर में कूदा

गुरदासपुर के काहनूवान में सबराओ ब्रांच की भट्टियां पुल से कूदकर सरकारी टीचर ने सुसाइड कर लिया है। मरने से पहले उसने नहर के पास कार खड़ी की, इसके बाद अपने साथी टीचर को आखिरी कॉल की, जिसमें उसने कहा- मैं SIR से परेशान हूं, अब ज्यादा काम का प्रेशर नहीं सह पाऊंगा।

घटना की आज 7 जुलाई सुबह साढ़े 9 बजे की है। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस की मदद से गोताखोरों को बुलाया गया। जिसने टीचर की लाश को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया है।

मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह के नाम से हुई, जो गांव सलोपुर के रहने वाले थे। वह भैणी मियां खां स्कूल में तैनात थे। पंजाब में 25 जून से स्पेशल इंटेंसिव रिविजन यानी SIR अभियान चल रहा है। इसमें उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। (पढ़ें पूरी खबर)

6. दिलजीत की सतलुज OTT से हटाने को रिव्यू करेगा केंद्र

केंद्र सरकार ने पंजाबी एक्टर दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर रिव्यू कमेटी का गठन किया है। भाजपा के पंजाब प्रधान केवल ढिल्लो की अपील के बाद यह कमेटी बनाई गई। इसकी पुष्टि भाजपा नेता आरपी सिंह ने की। कमेटी फिल्म की सामग्री, तथ्यों और प्रस्तुत किए गए विषयों का अध्ययन करेगी। दावा है कि फिल्म सेंसर बोर्ड से अप्रूवल नहीं थी।

यह फिल्म पंजाब के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित थी। खालड़ा ने आतंकवाद के दौर में पंजाब में फेक एनकाउंटर में 25 हजार युवाओं को मारने का दावा किया था। यह फिल्म 3 साल की रोक के बाद 2 दिन पहले ही नाम बदलकर रिलीज की गई थी। पहले इसका नाम ‘पंजाब 95’ था, जिसे ‘सतलुज’ नाम से OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया था। लेकिन फिर इसे अचानक हटा दिया गया।

दोसांझ की फिल्म सतलुज (पंजाब 95) रिलीज के 2 ही दिन बाद OTT प्लेटफॉर्म से हटने के बाद मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा फिर चर्चा में हैं। जसवंत खालड़ा ने श्मशान घाट, नगर निगम समेत अन्य जगहों से रिकॉर्ड इकट्‌ठा कर दावा किया था कि आतंकवाद के दौर में पंजाब में पुलिस के फर्जी एनकाउंटर में 25 हजार युवकों की हत्या की गई। फिर उन्हें लावारिस की तरह फूंक दिया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

7. पुलिसकर्मी को किडनैप कर पीटा, फिरौती मांगी

बठिंडा में पुलिसकर्मी के अपहरण की कोशिश की गई। उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद 2 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जवान कुलविंदर सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी हरजिंदर सिंह, पोपा और उनके तीन साथियों ने पहले उनका वीडियो बनाया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की और जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर गांव सेमा कलां ले गए।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने वहां उन्हें धमकाते हुए दो लाख रुपए की फिरौती मांगी। इस दौरान उनका एटीएम कार्ड भी अपने कब्जे में ले लिया गया। उनकी स्विफ्ट कार भी साथ ले गए। (पढ़ें पूरी खबर)

8. जालंधर में बारिश, चंडीगढ़ समेत 10 जिलों में अलर्ट

जालंधर में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई है। सुबह करीब 10 बजे यहां बादल छाए थे। मौसम विभाग ने आज पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

हिमाचल में मौसम विभाग ने 8 से 12 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में लैंडस्लाइड, अचानक बाढ़, जलभराव और पेड़ गिरने की आशंका है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है। संवेदनशील इलाकों में सड़कें बाधित हो सकती हैं और नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही, मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है। यात्रियों और स्थानीय लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. मंत्री अरोड़ा जेल में ही रहेंगे, जमानत पर फैसला टला

मंत्री संजीव अरोड़ा की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट ने मंगलवार को सुनवाई टाल दी है। अदालत ने जमानत अर्जी पर फैसला सुनाने से पहले ED को स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। संजीव अरोड़ा की जमानत याचिका पर 3 सितंबर को सुनवाई होगी।

अब मामले की अगली तारीख पर ईडी अपनी विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट कोर्ट को सौंपेगी, जिसके बाद ही इस बात पर चर्चा होगी कि संजीव अरोड़ा को जमानत मिलेगी या उन्हें जेल में ही रहना होगा। अरोड़ा फिलहाल गुरुग्राम की जेल में बंद हैं, क्योंकि इससे पहले गुरुग्राम की विशेष अदालत ने उनकी जमानत याचिका को सिरे से खारिज कर दिया था।

संजीव अरोड़ा को ईडी ने 9 मई को चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास पर छापेमारी के बाद भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पंजाब सरकार ने उनके सभी मंत्रालय अन्य मंत्रियों को सौंप दिए थे। इस बीच मंत्री गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के दौरान बेटी के साथ मिलकर फूट-फूट कर रोते दिखे थे। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. काउंटर इंटेलिजेंस को देखते ही छत पर चढ़ा युवक

लुधियाना में काउंटर इंटेलिजेंस की टीम को देखते ही युवक मकान की छत पर चढ़ गया। टीम किसी खास इनपुट के आधार पर युवक की वेरिफिकेशन के लिए पहुंची थी। इस ड्रामे को देख बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

ति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने पूरे मकान को घेर लिया। इसी दौरान युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में उसने दावा किया कि उसका एनकाउंटर किया जा सकता है। उसने कहा कि कुछ लोग बंदूकें लेकर आए हैं।

वीडियो के सामने आने से मामला और अधिक संवेदनशील हो गया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को भी तुरंत मौके पर बुलाया गया। सूचना मिलते ही खन्ना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद युवक आखिरकार छत से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||