Image Slider

-एसीपी ने कोतवाली नगर क्षेत्र के जुलूस मार्गों का किया पैदल निरीक्षण, सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से परखी तैयारियां
-संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता, पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश- सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर नहीं होगी लापरवाही
-स्थानीय नागरिकों से किया संवाद, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील; मोहर्रम को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली नगर) उपासना पाण्डेय ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में प्रस्तावित मोहर्रम जुलूस मार्गों का व्यापक निरीक्षण किया। उनके साथ प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सहित पुलिस बल भी मौजूद रहा। निरीक्षण के दौरान एसीपी ने सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसीपी उपासना पाण्डेय ने जुलूस के निर्धारित मार्गों पर पैदल भ्रमण कर संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा संकरी गलियों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का गहन परीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलूस मार्ग पूरी तरह सुरक्षित, अवरोधमुक्त और व्यवस्थित रहें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान उपासना पाण्डेय ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि प्रत्येक संवेदनशील बिंदु पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे। किसी भी सूचना को हल्के में न लेते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाए और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं समाज के गणमान्य लोगों से भी संवाद स्थापित किया। एसीपी ने सभी से मोहर्रम के दौरान आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक हैं। यदि किसी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें और किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें।

उपासना पाण्डेय ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे, आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में कोई बाधा न आए तथा भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहें और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करते रहें।

संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और आवश्यकतानुसार त्वरित प्रतिक्रिया टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने जुलूस मार्गों पर मौजूद व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया तथा आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित किया। एसीपी ने स्पष्ट कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||