नई दिल्ली (NEET UG Paper Leak Case LIVE). नीट यूजी परीक्षा धांधली मामले में आज सुप्रीम कोर्ट के अंदर बेहद हाई-वोल्टेज और तीखी बहस देखने को मिली. अदालत की कार्यवाही शुरू होते ही जजों के कड़े तेवरों ने साफ कर दिया कि देश के 22 लाख से अधिक उम्मीदवारों के भविष्य के साथ हुए इस खिलवाड़ को कोर्ट बेहद गंभीरता से ले रहा है. सुप्रीम कोर्ट ने सीधे परीक्षा सुधारों के लिए बनी हाई-लेवल कमेटी के अध्यक्ष डॉ. के. राधाकृष्णन को कटघरे में खड़ा करते हुए तीखे सवालों की बौछार कर दी. कोर्ट ने बेहद सख्त लहजे में पूछा कि आखिर इतनी बड़ी विशेषज्ञ समिति और उसकी सख्त निगरानी के बावजूद यह सिस्टम कैसे फेल हो गया? क्या कमेटी के सुझावों में ही कोई खोट है या फिर जमीन पर वाकई कोई निगरानी हुई ही नहीं थी?
NEET UG Supreme Court LIVE: सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दी जानकारी
नीट यूजी सुप्रीम कोर्ट लाइव: केंद्र सरकार और एनटीए की तरफ से पक्ष रखते हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने देश की सर्वोच्च अदालत को बताया कि कोर्ट के पिछले निर्देशों का पालन करते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और डॉ. के. राधाकृष्णन की हाई-लेवल कमेटी, दोनों ने ही अपना विस्तृत जवाब और हलफनामा सुप्रीम कोर्ट में दाखिल कर दिया है.
NEET UG Supreme Court LIVE: सुप्रीम कोर्ट की तीखी टिप्पणी- आखिर सच्चाई क्या है?
नीट यूजी सुप्रीम कोर्ट लाइव: सुनवाई की शुरुआत होते ही सुप्रीम कोर्ट ने एनटीए के सुधारों के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा किया. कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए बेहद सख्त लहजे में पूछा कि अगर राधाकृष्णन कमेटी की सभी सिफारिशों और सुरक्षा उपायों को समय रहते जमीन पर लागू कर दिया गया था तो फिर परीक्षा में इतनी बड़ी गड़बड़ी और चूक कैसे हो गई? आखिर इसके पीछे की असली सच्चाई क्या है, यह सामने आना ही चाहिए.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: सुरक्षा के लिए सेना और राज्यों की मदद से सुधरेगा एनटीए का ढांचा
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: सरकार इस पूरी परीक्षा व्यवस्था की कमियों को जड़ से सुधारने में रात-दिन जुटी हुई है, ताकि जो बच्चे अपनी पढ़ाई में ईमानदारी से लगे हैं, उनके साथ कोई अन्याय न हो. यह ध्यान रखना जरूरी है कि एनटीए (NTA) का गठन खुद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर किया गया था और इसी एजेंसी ने देश की बड़ी और प्रतिष्ठित परीक्षाएं जैसे जेईई (JEE), सीयूईटी (CUET) और नेट (NET) को सफलतापूर्वक संपन्न कराया है. आज के दौर में साइबर चुनौतियां (Cyber Challenges) नई और जटिल दुनिया बन चुकी हैं, क्योंकि जैसे-जैसे टेक्नोलॉजी आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे परीक्षा में सेंध लगाने के तरीके भी बदल रहे हैं. इसी डिजिटल और तकनीकी बदलाव का डटकर मुकाबला करने के लिए सरकार एनटीए के पूरे सुरक्षा तंत्र को आधुनिक और पूरी तरह लीक-प्रूफ बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: नीट पेपर लीक पर जीरो टॉलरेंस
