-विजयनगर और कोतवाली नगर क्षेत्र में पुलिस बल के साथ किया फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई चौकसी
-एसीपी की सख्त कार्यशैली फिर आई नजर, असामाजिक तत्वों को दी कड़ी चेतावनी
-त्योहार पर माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, पुलिस ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस गाजियाबाद पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रही है। इसी क्रम में बुधवार रात को सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर उपासना पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ थाना विजयनगर और थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। एसीपी उपासना पाण्डेय की सक्रिय और सख्त कार्यशैली एक बार फिर सड़क पर देखने को मिली। फ्लैग मार्च के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता है कि सभी नागरिक भाईचारे और सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें। फ्लैग मार्च थाना कोतवाली नगर और विजयनगर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर निकाला गया।
इस दौरान पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ नजर आया। एसीपी ने रास्ते में व्यापारियों, स्थानीय लोगों और युवाओं से संवाद कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उपासना पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान माहौल खराब करने, अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है और भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फ्लैग मार्च के दौरान एसीपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित करना भी है।
एसीपी उपासना पाण्डेय की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में पहले से ही सख्त और सक्रिय अधिकारी की छवि बनी हुई है। बुधवार को हुए फ्लैग मार्च में भी उनका अनुशासन और सतर्कता साफ दिखाई दी। उन्होंने पुलिस टीम को लगातार अलर्ट रहने और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। फ्लैग मार्च के दौरान कई स्थानों पर लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की। स्थानीय नागरिकों का कहना था कि त्योहारों से पहले पुलिस की इस तरह की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है और असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बनता है। एसीपी उपासना पाण्डेय ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है और सभी लोगों को मिल-जुलकर इसे शांतिपूर्ण तरीके से मनाना चाहिए।
उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। गाजियाबाद पुलिस द्वारा त्योहार को लेकर लगातार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है, जबकि शांति और भाईचारा बनाए रखने वालों के लिए पुलिस हर समय साथ खड़ी है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


