Image Slider

-45 इलेक्ट्रिक और 3 हाइड्रोजन बसों के संचालन से क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था को मिली नई पहचान
-नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मेट्रो और शहरों के बीच मजबूत होगी लास्ट माइल कनेक्टिविटी
-पर्यावरण संरक्षण के साथ यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक सफर का अनुभव

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लोगों को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद ग्रेटर नोएडा में विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा एवं ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सीईओ एनजी रवि कुमार ने हरी झंडी दिखाकर इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान ग्रेटर नोएडा के विभिन्न गांवों और सेक्टरों से होकर जेवर एयरपोर्ट के लिए 11 आधुनिक वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों को रवाना किया गया। बसों में मोबाइल चार्जिंग, सीसीटीवी कैमरे समेत कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के नागरिक लंबे समय से सिटी बस सेवा की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो गई है। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि 15 जून से जेवर एयरपोर्ट के लिए प्रत्येक घंटे बस सेवा उपलब्ध रहेगी। फिलहाल न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे बाद में संशोधित किया जाएगा।

वहीं यमुना सिटी के सेक्टर-28 स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क में यमुना अथॉरिटी क्षेत्र के लिए इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन बस सेवाओं का शुभारंभ किया गया। यमुना सिटी में 11 इलेक्ट्रिक और 3 हाइड्रोजन बसों का संचालन शुरू हुआ। कार्यक्रम के बाद हजारों लोगों ने सेक्टर-28 से नोएडा एयरपोर्ट तक यात्रा कर नई सुविधा का अनुभव किया। जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह, एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने भी इलेक्ट्रिक बस से नोएडा एयरपोर्ट तक सफर किया। इस अवसर पर एसीईओ राजेश कुमार सिंह, ओएसडी शैलेन्द्र कुमार सिंह, एसीडीएम जेवर दुर्गेश कुमार सिंह तथा जीएम प्रोजेक्ट राजेन्द्र भाटी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

नोएडा में सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट में आयोजित सिटी बस सेवा शुभारंभ कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनपदवासियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि इस पहल से नोएडा एयरपोर्ट और मेट्रो नेटवर्क के बीच मजबूत कनेक्टिविटी स्थापित होगी तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और नागरिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में बीजेपी महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश, एसीईओ वंदना त्रिपाठी, एसीईओ सतीश पाल, ओएसडी क्रांति शेखर, महाप्रबंधक एसपी सिंह, महाप्रबंधक एके अरोड़ा तथा महाप्रबंधक आरपी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। नई इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन बस सेवाओं के शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को नई गति मिलेगी। साथ ही जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक यात्रियों की पहुंच अधिक सुगम, किफायती और पर्यावरण अनुकूल बनेगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||