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट कर दिया है कि देश के बच्चों का हित सरकार के लिए सबसे सर्वोपरि है और उनकी पढ़ाई की गरिमा को हर हाल में बहाल किया जाएगा. इसी कड़ी में रक्षा मंत्री के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की गई है, जिसके तहत प्रश्नपत्रों को पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए भारतीय वायुसेना की मदद ली जाएगी, जबकि देश के सभी राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को तैनात किया जाएगा. इस पूरे मिशन में सभी राज्य सरकारों का भी भरपूर सहयोग लिया जा रहा है. पेपर लीक के मामले पर पूरी तरह ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए यह जानकारी दी गई कि एनटीए को 7 और 8 मई को परीक्षा की गोपनीयता भंग (कंप्रोमाइज) होने की भनक लगते ही तुरंत कड़ा एक्शन लिया गया और बिना किसी देरी के 12 मई को परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया गया.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: प्रश्नपत्रों के परिवहन की थ्री-लेयर सिक्योरिटी
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: पेपर लीक की मुख्य जड़ पर प्रहार करते हुए एनटीए ने प्रश्नपत्रों की छपाई, उनके सुरक्षित रखरखाव और परिवहन (लॉजिस्टिक्स) के लिए नई और अभेद्य सुरक्षा नियमावली लागू की है. हलफनामे के मुताबिक, छपाई के बाद से लेकर बैंकों के स्ट्रांग रूम और आखिरकार परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने तक, प्रश्नपत्रों को कई स्तरों की डिजिटल और फिजिकल निगरानी में रखा गया. पेपर्स के सुरक्षित परिवहन के लिए राज्य पुलिस और अन्य केंद्रीय सरकारी सुरक्षा एजेंसियों की मदद ली गई, जिससे सुरक्षा चक्र को मजबूती मिली.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: 1.85 लाख सीसीटीवी कैमरे और एआई तकनीक
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: तकनीकी निगरानी का ब्योरा देते हुए एनटीए ने बताया कि देशभर के सभी 5,432 परीक्षा केंद्रों के चप्पे-चप्पे पर मोबाइल जैमर लगाए गए थे जिससे कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस काम न कर सके. पूरी परीक्षा के दौरान लगभग 1.85 लाख सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर क्लासरूम की लाइव मॉनिटरिंग की गई. सबसे खास बात यह रही कि इन कैमरों से मिलने वाले विशाल सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से एनालिसिस करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया गया, जो किसी भी संदेहास्पद गतिविधि को तुरंत पकड़ लेता था.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: अत्याधुनिक बायोमेट्रिक और सख्त तलाशी व्यवस्था
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: हलफनामे के अनुसार, नीट यूजी 2026 की परीक्षा के दौरान धांधली और फर्जी उम्मीदवारों (सिटर्स) को रोकने के लिए इतिहास में पहली बार बेहद आधुनिक तकनीकी उपाय किए गए. परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की पहचान की पुष्टि के लिए सख्त बायोमेट्रिक जांच, डिजिटल चेहरे की पहचान (फेस रिकग्निशन) और कई स्तरों पर फिजिकल चेकिंग की व्यवस्था लागू की गई थी. इस त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि केवल वही असली छात्र परीक्षा हॉल में प्रवेश कर सके जिसने फॉर्म भरा था.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: प्रशासनिक ढांचा मजबूत, 16 नए वरिष्ठ पद
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: एनटीए ने कोर्ट को जानकारी दी है कि एजेंसी के अंदर आंतरिक जवाबदेही तय करने के लिए बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किए गए हैं. संगठन को अधिक प्रोफेशनल और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष रूप से 16 नए वरिष्ठ प्रशासनिक पद बनाए गए हैं. इसके अलावा, देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से आए तकनीकी और सुरक्षा विशेषज्ञों को भी इस नई व्यवस्था से जोड़ा गया है. परीक्षा संचालन और सुरक्षा के कड़े ऑडिट के लिए अब अलग-अलग विंग बनाकर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: 621 जिला स्तरीय समन्वय समितियों का गठन
