Hyderabad Crime News: रामपुर और तेलंगाना पुलिस ने ऐसे पति-पत्नी और साली को अरेस्ट किया गया है, जो तेलंगाना से चोरी कर नेपाल भाग रहे थे. ये चोरी कोई मामूली नहीं थी. जिस घर में तीनों नौकर बनकर पहुंचे थे, वहां से करीब 7 किलो सोना, एक किलो चांदी और कैश पर हाथ साफ किया था.
यह है मामला
मामला हैदराबाद का है. यहां 7 जून को एक बड़े कारोबारी के घर से सोने-चांदी के जेवर गायब होने का मामला सामने आया. शुरुआत में यह पूरी तरह ब्लाइंड केस था यानी पुलिस के पास न कोई प्रत्यक्ष गवाह था और न ही कोई साफ सुराग. तेलंगाना पुलिस अपनी तरफ से जांच में जुटी थी. इसी दौरान कुछ अहम जानकारी मिली, जिन्हें रामपुर पुलिस के साथ शेयर किया गया.
ऐसे हुई गिरफ्तारी
रामपुर के पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के मुताबिक, तेलंगाना पुलिस की टीम लगातार तकनीकी सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी. लोकेशन के आधार पर पता चला कि कुछ संदिग्ध नेपाल की ओर जाने की फिराक में हैं. इसके बाद तेलंगाना पुलिस और रामपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की. बिलासपुर थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक बस को रोका गया. पुलिस को सूचना थी कि आरोपी बस के जरिए नेपाल की ओर जा सकते हैं. जांच के दौरान बस में सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया गया. इनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे. पूछताछ और तलाशी के दौरान जो बरामदगी हुई, उसने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया.
1 शख्स फरार
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से करीब 7 किलो सोना और लगभग 1 किलो चांदी बरामद हुई. इसकी अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है. गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी नेपाल के रहने वाले हैं. इनमें कमल और उसकी पत्नी पूनम हैदराबाद में कारोबारी के यहां घरेलू कर्मचारी के रूप में काम करते थे. जांच में यह भी सामने आया है कि इस वारदात में सुरेश थापा नाम का एक अन्य व्यक्ति भी शामिल था जो फिलहाल फरार है. उसकी तलाश में तेलंगाना पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. माना जा रहा है कि चोरी की पूरी साजिश पहले से तैयार की गई थी और वारदात के बाद आरोपी नेपाल भागने की योजना बना चुके थे.
इस पूरे मामले ने एक बार फिर घरेलू कर्मचारियों के सत्यापन की जरूरत को सामने ला दिया है. पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने लोगों को बताया की कि घर में किसी भी नौकर या कर्मचारी को रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं. साथ ही उसकी पृष्ठभूमि और गतिविधियों पर भी नजर रखें. पुलिस का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी कई बार बड़े नुकसान से बचा सकती है.
करोड़ों रुपये के जेवर चोरी मामले में गिरफ्तार दंपती और उनकी साली को अब तेलंगाना पुलिस अपने साथ ले गई है. बुधवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड मंजूर हो गई. इसके बाद तेलंगाना पुलिस उन्हें रामपुर से लेकर रवाना हो गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी करीब एक महीने पहले ही कारोबारी के यहां काम पर लगे थे और घर की पूरी जानकारी होने के कारण वारदात को अंजाम देकर नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे.
About the Author
Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



