प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक और बड़ा कीर्तिमान स्थापित कर दिया है. वह सबसे लंबे समय तक लगातार देश की सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं. पीएम मोदी ने भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया. नेहरू ने जहां 13 मई 1952 को पहली बार निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली थी और लगातार 4398 दिन प्रधानमंत्री रहे थे. वहीं नरेंद्र मोदी ने बतौर प्रधानमंत्री आज 4399 दिन पूरे करते हुए सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं. पीएम मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और तब से उनका ये सफर लगातार जारी है.
PM Modi LIVE Updates: ‘लंबे राजनीतिक नेतृत्व का प्रतीक…’ पीएम मोदी के रिकॉर्ड पर आया मेलोनी का ट्वीट
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है. मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी का हाल ही में रोम में दोबारा स्वागत करना उनके लिए खुशी की बात रही. उन्होंने कहा कि भारत और इटली ने मिलकर एक विशेष रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत की है, जो भविष्य की ओर देखते हुए दोनों देशों और उनके नागरिकों के लिए नए अवसर पैदा करेगी.
जॉर्जिया मेलोनी ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह रिकॉर्ड भारतीय लोकतंत्र में जनता के भरोसे और उनके लंबे राजनीतिक नेतृत्व का प्रतीक है. उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत और इटली के बीच सहयोग, साझेदारी और मित्रता आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी. मेलोनी का यह संदेश ऐसे समय आया है जब पीएम मोदी ने लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है और देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं.
PM Modi LIVE Updates: पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर बिरला मंदिर में जेपी नड्डा ने की विशेष पूजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सांसद लुम्बाराम चौधरी और कमलजीत सहरावत के साथ मिलकर बिरला मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की.
जेपी नड्डा ने पीएम मोदी के कार्यकाल को भारत के इतिहास का ‘स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने वाला ऐतिहासिक दिन’ बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार सेवा कर देश में एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है. नड्डा ने कहा, ‘आज भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक दिन है, जिसे स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार सेवा देकर सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. 2014 से 2026 तक उन्होंने बिना किसी रुकावट के देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया है.’
PM Modi LIVE Updates: तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कैबिनेट ने पीएम मोदी के सम्मान में पारित किया विशेष प्रस्ताव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए एक विशेष प्रस्ताव पारित किया. मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री के नेतृत्व, सुशासन और देश के विकास में उनके योगदान की प्रशंसा की गई.
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लगातार कार्यकाल के लिए सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया। मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री मोदी का खड़े होकर अभिवादन भी किया। pic.twitter.com/V9QcCAR4PO
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 10, 2026
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने प्रधानमंत्री मोदी का खड़े होकर अभिवादन किया और इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी. प्रस्ताव में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, जनकल्याण, बुनियादी ढांचे, वैश्विक प्रतिष्ठा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है. मंत्रिमंडल ने उनके नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के प्रति भी विश्वास व्यक्त किया.
PM Modi LIVE Updates: पीएम मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर भारत मंडपम में NDA का शक्ति प्रदर्शन
केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) बुधवार को दिल्ली के भारत मंडपम में बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे हैं. इस विशेष कार्यक्रम में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और एनडीए के प्रमुख सहयोगी दलों के नेता शामिल होंगे. इस कार्यक्रम का उद्देश्य मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखना और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा करना है.
इस बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव , गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे.
इसके अलावा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमार, समेत विभिन्न राज्यों के उपमुख्यमंत्री भी सम्मेलन का हिस्सा बनेंगे.
वहीं एनडीए के सहयोगी दलों की ओर से केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जयंत चौधरी, एचडी कुमारस्वामी, जीतनराम मांझी, अनुप्रिया पटेल, उपेंद्र कुशवाहा, संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर भी मौजूद रहेंगे.
PM Modi LIVE Updates: ‘जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है यह उपलब्धि…’ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी को दी बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का कीर्तिमान स्थापित करने पर हार्दिक बधाई दी है. उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि भारतीय जनता द्वारा उनके नेतृत्व में जताए गए निरंतर विश्वास और भरोसे का प्रमाण है.
राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल सुशासन, आर्थिक मजबूती और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में व्यापक उपलब्धियों से चिह्नित रहा है. उनके नेतृत्व में शुरू की गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने विकास के लाभों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है, जो ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
राष्ट्रपति मुर्मू ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-JANMAN) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों का उनके हृदय में विशेष स्थान है. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने वंचित और दूरदराज के जनजातीय समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है.
राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणादायक राजनीतिक यात्रा भारत की मजबूत लोकतांत्रिक परंपराओं में नई आशा और विश्वास पैदा करती है. उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी देश की सेवा करते रहें और भारत को आत्मनिर्भर तथा विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में नेतृत्व प्रदान करते रहें.
PM Modi LIVE Updates: ‘पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व ने संबंधों को मजबूत किया…’ यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष ने दी बधाई
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने संदेश में कोस्टा ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत का सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाला प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई.’
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत और यूरोपीय संघ (EU) के संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हुए हैं. कोस्टा ने इस साल आयोजित भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों पक्षों के रिश्तों में आई मजबूती इसका सबसे बड़ा प्रमाण है.
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष ने आगे कहा कि वह भारत के साथ सहयोग, रणनीतिक साझेदारी और मित्रता को आगे भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भारत और यूरोपीय संघ के बीच संबंध और अधिक मजबूत होंगे.
PM Modi LIVE Updates: पीएम मोदी रोल मॉडल, लीडरशिप की मिसाल… पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री ने भेजा बधाई संदेश
पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने एक व्यक्तिगत वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को ‘एक रोल मॉडल और लीडरशिप की मिसाल’ बताया. उन्होंने कहा, ‘आज 20 करोड़ से ज़्यादा लोगों को गरीबी से निकालकर बेहतर ज़िंदगी देना एक अद्भुत उपलब्धि है.’ प्रधानमंत्री मारापे ने पापुआ न्यू गिनी की स्नेहपूर्ण दोस्ती और दोनों देशों के बीच संबंधों को और मज़बूत करने की इच्छा ज़ाहिर की. मई 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पापुआ न्यू गिनी की ऐतिहासिक यात्रा भारत–प्रशांत द्वीपीय देशों के संबंधों में एक महत्वपूर्ण क्षण था. किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस देश की यह पहली यात्रा थी. यह यात्रा भारत–प्रशांत द्वीप सहयोग मंच (FIPIC) के तीसरे शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए की गई थी. इस यात्रा ने ‘ग्लोबल साउथ’ के एक प्रतिबद्ध साथी के तौर पर भारत की भूमिका पर जोर दिया.
PM Modi LIVE Updates: ‘पीएम मोदी अवतरित पुरुष, उन्हें पूजेंगे लोग…’ प्रधानमंत्री के 12 साल पर बोले गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘महामानव’ और ‘अवतरित पुरुष’ बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लिए जो कार्य किए हैं, वे असाधारण हैं और आने वाले समय में लोग उन्हें पूजेंगे.
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और प्रधानमंत्री मोदी के लगातार 12 साल तक देश का नेतृत्व करने वाले पहले प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर गिरिराज सिंह ने दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों पर विपक्ष सवाल नहीं उठा सकता, क्योंकि उनके नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं.
गिरिराज सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार सत्ता सौंपकर उन्हें प्रमाणपत्र दे दिया है, जबकि राहुल गांधी हार का जश्न मना रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ‘थेथरोलॉजी’ की राजनीति कर रहे हैं.
PM Modi LIVE Updates: ‘राष्ट्र निर्माण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण’ पीएम मोदी के रिकॉर्ड पर जयशंकर ने दी बधाई
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है. जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर दिन इतिहास रच रहे हैं और 4,399 दिनों का उनका कार्यकाल भारत की लोकतांत्रिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में विदेश मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह रिकॉर्ड उनके नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक व्यक्तिगत कीर्तिमान नहीं, बल्कि भारत की जनता के उस विश्वास और भरोसे का प्रतिबिंब है, जो उन्होंने लगातार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जताया है.
जयशंकर ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है और देश ने विकास, सुशासन तथा राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है. उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में भारत के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
PM Modi LIVE Updates: ‘विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा…’ बतौर प्रधानमंत्री अपने रिकॉर्ड पर क्या बोले पीएम मोदी? संस्कृत श्लोक से दिया संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे लंबे समय तक लगातार देश की सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के रिकार्ड पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है. इसमें उन्होंने कहा, ‘जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है. विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है.’
जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है।
सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः।
विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥ pic.twitter.com/mn0Ax0F8hs
— Narendra Modi (@narendramodi) June 10, 2026
प्रधानमंत्री ने अपनी बात को संस्कृत श्लोक के माध्यम से भी व्यक्त किया. उन्होंने लिखा, ‘सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः. विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥’ इस श्लोक का आशय है कि जो शासक अपनी प्रजा के प्रति समर्पित रहता है, उनके कल्याण और संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है तथा विनम्र स्वभाव रखता है, वही वास्तविक समृद्धि और सफलता प्राप्त करता है.
PM Modi LIVE Updates: ‘तप, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा का सम्मान’ पीएम मोदी के रिकॉर्ड पर बोले सीएम योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि 145 करोड़ भारतीयों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए निरंतर समर्पित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई. उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र का यह अभूतपूर्व कीर्तिमान देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है.
योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि इतिहास में ऐसे अवसर बहुत कम आते हैं, जब कोई नेता सिर्फ सरकार का नेतृत्व नहीं करता, बल्कि पूरे युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है. उन्होंने इस उपलब्धि को प्रधानमंत्री मोदी के तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का सम्मान बताया, जिसने करोड़ों भारतीयों को ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जोड़ा है.
PM Modi LIVE Updates: पीएम मोदी की लंबी उम्र के लिए राम मंदिर में विशेष यज्ञ, 12 साल पूरे होने पर हुआ आयोजन
केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पश्चिम बंगाल के न्यू टाउन स्थित राम मंदिर में मंगलवार को विशेष यज्ञ का आयोजन किया गया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल नेतृत्व की कामना की गई. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और भाजपा समर्थकों ने हिस्सा लिया.
इस विशेष धार्मिक आयोजन का नेतृत्व स्थानीय विधायक पीयूष कनोरिया ने किया. यज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और देश के निरंतर विकास के लिए प्रार्थना की गई. मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही.
PM Modi LIVE Updates: दशकों लंबे समर्पित नेतृत्व का सशक्त प्रमाण – पीएम मोदी के रिकॉर्ड पर अमेरिकी राजदूत की बधाई
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है. अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई. यह उपलब्धि उनके दशकों लंबे समर्पित सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व का सशक्त प्रमाण है. मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं.’
सर्जियो गोर ने अपने संदेश में पीएम मोदी के लंबे राजनीतिक सफर और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया. उनका यह संदेश ऐसे समय आया है जब प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 4,399 दिन तक पद पर रहते हुए भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.
PM Modi LIVE Updates: प्रधानमंत्री के रूप में अलग पहचान बनाई… एकनाथ शिंदे ने पीएम मोदी को दी बधाई
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने 10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने पर कहा, ‘देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री जी का अभिनंदन और ढेर सारी शुभकानाएं देता हूं, अब तक के इतिहास में नेहरू जी के कार्यकाल से आगे निकल जाएंगे ये बहुत गर्व और खुशी की बात है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी 12 साल से इस देश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं. एक भी दिन छुट्टी ना लेने वाला प्रधानमंत्री के रूप में अलग पहचान बनाई है.’
PM Modi LIVE Updates: पीएम मोदी का कार्यकाल भारत के लिए परिवर्तनकारी – अमेरिकी सिनेटर ने दी बधाई
अमेरिका के वरिष्ठ रिपब्लिकन सांसद और टेक्सास से सीनेटर जॉन कॉर्निन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है. जॉन कॉर्निन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 4,399 दिनों का नेतृत्व 140 करोड़ भारतीयों के भरोसे और लगातार तीन लोकतांत्रिक जनादेशों के दम पर हासिल किया है.
कॉर्निन ने कहा कि पीएम मोदी का कार्यकाल भारत के लिए परिवर्तनकारी रहा है. उन्होंने अपने संदेश में दावा किया कि मोदी सरकार के दौरान 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया और भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है.