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: परीक्षा के जमीनी प्रबंधन को फुलप्रूफ बनाने के लिए एनटीए ने बताया कि देशभर में राज्य और जिला स्तर पर मजबूत कोऑर्डिनेशन समितियां गठित की गईं. नीट यूजी 2026 परीक्षा के आयोजन के समय देशभर में कुल 621 जिला स्तरीय समितियां पूरी सक्रियता से काम कर रही थीं. इन खास कमेटियों में स्थानीय जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और एनटीए के टॉप अधिकारियों को शामिल किया गया था, जिससे परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखा जा सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: कुछ देर में होगी सुनवाई
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: सुप्रीम कोर्ट में नीट यूजी पेपर लीक मामले की सुनवाई दोपहर में 2.15 बजे शुरू होगी. आप नीट यूजी पेपर लीक 2026 मामले की सुनवाई का हर लेटेस्ट अपडेट यहां चेक कर सकते हैं.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: हाई-पावर्ड स्टीयरिंग कमेटी का कड़ा पहरा
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: इस पूरे सुधार अभियान की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए 14 नवंबर 2024 को हाई-पावर्ड स्टीयरिंग कमेटी बनाई गई थी, जिसके चेयरमैन डॉ. के. राधाकृष्णन हैं. उन्होंने भी इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में अपना अलग से हलफनामा दाखिल किया है. इस कमेटी का मुख्य काम NTA के हर सुधार पर पैनी नजर रखना है, जिससे भविष्य में लापरवाही या किसी तकनीकी खामी की वजह से कोई गड़बड़ी न हो सके.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: डॉ. राधाकृष्णन कमेटी के 101 सुझावों पर अमल
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: एनटीए के हलफनामे के मुताबिक, शिक्षा मंत्रालय ने जून 2024 में इसरो (ISRO) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता में हाई-लेवल कमेटी का गठन किया था. इस विशेष कमेटी ने अक्टूबर 2024 में अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें एनटीए की समूची परीक्षा व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए कुल 101 महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए थे. NTA ने कोर्ट को बताया कि कमेटी के सुझावों के मुताबिक परीक्षा के तौर-तरीकों, आधुनिक तकनीक और स्टाफ से जुड़े सभी बड़े सुधारों को एक डेडलाइन तय करके तेजी से लागू किया जा रहा है.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: शिक्षा मंत्रालय के साथ मजबूत समन्वय का दावा
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सुप्रीम कोर्ट को दिए अपने हलफनामे में स्पष्ट किया है कि उसने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के साथ निरंतर और मजबूत कोऑर्डिनेशन में काम किया है. एनटीए ने कोर्ट को भरोसा दिलाया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए टॉप स्तर से जो भी सख्त निर्देश मिले, उन्हें तुरंत धरातल पर उतारा गया. एजेंसी ने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से बनाई गई विशेष निगरानी समिति लगातार काम कर रही है और उसकी हर सिफारिश को बिना किसी ढिलाई के कड़ाई से लागू किया जा रहा है.
