Image Slider

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के बाद अब स्लोवाकिया के दौरे पर पहुंच गए हैं. स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में भारतीय प्रधानमंत्री का शानदार स्वागत किया गया. स्लोवाकिया के गठन के बाद, वहां का दौरा करने वाले पीएम मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं. ब्रातिस्लावा पहुंचने पर स्लोवाकिया के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया. पारंपरिक स्लोवाक रीति के अनुसार उन्हें ‘रोटी और नमक’ भेंट किया गया, जो वहां सम्मान, सद्भावना और आतिथ्य का प्रतीक माना जाता है.

पीएम मोदी आज स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा और रणनीतिक सहयोग पर चर्चा होगी. इसके बाद पीएम मोदी ‘टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर’ पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे. इसके अलावा वह डेन्यूब नदी पर आयोजित विशेष हाई-टी कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. पीएम मोदी आज शाम राष्ट्रपति भवन में स्लोवाकिया के राष्ट्रपति के साथ बेहद अहम बैठक करने वाले हैं, जबकि दिन का समापन राष्ट्रपति की ओर से आयोजित राजकीय रात्रिभोज के साथ होगा.

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत को और खास बनाने के लिए प्रसिद्ध स्लोवाक सांस्कृतिक समूह लुसनिका एन्सेम्बल ने ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति दी. इस दौरान भारतीय संस्कृति और स्लोवाक लोक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला. प्रधानमंत्री ने कलाकारों से मुलाकात भी की और उनकी प्रस्तुति की सराहना की. उनके इस दौरे को लेकर स्लोवाकिया में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों में भी काफी उत्साह है. पीएम मोदी के स्लोवाकिया पहुंचते ही भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका ज़ोरदार स्वागत किया. लोगों ने मोदी-मोदी..वंदे मातरम..और भारत माता की जय के नारे लगाए.

PM Modi Slovakia Visit Live: भारत-यूरोपीय संघ में FTA को अंतिम रूप देने में स्लोवाकिया की मदद का धन्यवाद

पीएम मोदी ने भारत-यूरोपीय संघ (EU) मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को अंतिम रूप देने में स्लोवाकिया के सहयोग के लिए वहां के प्रधानमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ इस समझौते के जल्द से जल्द क्रियान्वयन की दिशा में काम करेंगे, ताकि दोनों देशों के उद्योगों, स्टार्टअप्स और व्यापारियों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके. प्रधानमंत्री ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि स्लोवाकिया की एक यूनिवर्सिटी में AI विषय पर “इंडिया चेयर” स्थापित की जा रही है, जो दोनों देशों के शैक्षणिक और तकनीकी सहयोग को नई दिशा देगी. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और स्लोवाकिया की साझा सोच है कि AI मानवता की सेवा और प्रगति का सशक्त माध्यम बने. उन्होंने जोर देकर कहा कि AI का भविष्य केवल नवाचार पर नहीं, बल्कि भरोसे, जिम्मेदारी और मानवीय गरिमा के मूल्यों पर आधारित होना चाहिए.

PM Modi Slovakia Visit Live: भारत और स्लोवाकिया ने अपने रिश्तों को ‘कम्प्रिहेंसिव पार्टनरशिप’ का दर्जा देने का निर्णय लिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई देने की घोषणा करते हुए कहा कि भारत और स्लोवाकिया ने अपने रिश्तों को “कम्प्रिहेंसिव पार्टनरशिप” (व्यापक साझेदारी) का दर्जा देने का निर्णय लिया है. उन्होंने इसे दोनों देशों के साझा विश्वास, साझा प्राथमिकताओं और साझा भविष्य का प्रतीक बताया. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली यात्रा है और उन्हें खुशी है कि इस ऐतिहासिक अवसर पर दोनों देशों ने संबंधों को व्यापक साझेदारी में बदलने का फैसला किया है.

PM Modi Slovakia Visit Live: भारत को यूएनएससी की स्थाई सदस्यता मिले, स्लोवाकिया ने दिया जोर

स्लोवाकिया के पीएम रॉबर्ट फिको ने भारत की तारीफ की और कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने शानदार आर्थिक विकास दर हासिल की. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में भारत के लिए स्थाई सदस्यता पर भी जोर दिया. रॉबर्ट फिको ने भारत-स्लोवाकिया द्विपक्षीय वार्ता के दौरान कहा कि भारत को यूएनएससी का स्थाई सदस्य होना चाहिए.

PM Modi Slovakia Visit Live: अमेरिका-ईरान के बीच समझौते का पीएम मोदी ने किया स्वागत

स्लोवाकिया दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए संघर्ष विराम समझौते का स्वागत करते हुए इसे पश्चिम एशिया में शांति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है. पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा कि इस संघर्ष ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया और कई देशों में जान-माल का नुकसान हुआ. उन्होंने उम्मीद जताई कि समझौते के प्रभावी क्रियान्वयन से क्षेत्र में स्थिरता लौटेगी और समुद्री नौवहन तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार की स्वतंत्रता सुनिश्चित होगी. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि शेष विवादित मुद्दों पर जारी बातचीत एक स्थायी और व्यापक समाधान तक पहुंचेगी, जिससे पूरे क्षेत्र में दीर्घकालिक शांति स्थापित हो सकेगी.

