Image Slider

होमखेलक्रिकेटवैभव का डेब्यू टल सकता है? भारत के आयरलैंड दौरे पर मंडराए संकट के बादल

Last Updated:

आयरलैंड में चल रहे माहौल की वजह से युवा विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. इंडियन प्रीमियर लीग और अंडर 19 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद चयनकर्ताओं ने इस 15 साल के खिलाड़ी को टीम इंडिया में मौका दिया है.

Zoom

वैभव का डेब्यू टल सकता है? भारत के आयरलैंड दौरे पर मंडराए संकट के बादल

नई दिल्ली. वैभव सूर्यवंशी के चाहने वालों के लिए बुरी खबर आ रही है. 15 साल के इस विस्फोटक बल्लेबाज का इंटरनेशनल डेब्यू देखने की उम्मीद लगाकर बैठे फैंस का इंतजार बढ़ सकता है. चयनकर्ताओं ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में धमाल मचाने वाले वैभव को आयरलैंड दौरे के लिए टी20 टीम में चुना है.  उनकी बहुप्रतीक्षित भारत डेब्यू पर अब संशय के बादल मंडरा रहे हैं. बेलफास्ट में हुई अशांति के चलते इस महीने के अंत में भारत और आयरलैंड के बीच होने वाली टी20 सीरीज पर नए सिरे से चिंता जताई जा रही है.

15 साल के इस बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की टीम में सबसे कम उम्र में जगह बनाई थी. माना जा रहा था कि वह 26 जून को बेलफास्ट में अपना पहला सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे. शहर में बढ़ती हिंसा के कारण अब यह साफ नहीं है कि दो मैचों की यह सीरीज तय कार्यक्रम के अनुसार होगी या नहीं.

चिंता की वजह इस हफ्ते की शुरुआत में बेलफास्ट में हुई अशांति से है जो एक चाकू हमले के बाद भड़की थी. इस हमले में 40 साल के स्टीफन ओगिल्वी की एक आंख चली गई और उन्हें गंभीर चोटें आईं. 30 साल के एक सूडानी शरणार्थी पर हत्या की कोशिश का आरोप लगा है. इस घटना के बाद वहां विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए, जो बाद में हिंसा में बदल गए. गाड़ियों को आग लगा दी गई, बैरिकेड्स लगाए गए और प्रवासी परिवारों की संपत्तियों को निशाना बनाया गया. अब तक 16 से ज्यादा गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि लगातार दो रातों तक चली अशांति में 12 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं.

क्रिकेट आयरलैंड ने हालात को स्वीकार किया है और कहा है कि वह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से जुड़े फैसलों से पहले स्थिति पर नजर बनाए हुए है. क्रिकेट आयरलैंड ने कहा, “हम उन इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं, जहां फिलहाल सामुदायिक अशांति है. इस रविवार को होने वाले आयरिश सीनियर कप और नेशनल कप मैचों को लेकर अगले 48 घंटे में फैसला लिया जाएगा. हम संबंधित अधिकारियों और अपने प्रांतीय संघों के लगातार संपर्क में हैं. खिलाड़ियों, कोचों, मैच अधिकारियों और समर्थकों की सुरक्षा हमारे लिए सबसे अहम है. जैसे ही कोई नया अपडेट मिलेगा, हम जानकारी देंगे.”

बोर्ड का यह बयान तब आया है जब लिसबर्न में होने वाला इंटर-प्रोविंशियल टी20 फेस्टिवल भी अशांति के कारण रद्द कर दिया गया. क्रिकेट आयरलैंड ने यह भी साफ किया कि इस वीकेंड के आयरिश सीनियर कप और नेशनल कप मैचों पर 48 घंटे में फैसला लिया जाएगा.

भारत को 26 और 28 जून को बेलफास्ट के स्टॉर्मॉन्ट क्रिकेट ग्राउंड में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलने हैं. ऐसे में टीम इंडिया के यूरोप दौरे में अब दो हफ्ते से भी कम समय बचा है. सूर्यवंशी के अलावा, यह सीरीज श्रेयस अय्यर की टी20 कप्तानी की शुरुआत के लिए भी खास मानी जा रही है.

About the Author

authorimg

Viplove Kumar

विप्लव कुमार 2022 से न्यूज18 के साथ काम कर रहे हैं. रीडर्स के लिए दिन की शुरुआत अच्छी हो इसकी खास जिम्मेदारी उनके कंधे पर होती है. सुबह की शिफ्ट में आकर पिछले दिन हुई रोचक घटना से लेकर पूरे दिन होने वाली गतिविध…और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||