इस बार का टूर्नामेंट बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है क्योंकि किसी भी एक टीम को एकतरफा पसंदीदा या दावेदार नहीं माना जा रहा है. मेजबान इंग्लैंड की टीम अपनी घरेलू पिचों और जानी-पहचानी परिस्थितियों का फायदा उठाकर एक बार फिर चैंपियन बनने का सपना देख रही है. वहीं, न्यूजीलैंड की टीम मौजूदा डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान पर उतरेगी और अपने खिताब को बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाएगी. जब बात आईसीसी टूर्नामेंट्स की हो, तो ऑस्ट्रेलिया को कभी कम नहीं आंका जा सकता. महिला टी-20 विश्व कप के इतिहास की सबसे सफल टीम ऑस्ट्रेलिया अपने सातवें रिकॉर्ड तोड़ खिताब को अपनी अलमारी में सजाने के इरादे से उतरेगी. दूसरी ओर, हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम भी इस बार ट्रॉफी की सबसे मजबूत दावेदारों में से एक है. भारतीय टीम का हौसला इसलिए भी बुलंद है क्योंकि पिछले साल ही उन्होंने अपनी सरजमीं पर महिला वनडे विश्व कप जीतकर अपने आईसीसी खिताब के सूखे को खत्म किया था. ऐसे में टीम इंडिया इस विजयी लय को टी-20 में भी बरकरार रखना चाहेगी.
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप से जुड़ी हर जानकारी एक क्लिक पर यहां पढ़ें.
विश्व कप का इतिहास और सफर
महिला टी-20 विश्व कप का सफर साल 2009 में शुरू हुआ था, जब इंग्लैंड ने अपनी ही धरती पर आयोजित पहले सीजन का खिताब जीतकर इतिहास रचा था. तब से लेकर अब तक इस टूर्नामेंट के कुल 10 संस्करण खेले जा चुके हैं. हाल ही में साल 2024 में खेला गया पिछला टूर्नामेंट न्यूजीलैंड ने जीता था, जो उनका पहला ऐतिहासिक खिताब था. अगर इतिहास के पन्नों को पलटें तो ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम का इस टूर्नामेंट पर पूरी तरह दबदबा रहा है. उन्होंने साल 2010, 2012, 2014, 2018, 2020 और 2023 में कुल छह बार चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम की है. इस साल 11वें संस्करण में सभी 12 टीमें इस इतिहास को बदलने या नया इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेंगी.
टूर्नामेंट का फॉर्मेट और ग्रुप
इस साल 12 जून से शुरू होकर 5 जुलाई तक चलने वाले इस द्विवार्षिक टूर्नामेंट में कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे. सभी 12 टीमों को छह-छह के दो ग्रुपों (ग्रुप ए और ग्रुप बी) में बांटा गया है. ग्रुप चरण में हर टीम अपने ग्रुप की बाकी पांच टीमों से एक-एक मैच खेलेगी। मैच जीतने वाली टीम को दो अंक मिलेंगे, जबकि मैच टाई होने या बेनतीजा रहने की स्थिति में दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना होगा. ग्रुप चरण की समाप्ति के बाद, दोनों ग्रुपों से शीर्ष पर रहने वाली दो-दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी. सेमीफाइनल का समीकरण इस प्रकार रहेगा कि ग्रुप ए की शीर्ष टीम का मुकाबला ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा, जबकि ग्रुप बी की विजेता टीम का सामना ग्रुप ए की उपविजेता टीम से होगा.
अगर ग्रुपों की बात करें तो ग्रुप ए में मेजबान इंग्लैंड के साथ आयरलैंड, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज जैसी मजबूत टीमों को रखा गया है. वहीं ग्रुप बी में डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के साथ एशियाई प्रतिद्वंदी भारत और पाकिस्तान को जगह मिली है, जिससे इस ग्रुप के मैच बेहद रोमांचक होने वाले हैं. इनके अलावा इस ग्रुप में बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका और नवोदित टीम नीदरलैंड शामिल हैं.
