अयोध्या के ज्योतिषाचार्य पंडित कल्कि राम के अनुसार, वैदिक पंचांग के मुताबिक 30 जून 2026 से आषाढ़ माह की शुरुआत होगी.उन्होंने बताया कि ज्येष्ठ पूर्णिमा 30 जून को सुबह 5 बजकर 26 मिनट पर समाप्त होगी, इसके बाद आषाढ़ माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि शुरू हो जाएगी. इसी के साथ आषाढ़ महीने का आरंभ माना जाएगा.वहीं इस माह का समापन 29 जुलाई 2026 को होगा. इसी दिन आषाढ़ पूर्णिमा भी मनाई जाएगी.
आषाढ़ माह का धार्मिक महत्व
आषाढ़ का महीना भगवान विष्णु की भक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.इस महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि पर देवशयनी एकादशी का व्रत रखा जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन से चातुर्मास की शुरुआत होती है. कहा जाता है कि देवशयनी एकादशी से भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं और फिर चार महीने बाद देवउठनी एकादशी पर जागते हैं.चातुर्मास शुरू होने के बाद हिंदू धर्म में कई मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाता है. आषाढ़ शुक्ल एकादशी के बाद विवाह, गृह प्रवेश, सगाई और मुंडन जैसे शुभ कार्य नहीं किए जाते. इसलिए इस अवधि को साधना, भक्ति, जप और तप के लिए श्रेष्ठ माना गया है.
इस माह में मनाए जाते हैं कई बड़े पर्व
आषाढ़ माह में कई महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व भी आते हैं.आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि से जगन्नाथ रथ यात्रा की शुरुआत होती है, जिसका विशेष महत्व है. इसके अलावा इस माह में गुप्त नवरात्र भी मनाए जाते हैं. यह समय देवी साधना और तंत्र साधना के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है.
आषाढ़ माह में किन बातों का रखें ध्यान
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ माह में व्यक्ति को सात्विक जीवन अपनाना चाहिए.इस दौरान मांस, मदिरा, लहसुन, प्याज और तामसिक भोजन से दूर रहना चाहिए. साथ ही ब्रह्मचर्य का पालन करना शुभ माना जाता है.
इसके अलावा रोज सुबह जल्दी उठकर स्नान करने के बाद सूर्य देव को अर्घ्य देना चाहिए. मान्यता है कि ऐसा करने से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और रुके हुए काम पूरे होने लगते हैं. इस माह में अन्न, वस्त्र, धन और जरूरत की चीजों का दान करना भी बहुत पुण्यदायी माना गया है.
आषाढ़ माह को भक्ति, संयम, दान और साधना का महीना कहा जाता है. इसलिए इस पूरे महीने भगवान विष्णु की आराधना और धर्म-कर्म से जुड़कर व्यक्ति आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकता है.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



