दिल्ली-NCR के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ जैसे क्षेत्रों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इन इलाकों में धूलभरी आंधी के साथ हल्की बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान दृश्यता भी कम हो सकती है, जिससे सड़क और हाइवे पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है. अचानक तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, होर्डिंग्स और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने का भी खतरा बना हुआ है.
पश्चिमी यूपी में भी तेज हवाएं चलने के आसार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम का यही रुख देखने को मिलेगा. मोदीनगर, हापुड़, पिलखुवा, गढ़मुक्तेश्वर, बुलंदशहर, सिकंदराबाद और आसपास के क्षेत्रों में 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इन जगहों पर धूलभरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है. मौसम विभाग ने साफ कहा है कि इन इलाकों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, इसलिए लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है. किसानों और ग्रामीण इलाकों में काम कर रहे लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.
गरज-चमक और बारिश की स्थिति
उत्तर प्रदेश के अंदरूनी जिलों जैसे एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, टूंडला और शिकोहाबाद में भी मौसम का असर अगले कुछ घंटों में देखने को मिल सकता है. यहां 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की स्थिति बन सकती है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह सिस्टम स्थानीय स्तर पर तेजी से विकसित हो रहा है, जिससे अचानक मौसम का मिजाज बदल सकता है. इन जिलों में बिजली गिरने का खतरा ज्यादा माना जा रहा है, इसलिए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.
कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट
वहीं देश के कई अन्य हिस्सों में भी मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. ओडिशा के अनुगुल, देवगढ़, क्योंझर, मयूरभंज और सुंदरगढ़ जिलों में रेड अलर्ट के तहत 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं, भारी बारिश (15 मिमी प्रति घंटे से अधिक) और ओलावृष्टि की संभावना है. इसके अलावा तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज आंधी, मध्यम बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. IMD ने साफ कहा है कि यह मौसम सिस्टम अगले कुछ घंटों तक सक्रिय रहेगा और अचानक बदल सकता है, इसलिए लोग पूरी सतर्कता बरतें और मौसम सामान्य होने तक बाहर निकलने से बचें.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


