नगीना। इन दिनों खंड़ के गांव नांगल मुबारिकपुर गांव में पेयजल संकट गहरा गया है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। सबसे बदतर हालात सैनी मोहल्ले के हैं, जहां पिछले एक साल से नलों में पानी की एक बूंद तक नहीं आई है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जल विभाग की लापरवाही और गांव में धड़ल्ले से चल रहे अवैध कनेक्शनों के कारण यह समस्या पैदा हुई है। स्थानीय निवासी तुलाराम ने बताया कि पानी न आने के कारण लोग महंगे दामों पर टैंकर डलाकर प्यास बुझाने को मजबूर हैं। वहीं, ग्रामीण कपिल ने दर्द बयां करते हुए कहा कि अगर कभी पानी आता भी है, तो कई-कई दिनों के अंतराल के बाद आता है, जिसका कोई समय निश्चित नहीं है। लोगों ने निजी स्वार्थ के लिए मुख्य लाइनों में अवैध कनेक्शन कर लिए हैं, जिससे अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा।
मामले को लेकर जब कनिष्ठ अभियंता (जेई) इमरान से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से पानी की सप्लाई सुचारू रूप से चल रही है। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की इस समस्या की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। यदि अवैध कनेक्शन या लापरवाही की बात सच पाई गई, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।