Image Slider

Last Updated:

चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर भीषण गर्मी के बीच रेल यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है. स्लीपर कोच में भीड़, खराब पंखे और पीने के पानी की कमी से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. यात्रियों का आरोप है कि स्टेशन पर ठंडा पानी नहीं मिल रहा, जबकि बाहर पानी की बोतलें महंगे दाम पर बेची जा रही हैं. गर्मी की छुट्टियों में बढ़ी भीड़ के बीच रेलवे से व्यवस्था बेहतर करने की मांग तेज हो गई है.

चंदौली: जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू जंक्शन) पर भीषण गर्मी के बीच रेल यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती नजर आ रही है. प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़ी आनंद विहार से भुवनेश्वर जाने वाली ट्रेन के स्लीपर कोच के बाहर यात्रियों ने गर्मी, भीड़ और पानी की भारी समस्या को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. दिन का तापमान जहां 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, वहीं, रात में भी पारा 32 से 33 डिग्री के आसपास बना हुआ है, ऐसे में ट्रेन के स्लीपर कोच यात्रियों के लिए किसी तपते कमरे से कम नहीं लग रहे.

पीने को नहीं मिल रहा ठंडा पानी 

रेल यात्री रेश्मा देवी ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि सबसे बड़ी समस्या पीने के पानी की है. यात्रियों को ठंडा पानी नहीं मिल पा रहा है और जो पानी उपलब्ध है, वह भी गर्म मिल रहा है. उन्होंने कहा कि स्लीपर कोच में भीड़ इतनी ज्यादा है कि वहां बैठना मुश्किल हो गया है. आरक्षित कोच में जनरल टिकट वाले यात्री भी चढ़ जा रहे हैं, जिससे स्लीपर कोच पूरी तरह जनरल डिब्बे जैसा बन गया है. उन्होंने रेल प्रशासन से मांग की कि स्लीपर कोच में बिना टिकट और जनरल टिकट वाले यात्रियों की एंट्री रोकी जाए, ताकि रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को सुविधा मिल सके.

20 रुपये में बेच रहे पानी की बोतलें 

यात्री सुनीता गुप्ता ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि स्लीपर कोच में गर्मी असहनीय हो चुकी है. पंखे चल तो रहे हैं, लेकिन उनमें से भी गर्म हवा निकल रही है. उन्होंने कहा कि पानी की व्यवस्था भी पूरी तरह खराब है. प्रयागराज से ट्रेन में बैठी सुनीता ने कहा कि आगे की यात्रा कैसे पूरी होगी, यह सोचकर ही डर लग रहा है. वहीं, एक अन्य यात्री ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि कई कोचों में पंखे बिल्कुल काम नहीं कर रहे हैं. यात्रियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. ट्रेन में पानी खत्म होने की बात कहकर कैंटीन कर्मचारी भी हाथ खड़े कर दे रहे हैं. इतना ही नहीं, स्टेशन पर पानी बेचने वाले 20 रुपये से कम में बोतल देने को तैयार नहीं हैं.

छुट्टियों से ट्रेनों में बढ़ा अतिरिक्त दबाव 

यात्रियों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में पानी सबसे बड़ी जरूरत है, लेकिन रेलवे की ओर से पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिखाई दे रही. डीडीयू जंक्शन जैसे बड़े रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ रहती है. गर्मी की छुट्टियों और त्योहारों के मौसम में ट्रेनों में अतिरिक्त दबाव बढ़ जाता है, ऐसे में स्लीपर कोचों में क्षमता से अधिक यात्रियों के चढ़ने से हालात और खराब हो रहे हैं. यात्रियों का कहना है कि रेलवे प्रशासन को विशेष निगरानी रखनी चाहिए, ताकि आरक्षित डिब्बों में केवल रिजर्वेशन वाले यात्रियों को ही यात्रा करने दिया जाए.

बता दें कि भीषण गर्मी और उमस के बीच ट्रेन के अंदर खराब पंखे, गर्म हवा और पानी की कमी ने यात्रियों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं. यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ट्रेन में पानी, पंखों और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था तत्काल बेहतर की जाए, ताकि सफर सुरक्षित और आरामदायक बन सके.

About the Author

authorimg

Vivek Kumar

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||