विश्व कप के वेन्यू और मेजबान शहर
इंग्लैंड इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए पूरी तरह सज-धजकर तैयार है. टूर्नामेंट के सभी मैच इंग्लैंड के सात बेहतरीन और ऐतिहासिक मैदानों पर खेले जाएंगे. इन वेन्यू में बर्मिंघम का एजबेस्टन मैदान, ब्रिस्टल का काउंटी ग्राउंड, लंदन के दो मशहूर मैदान लॉर्ड्स और द ओवल शामिल हैं. इसके अलावा लीड्स का हेडिंग्ले स्टेडियम, मैनचेस्टर का ओल्ड ट्रैफर्ड और साउथेम्पटन का द रोज बाउल (हम्पशायर बाउल) भी इन मैचों की गवाही देगा.
सभी 12 टीमों की पूरी स्क्वॉड
इस टूर्नामेंट के लिए सभी देशों ने अपनी सर्वश्रेष्ठ 15-सदस्यीय टीमों का एलान कर दिया है, जो इस प्रकार हैं:
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव.
ऑस्ट्रेलिया: सोफी मोलिनक्स (कप्तान), निकोला केरी, एशले गार्डनर, किम गार्थ, लुसी हैमिल्टन, ग्रेस हैरिस, अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, ताहलिया मैकग्राथ, बेथ मूनी, एलिसे पेरी, मेगन शुट्ट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वॉल और जॉर्जिया वेयरहैम.
इंग्लैंड: नेट साइवर-ब्रंट (कप्तान), लॉरेन बेल, ऐलिस कैप्स, टिली कोर्टिन-कोलमैन, चार्ली डीन, सोफिया डंकली, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन जाइलर, दानी गिब्सन, एमी जोन्स, फ्रेया केम्प, हीथर नाइट, लिन्से स्मिथ, इसी वोंग और डैनी व्याट-हॉज.
न्यूजीलैंड: मेलिए केर (कप्तान), सूजी बेट्स, सोफी डिवाइन, फ्लोरा डेवोनशायर, इजी गजे, मैडी ग्रीन, ब्रुक हैलिडे, ब्री इलिंग, पॉली इंग्लिस, जेस केर, रोजमेरी मैयर, नेन्सी पटेल, जॉर्जिया प्लिमर, इजी शार्प और लिया ताहुहू.
पाकिस्तान: फातिमा सना (कप्तान), गुल फिरोजा, आयशा जफर, इरम जावेद, ऐमन फातिमा, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, सायरा जबीन, मुनीबा अली, तुबा हसन, रमीन शमीम, सादिया इकबाल, नशरा संधू, डायना बेग और तस्मिया रुबाब.
दक्षिण अफ्रीका: लॉरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), ताज़मिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लर्क, एनरी डर्कसन, शबनीम इस्माइल, सिनालो जाफ्ता, मारिजान कप्प, अयाबोंगा खाका, सुने लूस, कराबो मेसो, नॉनकुलुलेको म्लाबा, कायला रेनेके, तुमी सेखुखुने, क्लो ट्रायोन और डेन वैन नीकरके.
वेस्टइंडीज: हेली मैथ्यूज (कप्तान), चिनेल हेनरी, डिएंड्रा डॉटिन, स्टेफनी टेलर, एफी फ्लेचर, आलिया अलीन, शेमेन कैंपबेल, अश्मिनी मुनिसर, करिश्मा रामहरैक, जेनिलिया ग्लासगो, जहजारा क्लैक्सटन, कियाना जोसेफ, जैदा जेम्स, मैंडी मंगरू और शॉनिशा हेक्टर.
बांग्लादेश: निगार सुल्ताना जोटी (कप्तान), नाहिदा अख्तर, शर्मीन अख्तर सुप्ता, शोभना मोस्तरी, शोर्ना अख्तर, रितु मोनी, राबेया खान, फहीमा खातून, फरिहा इस्लाम त्रिस्ना, मारुफा अख्तर, संजीदा अख्तर मघला, सुल्ताना खातून, दिलारा अख्तर, जुएरिया फिरदौस और ताज नेहर.
