संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नगीना में स्वास्थ्य कर्मियों के समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अमर उजाला पड़ताल के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आई। निर्धारित समय सुबह 9 बजे होने के बावजूद कई कर्मचारी करीब 9:45 बजे तक भी अपनी सीटों पर नहीं पहुंचे थे। मौके पर सुबह करीब 9:30 बजे अस्पताल की फार्मेसी पर ताला लटका मिला, जबकि जांच प्रयोगशाला (लैब) में भी कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इससे दवा लेने और जांच कराने पहुंचे मरीजों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। मरीजों का कहना था कि समय पर स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिलने से उन्हें अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। इस संबंध में चिकित्सा अधिकारी (एमओ) डॉ. तरुण से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
वहीं, मामले को लेकर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि इन दिनों पोलियो अभियान के चलते कुछ स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी अभियान में लगाई गई है। इसके कारण अस्पताल में स्टाफ की उपलब्धता कुछ समय के लिए प्रभावित हो सकती है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी कर्मचारी द्वारा बिना उचित कारण के समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचने या लापरवाही बरतने की शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने कहा कि सरकारी अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि मरीजों को समय पर उपचार और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।