-हर विभाग की होगी जवाबदेही, उद्यमियों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान: कुमार सौरभ
-उद्योग बंधु बैठक में मुख्य विकास अधिकारी का सख्त संदेश, हर विभाग को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
-प्रदूषण नियमों पर होगी जागरूकता कार्यशाला, उद्यमियों को मिलेगी एसओपी और मानकों की पूरी जानकारी
-बिजली, अतिक्रमण, फायर स्टेशन और औद्योगिक विकास के लंबित मामलों पर प्रशासन ने कसी नकेल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद के औद्योगिक विकास को नई गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं उद्यमियों ने उद्योगों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा 15 दिनों के भीतर अनुपालन आख्या उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा की जाएगी। बैठक के दौरान ऑल इंडिया मैन्युफैक्चरर्स ऑर्गेनाइजेशन (यूपी स्टेट बोर्ड) के अध्यक्ष उपेन्द्र गोयल सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान उद्यमियों को होने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई बार नियमों और मानकों की स्पष्ट जानकारी के अभाव में उद्योगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सीपीसीबी तथा सीएक्यूएम के अधिकारियों के समन्वय से शीघ्र एक जागरूकता कार्यशाला आयोजित कराई जाए, ताकि उद्यमियों को पर्यावरणीय मानकों, नियमों और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की विस्तृत जानकारी उपलब्ध हो सके। साथ ही सहायक पर्यावरण अधिकारी को सभी आवश्यक दिशा-निर्देश एवं नियमावली औद्योगिक संगठनों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े कई लंबित विकास कार्यों पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। इंद्रप्रस्थ योजना पॉकेट-बी में मिट्टी भराव एवं कूड़ा उठान का कार्य शीघ्र कराने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया गया। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पावी पुस्ता पर जलभराव तथा नाले के नीचे दबी विद्युत केबलों के स्थानांतरण के संबंध में एनएचएआई के प्रतिनिधि ने बताया कि आगामी दो सप्ताह में कार्य का एस्टीमेट मुख्यालय से स्वीकृत हो जाएगा, जिसके बाद कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
साइट-4 साहिबाबाद स्थित यूपीसीडा पार्क में अवैध कब्जे के मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने एसडीएम सदर को दो दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं ट्रांस दिल्ली सिग्नेचर सिटी, लोनी में वर्षों से लंबित फायर स्टेशन निर्माण के संबंध में यूपीसीडा अधिकारियों ने जानकारी दी कि निर्माण स्थल से कूड़ा हटाने का कार्य अगले 15 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने तत्काल निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार हो रही विद्युत ट्रिपिंग और बार-बार आने वाले फॉल्ट की समस्या भी प्रमुखता से उठाई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता को प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर बिजली व्यवस्था में स्थायी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मुरादनगर में प्रस्तावित फायर स्टेशन के लिए चिन्हित भूमि के हस्तांतरण का मामला भी बैठक में उठा, जिस पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी को एसडीएम मोदीनगर एवं नगर पालिका परिषद मुरादनगर के साथ समन्वय स्थापित कर प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि उद्योग बंधु बैठक में उठाए गए प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और 15 दिनों के भीतर विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