श्रीलंका: चमारी अथापथु (कप्तान), हासिनी परेरा, विषमी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, इमेशा दुलानी, नीलाक्षिका डी सिल्वा, कविशा दिलहारी, हांसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यंगना, सुगंदिका दासनायके, निमाशा मदुशानी, काव्या कविंदी, मल्की मदारा, मिताली अयोध्या और चेतना विमुक्ति.
आयरलैंड: गैबी लुईस (कप्तान), एवा कैनिंग, क्रिस्टीना कूल्टर रेली, अलाना डलजेल, जॉर्जीना डेम्पसी, एमी हंटर, अर्लीन केली, लुईस लिटिल, एमी मैगुइरे, लारा मैक्ब्राइड, कारा मरे, लिआ पॉल, ओरला प्रेंडरगास्ट, रेबेका स्टोकेल और ऐलिस टेक्टर.
स्कॉटलैंड: कैथरीन ब्राइस (कप्तान), क्लो एबेल, ओलिविया बेल, सारा ब्राइस, डार्सी कार्टर, प्रियानाज चटर्जी, गैब्रिएला फोंटेनला, कैथरीन फ्रेजर, कर्स्टी गॉर्डन, आइल्सा लिस्टर, मैसी मैसेरा, अबताहा मकसूद, मेगन मैकोल, राहेल स्लेटर और पिप्पा स्प्राउल.
नीदरलैंड: बेबेट डी लीडे (कप्तान), कैरोलीन डी लांगे, फ्रेडरिक ओवरडिज्क, हन्ना लैंडहीर, हीथर सीजर्स, आइरिस ज्विलिंग, इसाबेल वैन डेर वोनिंग, लारा लीमहुइस, मिर्थे वैन डेन राड, फेबे मोल्केनबोएर, रॉबिन रेंटके, रोसली लॉरेंस, सान्या खुराना, सिल्वर सीजर्स और स्टेरे कालिस.
पूरा शेड्यूल और मैचों का समय (भारतीय समयानुसार)
टूर्नामेंट का पूरा रोमांच 12 जून से शुरू होकर 5 जुलाई को फाइनल तक चलेगा. भारतीय प्रशंसकों के लिए सभी मैचों का समय भारतीय समयानुसार (IST) इस प्रकार है. यह टूर्नामेंट 12 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन में रात 11:00 बजे इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच पहले मुकाबले से शुरू होगा. इसके बाद 13 जून को तीन मुकाबले खेले जाएंगे. दोपहर 3:00 बजे ओल्ड ट्रैफर्ड में बांग्लादेश का सामना नीदरलैंड से होगा, जबकि इसी मैदान पर शाम 7:00 बजे ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच टक्कर होगी. रात 11:00 बजे साउथेम्पटन में वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे.14 जून को बर्मिंघम में दोपहर 3:00 बजे बांग्लादेश और नीदरलैंड का दूसरा मैच होगा, जबकि इसी दिन शाम 7:00 बजे क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच एजबेस्टन में खेला जाएगा.
टूर्नामेंट आगे बढ़ते हुए 16 जून को साउथेम्पटन में शाम 7:00 बजे न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका और रात 11:00 बजे इंग्लैंड बनाम आयरलैंड का मैच होगा. 17 जून को लीड्स में दोपहर 3:00 बजे ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश भिड़ेंगे, जबकि शाम 7:00 बजे भारतीय टीम अपना दूसरा मैच नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगी.इसी रात 11:00 बजे बर्मिंघम में दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान का मैच होगा। 18 जून को लीड्स में रात 11:00 बजे वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड का मैच निर्धारित है, जबकि 19 जून को साउथेम्पटन में इसी समय न्यूजीलैंड का सामना आयरलैंड से होगा.
20 जून को साउथेम्पटन में मैचों की झड़ी लगेगी, जहां दोपहर 3:00 बजे ऑस्ट्रेलिया बनाम नीदरलैंड और शाम 7:00 बजे पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश का मैच होगा. रात 11:00 बजे लीड्स में इंग्लैंड का सामना स्कॉटलैंड से होगा. 21 जून को ब्रिस्टल में दोपहर 3:00 बजे वेस्टइंडीज और श्रीलंका का मैच होगा, जबकि शाम 7:00 बजे मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एक बड़ा मुकाबला खेला जाएगा. 23 जून को ब्रिस्टल में दोपहर 3:00 बजे न्यूजीलैंड बनाम स्कॉटलैंड और शाम 7:00 बजे श्रीलंका बनाम आयरलैंड का मैच होगा. इसी रात 11:00 बजे लीड्स में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान की भिड़ंत होगी. 24 जून को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर रात 11:00 बजे इंग्लैंड और वेस्टइंडीज का मुकाबला होगा.