अमेरिकी सीनेटर ने भारत-अमेरिका संबंधों का भी जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों के रिश्ते पहले से कहीं अधिक मजबूत हुए हैं. उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व को भारत के विकास और वैश्विक प्रभाव में बढ़ोतरी का महत्वपूर्ण कारक बताया.
PM Modi LIVE Updates: ‘भारत के सच्चे युगपुरुष हैं मोदी’, उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री को दी बधाई
भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई दी है. उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण की यात्रा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया.
उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह उपलब्धि केवल लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि भारत के परिवर्तन और विकास के एक महत्वपूर्ण दौर का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार, सामाजिक सशक्तीकरण, तकनीकी प्रगति और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं.
राधाकृष्णन ने कहा कि इतिहास अमेरिकी राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन को मानव गरिमा और दास प्रथा के अंत के लिए याद करता है, वहीं प्रधानमंत्री मोदी को 25 करोड़ से अधिक लोगों को अत्यंत गरीबी से बाहर निकालने और करोड़ों परिवारों में आशा, अवसर तथा सम्मान का संचार करने के लिए याद किया जाएगा.
उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी के सांस्कृतिक और सभ्यतागत दृष्टिकोण की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि भारत की विरासत का सम्मान, गुमनाम नायकों को पहचान, सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण और औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्ति दिलाने जैसे प्रयासों ने देशवासियों में नया आत्मविश्वास पैदा किया है. उन्होंने काशी तमिल संगमम, सौराष्ट्र तमिल संगमम, नए संसद भवन में सेंगोल की स्थापना और विदेशों से ऐतिहासिक धरोहरों की वापसी जैसे कदमों का विशेष उल्लेख किया.
उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा तमिल संत कनियन पूंगुंद्रनार के प्रसिद्ध वचन ‘यादुम ऊरे, यावरुम केलिर’ का उल्लेख भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का प्रभावशाली संदेश था, जिसने दुनिया के सामने भारत की सभ्यतागत सोच को मजबूती से प्रस्तुत किया.
उपराष्ट्रपति ने अपने संदेश के अंत में कहा कि इतिहास के एक निर्णायक दौर में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, अथक परिश्रम और ‘राष्ट्र प्रथम’ की प्रतिबद्धता के जरिए भारत की क्षमताओं और आकांक्षाओं में नया विश्वास जगाया है. उन्होंने प्रधानमंत्री को ‘समकालीन भारत का सच्चा युगपुरुष’ बताते हुए विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में उनकी निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं.
PM Modi LIVE Updates: श्रीलंका समेत कई देशों को प्रेरित करता है प्रधानमंत्री मोदी का विजन- दिसानायके ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दुनिया के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी. अलग-अलग देशों के नेताओं ने प्रधानमंत्री के बदलाव लाने वाले शासन, ग्लोबल साउथ के लिए उनके समर्थन और सबको साथ लेकर चलने वाले और आर्थिक रूप से गतिशील भारत के उनके विजन की तारीफ की.
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखा है. उसमें उन्होंने श्रीलंका की सरकार और जनता की तरफ से उन्हें बधाई दी और कहा, ‘यह उपलब्धि सिर्फ आपके वर्षों के कार्यकाल का प्रमाण नहीं है, बल्कि इस बात का भी सबूत है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लोगों ने बार-बार आपके नेतृत्व पर भरोसा जताया है.’ उन्होंने यह भी कहा कि भारत में जो आर्थिक और सामाजिक बदलाव हुए हैं, वे बहुत उल्लेखनीय हैं और प्रधानमंत्री मोदी का विजन श्रीलंका समेत कई देशों को प्रेरित करता है.
प्रधानमंत्री मोदी ने 4 से 6 अप्रैल 2025 के बीच श्रीलंका का दौरा किया था, जो उनका चौथा दौरा था. इस दौरान उन्हें श्रीलंका का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान ‘मित्र विभूषण’ दिया गया, जो किसी विदेशी मेहमान को दिया जाता है. इस यात्रा ने भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति को और मजबूत किया, जिसमें श्रीलंका भारत के सबसे करीबी साझेदार देशों में से एक है. भारत ने 2022 में श्रीलंका की आर्थिक मुश्किलों के समय भी अहम मदद दी थी.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



