-शॉर्ट सर्किट की पूर्व घटनाओं से सबक, आपात स्थिति से निपटने के लिए निगम कर्मियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
-अग्निशमन विभाग की टीम ने लाइव डेमो के माध्यम से समझाया फायर सेफ्टी उपकरणों का सही उपयोग
-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर आयोजित हुआ विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम, सुरक्षा जागरूकता पर दिया गया जोर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। किसी भी आपदा से निपटने के लिए केवल संसाधन ही नहीं, बल्कि समय रहते सही प्रशिक्षण और जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक होती है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में गुरुवार को एक विशेष फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों को आग लगने जैसी आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित करना था। नगर निगम परिसर में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में गाजियाबाद अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग की टीम ने भाग लिया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आग से बचाव तथा आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने न केवल सैद्धांतिक जानकारी दी, बल्कि विभिन्न अग्निशमन उपकरणों का प्रयोग करके लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया, जिससे कर्मचारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हो सके। अग्निशमन द्वितीय अधिकारी गौरव, फायरमैन दारा सिंह और फायरमैन परविंदर ने उपस्थित कर्मचारियों को बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण होता है।
उन्होंने समझाया कि प्रारंभिक स्तर पर सही कदम उठाकर बड़े हादसों को रोका जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को यह भी बताया गया कि आग लगने के विभिन्न कारणों और उसकी प्रकृति के अनुसार अलग-अलग प्रकार के अग्निशमन उपकरणों का प्रयोग किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान कार्बन डाइऑक्साइड (सीओ-2) अग्निशामक यंत्र, एबीसी फायर एक्सटिंग्विशर तथा होज पाइप के उपयोग का विस्तृत प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने कर्मचारियों को उपकरण संचालित करने की पूरी प्रक्रिया समझाई। फायर एक्सटिंग्विशर का सेफ्टी पिन निकालने, हैंडल दबाने और आग के स्रोत पर सटीक निशाना लगाने की तकनीक को विस्तार से बताया गया। कर्मचारियों को मौके पर इन उपकरणों का प्रयोग करने का अवसर भी दिया गया ताकि वास्तविक आपदा के समय वे आत्मविश्वास के साथ इनका उपयोग कर सकें।
प्रभारी नजारत डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि नगर निगम मुख्यालय में पूर्व में दो बार शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया था, लेकिन इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता को उजागर किया। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त के निर्देश पर यह फायर मॉक ड्रिल आयोजित की गई, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में अधिकारी और कर्मचारी तत्काल प्रतिक्रिया देने में सक्षम हो सकें। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल अग्निशमन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि प्रारंभिक स्तर पर सही कदम उठाए जाएं तो बड़े नुकसान को टाला जा सकता है। यही कारण है कि नगर निगम प्रशासन समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर कर्मचारियों की क्षमता और जागरूकता को बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। फायर मॉक ड्रिल के दौरान मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह, विभिन्न जोनों के जोनल प्रभारी, विभिन्न विभागों के लिपिक, कंप्यूटर ऑपरेटर और बड़ी संख्या में निगम कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी करते हुए सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर भी बनाते हैं। किसी भी कार्यालय, संस्थान या सार्वजनिक भवन में अग्नि सुरक्षा के प्रति सजगता अत्यंत आवश्यक है और ऐसे आयोजन उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होते हैं। फायर मॉक ड्रिल के समापन पर अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान भविष्य में किसी भी आपात स्थिति के दौरान जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम करने में सहायक सिद्ध होगा। नगर निगम द्वारा सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर किए जा रहे ये प्रयास कर्मचारियों और आमजन दोनों के लिए एक सकारात्मक संदेश लेकर आए हैं।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


