-हर बेटी को मिलेगा सुरक्षित माहौल, महिला स्वयंसेवी बल बनेगा पुलिस का मजबूत सहयोगी: जे. रविन्दर गौड़
-स्कूल-कॉलेज खुलने से पहले एंटी रोमियो स्क्वॉड होगा सक्रिय, छात्राओं की सुरक्षा के लिए बढ़ेगी निगरानी
-महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा और परामर्श सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को नई मजबूती देने के लिए गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब जिले के प्रत्येक थाने में महिला स्वयंसेवी बल का गठन किया जाएगा, जिसमें समाज की जागरूक और इच्छुक महिलाएं स्वेच्छा से शामिल होकर महिला सुरक्षा, जागरूकता और सहायता से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इस नई व्यवस्था के माध्यम से मिशन शक्ति केंद्रों और पिंक बूथों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाते हुए महिलाओं तक सुरक्षा एवं सहायता सेवाओं की पहुंच बढ़ाई जाएगी। यह निर्णय बुधवार को पुलिस लाइंस स्थित परमजीत हॉल में आयोजित मिशन शक्ति केंद्र एवं पिंक बूथों की समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही इसे और मजबूत बनाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक थाना स्तर पर महिला स्वयंसेवी बल गठित किया जाएगा, जो पुलिस और समाज के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगा।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि वर्तमान में गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में 24 मिशन शक्ति केंद्र और 20 पिंक बूथ संचालित हैं, जहां महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, परामर्श, कानूनी सहायता और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इन केंद्रों के माध्यम से घरेलू हिंसा, महिला उत्पीडऩ, साइबर अपराध, बालिका सुरक्षा और महिला अधिकारों से जुड़े मामलों में त्वरित सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचे, इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। बैठक में मिशन शक्ति अभियान और पिंक बूथों की कार्यप्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक केंद्र पर आने वाली महिलाओं और बालिकाओं की शिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और छात्राओं को साइबर सुरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं, कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए, ताकि वे किसी भी संकट की स्थिति में बिना भय के सहायता प्राप्त कर सकें। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र को देखते हुए छात्राओं की सुरक्षा पर भी विशेष रणनीति तैयार की गई। पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए कि ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय एवं महाविद्यालय खुलते ही एंटी रोमियो स्क्वॉड को पहले से अधिक सक्रिय किया जाए। स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास नियमित गश्त, सघन जांच अभियान तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि छात्राओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिल सके।
उन्होंने महिला हेल्पलाइन, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीडऩ तथा अन्य अपराधों से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इस दिशा में सभी इकाइयों को आपसी समन्वय के साथ परिणामोन्मुखी कार्य करना होगा। बैठक में मिशन शक्ति केंद्रों, पिंक बूथों और परिवार परामर्श केंद्रों के प्रभारी अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण भी दिया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए पुलिस कमिश्नर ने उन्हें भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। बैठक में एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय एवं अपराध केशव कुमार चौधरी, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय धवल जायसवाल, सहायक पुलिस आयुक्त महिला अपराध सलोनी अग्रवाल, मिशन शक्ति केंद्र, पिंक बूथ एवं परिवार परामर्श केंद्र के प्रभारी अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में पुलिस कमिश्नर ने दोहराया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर कमिश्नरेट पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में प्रत्येक स्तर पर प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||




