Image Slider

-शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर जाना दर्द, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
-थाना और चौकी प्रभारियों को चेतावनी- हर शिकायत पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करें कार्रवाई
-जनसुनवाई को बनाया प्रभावी माध्यम, धवल जायसवाल की कार्यशैली से बढ़ा जनता का भरोसा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद तथा शिकायतों के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने एक बार फिर अपनी संवेदनशील और जनकेंद्रित कार्यशैली का परिचय दिया। शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान डीसीपी धवल जायसवाल ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात धैर्यपूर्वक सुनी और मामलों की प्रकृति के अनुसार संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि पुलिस का पहला दायित्व आमजन को न्याय दिलाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। किसी भी व्यक्ति को अपनी शिकायत के निस्तारण के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी है।

धवल जायसवाल ने शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता को कार्रवाई की प्रगति की जानकारी भी नियमित रूप से दी जाए, ताकि लोगों का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो। डीसीपी ने इस दौरान जिले के सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को भी स्पष्ट निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि थानों और चौकियों पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायत पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी शिकायत को हल्के में लेने या अनावश्यक रूप से लंबित रखने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि केवल अपराध नियंत्रण से नहीं, बल्कि जनता के प्रति उसके व्यवहार और संवेदनशीलता से भी बनती है। यदि किसी व्यक्ति को न्याय के लिए पुलिस के पास आना पड़ता है तो उसकी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। थाना और चौकी स्तर पर बेहतर कार्यप्रणाली ही पुलिस और जनता के बीच विश्वास की मजबूत नींव तैयार करती है।

धवल जायसवाल की कार्यशैली को लेकर पुलिस महकमे और आमजन के बीच सकारात्मक चर्चा देखने को मिल रही है। वे लगातार जनसुनवाई, क्षेत्रीय भ्रमण और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकों के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि पुलिसिंग केवल कानून व्यवस्था तक सीमित न रहे, बल्कि आम नागरिकों की अपेक्षाओं पर भी खरी उतरे। उनकी कार्यप्रणाली का प्रमुख उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सुनना, समझना और उनका त्वरित समाधान कराना है। पुलिस सूत्रों के अनुसार डीसीपी नियमित रूप से लंबित मामलों की समीक्षा भी करते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो। यही कारण है कि कई मामलों में पीडि़तों को त्वरित राहत मिलने लगी है और पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है।

जनसुनवाई के दौरान मौजूद शिकायतकर्ताओं ने भी डीसीपी की इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि वरिष्ठ अधिकारी द्वारा स्वयं उनकी समस्याएं सुनना और तत्काल कार्रवाई के निर्देश देना पुलिस व्यवस्था के प्रति भरोसा बढ़ाने वाला कदम है। डीसीपी धवल जायसवाल ने अंत में कहा कि पुलिस विभाग का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षा, सम्मान और न्याय का भरोसा देना भी है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा जताई कि वे जनता की समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता और अधिक मजबूत हो सके।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||