NEET UG Paper Leak Case LIVE:कोचिंग सेंटरों के संदिग्ध रोल पर नजर
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लातूर और पुणे के कोचिंग सेंटरों के मालिकों की गिरफ्तारियों पर बोलते हुए कहा कि शिक्षा को व्यापार बनाने वाले इन संस्थानों पर सरकार की पैनी नजर है. उन्होंने साफ किया कि किसी भी निजी कोचिंग संस्थान के स्टाफ या उससे जुड़े व्यक्ति को परीक्षा ड्यूटी के आसपास भी फटकने नहीं दिया जाएगा. परीक्षा का पूरा स्टाफ पूरी तरह सरकारी और वैरिफाइड होगा. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि छात्रों को गुमराह करने वाले और पेपर का सौदा करने वाले संस्थानों के लाइसेंस हमेशा के लिए रद्द किए जाएंगे.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: थ्री-लेयर सिक्योरिटी और कड़ा पहरा
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: राजनाथ सिंह ने निर्देश दिए हैं कि 21 जून को होने वाली री-इग्जामिनेशन के दौरान हर परीक्षा केंद्र और प्रश्नपत्र रखने वाले स्ट्रांग रूम की सुरक्षा ‘थ्री-लेयर सिक्योरिटी’ के तहत की जाएगी. इसमें स्थानीय पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी मुस्तैद किया जाएगा. परीक्षा केंद्रों पर हाई-फ्रीक्वेंसी जैमर्स और अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनका लाइव फीड सीधे केंद्रीय कंट्रोल रूम को भेजा जाएगा. रक्षा मंत्री ने साफ कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल में एक प्रतिशत की ढील भी बर्दाश्त नहीं होगी.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: तकनीकी अपग्रेडेशन और ऑनलाइन मोड का रोडमैप
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह से सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा नीतिगत ऐलान किया. उन्होंने कहा कि सालों से चली आ रही पेन-और-पेपर (ऑफलाइन) ओएमआर शीट वाली व्यवस्था में गड़बड़ी की गुंजाइश ज्यादा रहती है, इसलिए इसे जल्द ही खत्म किया जाएगा. आगामी समय में नीट परीक्षा को पूरी तरह से कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) यानी ऑनलाइन मोड में शिफ्ट करने का रोडमैप तैयार किया जा रहा है. इस डिजिटल बदलाव से पेपर लीक और फिजिकल कॉपी की चोरी हमेशा के लिए रुक जाएगी.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: अभेद्य सुरक्षा के लिए सेना की मदद का प्रस्ताव
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: री-एग्जामिनेशन को पूरी तरह फुलप्रूफ बनाने के लिए राजनाथ सिंह के आवास पर हुई बैठक में प्रश्नपत्रों के सुरक्षित ट्रांसपोर्टेशन को लेकर बड़ी चर्चा हुई. रक्षा मंत्री ने प्रस्ताव दिया कि अगर जरूरत पड़ी तो संवेदनशील प्रश्नपत्रों को देश के दूर-दराज के परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना (IAF) के विशेष विमानों और सुरक्षाबलों की मदद ली जा सकती है. इस कदम का उद्देश्य परीक्षा सामग्री के लॉजिस्टिक्स को पूरी तरह से सुरक्षित और मानवीय दखल से दूर रखना है जिससे लीक की संभावना शून्य हो सके.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: एनटीए की जवाबदेही और रिफॉर्म्स
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: शिक्षा मंत्री ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के कामकाज पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि एजेंसी के अंदर जवाबदेही तय करने का काम शुरू हो चुका है. एनटीए के प्रशासनिक ढांचे में बड़े रिफॉर्म्स किए जा रहे हैं जिससे भविष्य में ऐसी गंभीर मानवीय चूक दोबारा न हो सके. धर्मेंद्र प्रधान ने स्पष्ट किया कि जिन भी अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई जाएगी, उन्हें न सिर्फ पद से बर्खास्त किया जाएगा बल्कि उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. पूरा सिस्टम अब पूरी तरह पारदर्शी बनाया जा रहा है.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: लीक सिंडिकेट पर राजनाथ सिंह का कड़ा रुख
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस पूरे मामले पर बेहद सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि देश के अंदर सक्रिय किसी भी पेपर लीक माफिया या सिंडिकेट को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने साफ चेतावनी दी कि चाहे कोई कितना भी रसूखदार क्यों न हो, अगर उसने छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया है तो उसे कानून के शिकंजे में आना ही होगा. राजनाथ सिंह ने जांच एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि इस काले धंधे की आखिरी कड़ी तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया जाए.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: युवाओं के भविष्य से कोई समझौता नहीं
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने साफ लफ्जों में कहा कि देश के लाखों होनहार छात्रों के भविष्य और उनकी मेहनत के साथ किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि परीक्षा की शुचिता को बहाल करना सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता है. सरकार उम्मीदवारों के मन में चल रही हर आशंका को दूर करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. धर्मेंद्र प्रधान नेअपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी तैयारी पर भरोसा रखें, क्योंकि जीत सिर्फ योग्यता की होगी.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



