नूंह। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों नूंह, फिरोजपुर झिरका और पुन्हाना में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण-2026 अभियान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलाया जा रहा है। उन्होंने लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में राजनीतिक दलों और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि सोमवार को सभी बीएलए अपने-अपने बूथों पर बीएलओ के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करेंगे। उपायुक्त ने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों सहित प्रपत्र समय पर जमा कराने होंगे। जिले में वर्तमान में 655 मतदान केंद्र हैं। रैशनलाइजेशन के तहत 173 केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या अधिक होने के कारण 100 नए मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं, जिससे कुल संख्या बढ़कर 755 हो जाएगी। इस संबंध में राजनीतिक दलों से 6 जुलाई तक सुझाव मांगे गए हैं।
उन्होंने बताया कि फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 21 जुलाई को होगा, जबकि 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इस दौरान पात्र नागरिक फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए ऑनलाइन अथवा बीएलओ के पास आवेदन कर सकेंगे। उपायुक्त ने सभी नागरिकों से समय पर प्रपत्र भरकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में सहयोग देने की अपील की।