PM Modi Slovakia Visit Live: ‘भारत-फ्रांस की दोस्ती और मजबूत होती रहे’ पीएम मोदी ने शेयर की नीस दौरे की झलकियां

स्लोवाकिया दौरे पर गए पीएम मोदी ने फ्रांस के नीस शहर के दौरे की झलकियां भी साझा कीं और कहा, ‘ये हैं नीस की खास बातें, मेरी फ्रांस यात्रा की शानदार शुरुआत. भारत-फ्रांस की दोस्ती और मजबूत होती रहे.’

PM Modi Slovakia Visit Live: जब स्लोवाकिया की धरती पर गूंजा वंदे मातरम्, पीएम मोदी ने शेयर किया खास अनुभव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में अपने स्वागत के दौरान ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति को विशेष बताया. उन्होंने कहा कि यह ऐसे समय में हुआ है, जब भारत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का स्मरण कर रहा है और स्वतंत्रता संग्राम में इसके ऐतिहासिक योगदान को याद कर रहा है.

मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसका वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘ब्रातिस्लावा में स्वागत के दौरान लुचनिका एन्सेम्बल (Lucnica Ensemble) की टीम ने ‘वंदे मातरम्’ प्रस्तुत किया. यह ऐसे समय में हुआ है, जब हम वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का स्मरण कर रहे हैं और भारत के इतिहास व स्वतंत्रता आंदोलन में इसके गौरवशाली योगदान को याद कर रहे हैं.’

PM Modi Slovakia Visit Live Updates: स्लोवाकिया दौरे के बाद फिर फ्रांस लौटेंगे पीएम मोदी, करेंगे G-7 नेताओं से बात

स्लोवाकिया दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर फ्रांस लौटेंगे, जहां वे 16-17 जून को होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. इसके अलावा वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित कई वैश्विक नेताओं के साथ सीधी बात करेंगे. इस दौरे के अंतिम चरण में मोदी 18 जून को पेरिस में आयोजित यूरोप के सबसे बड़े स्टार्टअप और टेक्नोलॉजी कार्यक्रम ‘वीवाटेक 2026’ में भी शामिल होंगे.

PM Modi Slovakia Visit Live: पीएम मोदी के दौरे से स्लोवाकिया संग रिश्तों को मिलेगी नई उड़ान

पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान व्यापार, निवेश, नवाचार, ऑटोमोबाइल निर्माण, रेलवे क्षेत्र और नई प्रौद्योगिकी में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा. भारत और स्लोवाकिया हाल के वर्षों में आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं. अप्रैल 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्लोवाकिया यात्रा और फरवरी 2026 में स्लोवाक राष्ट्रपति की भारत यात्रा के बाद यह दौरा संबंधों को नई गति देने वाला माना जा रहा है.

PM Modi Slovakia Visit Live: ‘सचमुच बहुत खास… ‘ ब्रातिस्लावा में मिले स्वागत पर बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाकिया पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर लिखा कि यह यात्रा भारत और स्लोवाकिया के संबंधों को नई ऊंचाई देने तथा सहयोग के नए क्षेत्रों की तलाश का अवसर है. उन्होंने राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री फिको के साथ होने वाली बैठकों को लेकर उत्साह भी जताया. पीएम मोदी ने आज सुबह एक्स पोस्ट में लिखा, ‘कल शाम ब्रातिस्लावा में मिला स्वागत सचमुच बहुत खास था. मैं भारतीय समुदाय के स्नेह और आत्मीयता के लिए उनका आभारी हूं. ऐसे भाव उन मज़बूत रिश्तों को दर्शाते हैं जो हमारे लोगों को जोड़ते हैं और भारत-स्लोवाकिया की दोस्ती को और मजबूत बनाते हैं.’

PM Modi Slovakia Visit Live: वंदे मातरम्, महादेव कीर्तन… पीएम मोदी की स्लोवाकिया यात्रा की बेहद खास शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत को बेहद खास बनाने के लिए प्रसिद्ध स्लोवाक सांस्कृतिक समूह लुसनिका एन्सेम्बल ने ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति दी. इस दौरान भारतीय संस्कृति और स्लोवाक लोक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला. प्रधानमंत्री ने कलाकारों से मुलाकात भी की और उनकी प्रस्तुति की सराहना की. समूह के कलाकारों ने इसे अपने जीवन का यादगार क्षण बताया.

पीएम मोदी ने ब्रातिस्लावा में स्लोवाक संगीत समूह ‘महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट’ की आध्यात्मिक प्रस्तुति भी देखी. इसके अलावा प्रसिद्ध बाल लोकनृत्य दल ‘कोपानिचियारिक’ ने पारंपरिक स्लोवाक नृत्य प्रस्तुत कर भारतीय प्रधानमंत्री का स्वागत किया. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए दोनों देशों के बीच लोगों के स्तर पर बढ़ती नजदीकियों की झलक भी दिखाई दी.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||