सीएनजी-पेट्रोल पंप के चक्कर में जान जोखिम में
स्थानीय निवासी मनीष कुशवाहा ने बताया कि मिगसन गोलचक्कर के पास मिगसन अल्टीमो सोसायटी स्थित है और इसके सामने सीएनजी व पेट्रोल पंप भी हैं. पेट्रोल और सीएनजी भरवाने के लिए आने वाले कई वाहन चालक समय बचाने के लिए रॉन्ग साइड का सहारा लेते हैं. इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़े हादसे होने से इनकार नहीं किया जा सकता.
एयरपोर्ट लिंक रोड पर बढ़ रहा है दबाव
उन्होंने बताया कि यह सड़क नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है, जिस पर लगातार वाहनों की संख्या बढ़ रही है. एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों के साथ-साथ आसपास की आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों में भी तेजी से वृद्धि हो रही है. ऐसे में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना बेहद जरूरी हो गया है.
सुरक्षा उपायों और बैरियर की सख्त जरूरत
स्थानीय निवासी अभिषेक सोलंकी ने बताया कि मिगसन गोलचक्कर पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन चालक रॉन्ग साइड से गुजरते हैं. उन्होंने कहा कि यहां दुर्घटना की संभावना हमेशा बनी रहती है. कई बार वाहन चालक अचानक सामने आ जाने वाले वाहनों से बचने के लिए ब्रेक लगाते हैं, जिससे टक्कर होने का खतरा बढ़ जाता है. उनका मानना है कि प्रशासन को गोलचक्कर के आसपास बैरियर, संकेतक बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय लगाने चाहिए ताकि लोग नियमों का पालन करने के लिए बाध्य हों.
कागजों में नियम, जमीन पर समाधान नहीं
वहीं मणि सिंह का कहना है कि क्षेत्र के लोगों ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया. उन्होंने कहा कि केवल नियम बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका पालन करवाना भी जरूरी है. यदि समय रहते इस दिशा में ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं.
नियमित ट्रैफिक पुलिस तैनाती की मांग
स्थानीय निवासी ओमपाल सिंह ने बताया कि मिगसन गोलचक्कर पर रॉन्ग साइड वाहन चलाना आम बात हो गई है. लोग जल्दबाजी में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हैं, जिसका खामियाजा अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को भुगतना पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती की जानी चाहिए ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई हो सके.
अतिक्रमण और तेज रफ्तार ने बढ़ाई मुसीबत
स्थानीय निवासी तरुण चौहान ने बताया कि गोलचक्कर के आसपास अतिक्रमण की समस्या भी गंभीर होती जा रही है. सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित होती है और यातायात संचालन में बाधा उत्पन्न होती है. इसके अलावा कुछ वाहन चालक तेज गति से रॉन्ग साइड चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है.
एयरपोर्ट शुरू होने से पहले विशेष योजना की दरकार
स्थानीय लोगों का कहना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से पहले ही इस मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में प्रशासन को मिगसन गोलचक्कर और आसपास के क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू करनी चाहिए. लोगों ने मांग की है कि रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की जाए, अतिक्रमण हटाया जाए, बैरियर लगाए जाएं और ट्रैफिक पुलिस की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए.
समय रहते नहीं जागे तो बनेगा हादसों का केंद्र
क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में यह गोलचक्कर बड़े हादसों का केंद्र बन सकता है. इसलिए प्रशासन और आम जनता दोनों को मिलकर यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक होना होगा, तभी दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



