Image Slider

-पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल के नेतृत्व में थाने पहुंचे स्थानीय नागरिक, जाम और अव्यवस्थित यातायात पर जताई चिंता
-वेव सिनेमा, श्रीराम चौक और सेंट्रल पार्क क्षेत्र की समस्याओं को उठाया, आम लोगों को राहत देने की मांग
-स्थानीय निवासियों को अनावश्यक परेशान न किया जाए, अवैध पार्किंग और ऑटो संचालन पर लगे रोक

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही यातायात अव्यवस्था, जाम की समस्या और सार्वजनिक स्थानों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर स्थानीय नागरिकों की चिंता अब खुलकर सामने आने लगी है। गुरुवार को पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. मनोज गोयल के नेतृत्व में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और समाजसेवियों का एक प्रतिनिधिमंडल कौशांबी थाने पहुंचा और वरिष्ठ उपनिरीक्षक से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को विस्तार से उनके समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से जनहित में आवश्यक कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में यातायात संबंधी समस्याएं और अधिक गंभीर हो सकती हैं। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले वेव सिनेमा परिसर के आसपास लगने वाले जाम का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे दिनभर यातायात प्रभावित रहता है। कार्यालय समय और शाम के वक्त स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। स्थानीय निवासियों को अपने घरों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा राहगीरों को भी अनावश्यक कठिनाइयों से गुजरना पड़ता है।

प्रतिनिधिमंडल ने इस क्षेत्र में नियमित निगरानी और यातायात प्रबंधन को मजबूत करने की मांग की। डॉ. मनोज गोयल ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि सोसायटियों के बाहर खड़े वाहनों को लेकर भी संतुलित दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि अनेक लोग अपने परिचितों, रिश्तेदारों अथवा मित्रों से मिलने के लिए क्षेत्र में आते हैं और सीमित समय के लिए अपने वाहन सोसायटियों के बाहर खड़े करते हैं। ऐसे मामलों में बिना कारण चालान की कार्रवाई से आम नागरिकों में असंतोष पैदा होता है। उन्होंने आग्रह किया कि स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिए जाएं ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े। प्रतिनिधिमंडल ने श्रीराम चौक क्षेत्र में बढ़ते ऑटो संचालन को भी गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि यूपी गेट और अन्य स्थानों के लिए जाने वाले कई ऑटो निर्धारित मार्ग का पालन नहीं करते और श्रीराम चौक के भीतर से होकर गुजरते हैं। इससे स्थानीय सड़कों पर दबाव बढ़ता है और यातायात बाधित होता है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि ऐसे ऑटो को आंतरिक मार्गों की बजाय मुख्य मार्गों से संचालित कराया जाए, जिससे क्षेत्र के निवासियों को राहत मिल सके और सड़क सुरक्षा भी बेहतर हो। कौशांबी सेंट्रल पार्क के बाहर खड़े होने वाले ऑटो और व्यावसायिक वाहनों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि पार्क के बाहर दिनभर बड़ी संख्या में ऑटो और अन्य वाणिज्यिक वाहन खड़े रहते हैं, जिससे न केवल यातायात प्रभावित होता है बल्कि पार्क में आने वाले लोगों को भी असुविधा होती है। उन्होंने इस स्थान को अवैध पार्किंग से मुक्त कराने और नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि कौशांबी गाजियाबाद का एक महत्वपूर्ण और घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रशासन और जनता दोनों को मिलकर कार्य करना होगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा और क्षेत्र में सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगा। वरिष्ठ उपनिरीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर समाजसेवी गौरव वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश कटिहार, कमल गुप्ता, एस.के. गोयल, नरेंद्र सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर बल दिया और पुलिस प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||