ग्रुप चरण के आखिरी दिनों में 25 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड में शाम 7:00 बजे भारत का सामना बांग्लादेश से होगा, जबकि रात 11:00 बजे ब्रिस्टल में दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड भिड़ेंगे.26 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड में रात 11:00 बजे श्रीलंका और स्कॉटलैंड का मैच होगा. 27 जून को ब्रिस्टल में दोपहर 3:00 बजे पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड और शाम 7:00 बजे वेस्टइंडीज बनाम आयरलैंड का मुकाबला होगा. इसी रात 11:00 बजे लंदन के द ओवल मैदान पर इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच कांटे की टक्कर होगी. ग्रुप स्टेज के आखिरी दिन 28 जून को लॉर्ड्स में दोपहर 3:00 बजे दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश का मैच होगा, जबकि शाम 7:00 बजे इसी ऐतिहासिक मैदान पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महामुकाबला खेला जाएगा.
नॉकआउट चरण की जंग
सभी ग्रुप मैचों के बाद नॉकआउट मुकाबले शुरू होंगे. पहला सेमीफाइनल 30 जून को लंदन के द ओवल मैदान पर शाम 7:00 बजे खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा सेमीफाइनल 2 जुलाई को इसी मैदान पर रात 11:00 बजे आयोजित होगा. इस पूरे टूर्नामेंट का महामुकाबला यानी फाइनल मैच 5 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा, जहां इस साल की नई विश्व विजेता टीम का फैसला होगा.
रिकॉर्ड तोड़ इनामी राशि
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस बार महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए इनामी राशि में भारी बढ़ोतरी की है. साल 2026 के महिला टी-20 विश्व कप के लिए कुल प्राइज पूल को बढ़ाकर 8,764,615 अमेरिकी डॉलर (लगभग 8.76 मिलियन डॉलर) कर दिया गया है. यह राशि पिछले यानी 2024 के संस्करण से पूरे 10 प्रतिशत ज्यादा है.
इस प्राइज पूल के तहत टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली हर टीम के लिए एक न्यूनतम राशि तय की गई है, जिसके अनुसार प्रत्येक टीम को कम से कम 247,500 डॉलर मिलना तय है. इसके अलावा ग्रुप स्टेज में हर एक मैच जीतने पर टीमों को 31,154 डॉलर की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी. हालांकि नौवें से दसवें और पांचवें से आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों के लिए अलग से कोई अतिरिक्त राशि घोषित नहीं की गई है. लेकिन सेमीफाइनल में हारकर बाहर होने वाली दोनों टीमों को 6,75,000 डॉलर दिए जाएंगे. फाइनल में पहुंचने वाली उपविजेता टीम को 1.17 मिलियन डॉलर की भारी-भरकम राशि मिलेगी, जबकि इस टूर्नामेंट की चैंपियन बनने वाली टीम को 2.34 मिलियन अमेरिकी डॉलर का बंपर नकद पुरस्कार दिया जाएगा.
भारत में कब, कहां और कैसे देखें लाइव मैच?
भारत में महिला क्रिकेट की लोकप्रियता को देखते हुए इसके प्रसारण के बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं. यदि आप टीवी पर मैचों का लाइव आनंद उठाना चाहते हैं, तो इस पूरे टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports Network) के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा. वहीं, यदि आप स्मार्टफोन, लैपटॉप या स्मार्ट टीवी पर डिजिटल माध्यम से मैचों को देखना चाहते हैं, तो इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी, जहां आप कहीं भी बैठकर इस रोमांचक विश्व कप का लुत्फ उठा सकते हैं.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



