Image Slider

-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने किया निरीक्षण, दो सप्ताह में संचालन शुरू करने के निर्देश
-विद्यार्थियों को मिलेगा शांत अध्ययन माहौल, कंप्यूटर और इंटरनेट जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी उपलब्ध
-वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विशेष व्यवस्था, सीएसआर सहयोग से हाईटेक बनाई गई लाइब्रेरी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम शहर के विद्यार्थियों और पुस्तक प्रेमियों को बड़ी सौगात देने जा रहा है। स्कूलों में होने वाली गर्मी की छुट्टियों से पहले कंपनी बाग स्थित आधुनिक लाइब्रेरी को शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शुक्रवार को कंपनी बाग पहुंचकर लाइब्रेरी का निरीक्षण किया और वहां विद्यार्थियों तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी दो सप्ताह के भीतर लाइब्रेरी का संचालन शुरू कर दिया जाए, ताकि जून माह से विद्यार्थी यहां आकर अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था, कंप्यूटर सुविधा, इंटरनेट कनेक्टिविटी, शुद्ध एवं शीतल पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और पुस्तकों के रखरखाव की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी को ऐसा वातावरण दिया जाए, जहां विद्यार्थी पूरी शांति और एकाग्रता के साथ अध्ययन कर सकें। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि जून माह में स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही बड़ी संख्या में विद्यार्थी लाइब्रेरी का रुख करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने कंपनी बाग की लाइब्रेरी को समय से पहले तैयार करने की योजना बनाई है।

उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी केवल किताबें पढऩे का स्थान नहीं होगी, बल्कि आधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित की जा रही है, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के सहयोग से लाइब्रेरी को हाईटेक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर और इंटरनेट की व्यवस्था की गई है, जिससे वे ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और डिजिटल संसाधनों का भी उपयोग कर सकेंगे। नगर आयुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा का महत्व तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए लाइब्रेरी को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने प्रभारी नजारत डॉ. अनुज को निर्देश दिए कि लाइब्रेरी संचालन से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएं।

उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी की नियमावली तैयार करने का कार्य भी तेजी से किया जाए, ताकि संचालन शुरू होने के बाद विद्यार्थियों और अन्य आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि कंपनी बाग की यह लाइब्रेरी केवल विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी उपयोगी साबित होगी। वरिष्ठ नागरिक यहां अपने समय का सदुपयोग कर सकेंगे। इसके लिए अलग से बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि बुजुर्ग आरामदायक वातावरण में पढऩे और समय बिताने का आनंद ले सकें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि शहर में सकारात्मक और ज्ञानवर्धक माहौल तैयार करना भी है। आधुनिक लाइब्रेरी युवाओं को बेहतर दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और उन्हें पढ़ाई के लिए एक शांत एवं प्रेरणादायक वातावरण मिलेगा। शहर के विद्यार्थियों और अभिभावकों ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत किया है।

उनका कहना है कि वर्तमान समय में शांत और व्यवस्थित अध्ययन केंद्रों की बेहद आवश्यकता है। ऐसे में कंपनी बाग की हाईटेक लाइब्रेरी विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र विशेष रूप से इस सुविधा से लाभान्वित होंगे। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी और अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नगर आयुक्त को लाइब्रेरी में चल रहे कार्यों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। नगर निगम प्रशासन का दावा है कि सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं और जल्द ही शहरवासियों को एक आधुनिक और सुविधायुक्त लाइब्रेरी की सौगात मिलेगी। कंपनी बाग स्थित यह लाइब्रेरी आने वाले समय में गाजियाबाद के विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों और पुस्तक प्रेमियों के लिए ज्ञान का प्रमुख केंद्र बनने जा रही है। नगर निगम की इस पहल को शिक्षा और सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||