Image Slider

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार की ‘इंडिया फर्स्ट’ नीति और प्रभावी कूटनीति की बदौलत वैश्विक ऊर्जा संकट के दौरान भी भारत में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं होने दी गई. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया और कई देशों में ईंधन संकट गहराया, लेकिन भारत ने अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करते हुए ऊर्जा आपूर्ति को लगातार बनाए रखा.

उन्होंने कहा, ‘कुछ लोगों ने पेट्रोल संकट की अफवाहें फैलाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए. देश में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आने दी गई.’

40 से ज्यादा देशों को ईंधन निर्यात किया

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने केवल अपनी जरूरतें ही पूरी नहीं कीं, बल्कि 40 से अधिक देशों को रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात भी जारी रखा. उन्होंने कहा कि इससे दुनिया को यह संदेश गया कि भारत के लिए सबसे पहले देश और उसके नागरिकों का हित सर्वोपरि है.

2000 रुपये पहुंच सकती थी LPG सिलेंडर की कीमत

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वैश्विक हालात को देखते हुए एलपीजी सिलेंडर की कीमतें 2,000 रुपये तक पहुंच सकती थीं, लेकिन केंद्र सरकार ने उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने दिया. उन्होंने कहा कि सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर करीब 950 रुपये में उपलब्ध कराए और उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को रसोई गैस की सुविधा सुनिश्चित की.

राजस्थान के विकास कार्यों का किया जिक्र

अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का आभार जताया और राजस्थान को वीरों की धरती बताया. उन्होंने कहा कि राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई अहम कदम उठाए जा रहे हैं, जो आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करेंगे.

प्रधानमंत्री ने राजस्थान में रिफाइनरी परियोजना की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि वहां तेज गति से काम हुआ है, जो विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि इस परियोजना से राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.

प्रधानमंत्री ने बताया कि शुक्रवार को राजस्थान के 54 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र वितरित किए गए. इसके अलावा उन्होंने जयपुर मेट्रो परियोजना के विस्तार की भी घोषणा की.

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) जो वादे करती है, उन्हें पूरा भी करती है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का फोकस केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारना है.

पीएम मोदी ने कहा, ‘आज हम राजस्थान रिफाइनरी का उद्घाटन यहां कर रहे हैं. हमने 2017 में इसके लिए एएमओयू साइन किया था, लेकिन 2018 से 2023 तक राजस्थान में कांग्रेस सरकार रही. कांग्रेस के कारण यहां का काम लगभग ठप ही रह गया, लेकिन जैसे ही डबल इंजन सरकार आई, इसका काम तेजी से आगे बढ़ा और आज हम इसका लोकार्पण भी कर रहे हैं.

प्रधानंत्री ने इसके साथ ही कहा, ‘भारत ने अपनी रिफाइनरी क्षमता को लगातार बढ़ाया है अमेरिका में पिछले 50 वर्षों में एक भी नई रिफाइनरी नहीं बनी है. यूरोप की रिफाइनरी क्षमता लगातार कम होती गई है. वहीं भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी रिफाइनरी क्षमता वाला देश बन चुका है.’

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||