Image Slider

-गर्मी से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ाए जा रहे राहत इंतजाम
-नवयुग मार्केट और हापुर चुंगी चौराहे पर वाहन चालकों व राहगीरों को मिली बड़ी राहत
-अन्य व्यस्त चौराहों पर भी ग्रीन नेट लगाने की तैयारी, नगर आयुक्त ने तेज किए कार्य

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। बढ़ती गर्मी और लगातार चढ़ते तापमान के बीच आम नागरिकों को राहत देने के लिए नगर निगम ने अब सड़कों और ट्रैफिक चौराहों पर भी विशेष व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। तेज धूप में ट्रैफिक सिग्नलों पर खड़े रहने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को राहत देने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा प्रमुख रेड लाइटों पर ग्रीन नेट लगाने की पहल की जा रही है। इस क्रम में सिटी जोन के अंतर्गत नवयुग मार्केट रेड लाइट पर लगभग 30 मीटर लंबी ग्रीन नेट स्थापित कर दी गई है, जिससे लोगों को सीधे धूप से बचाव मिल रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर नगर निगम गर्मी से राहत देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रहा है। शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पानी के प्याऊ स्थापित किए जा रहे हैं ताकि राहगीरों को पेयजल की सुविधा मिल सके। इसी कड़ी में ट्रैफिक सिग्नलों पर छांव उपलब्ध कराने की योजना को भी प्राथमिकता दी गई है। नगर निगम निर्माण विभाग द्वारा कवि नगर जोन अंतर्गत हापुर चुंगी रेड लाइट पर सबसे पहले ग्रीन नेट लगाई गई थी।

वहां सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद इस व्यवस्था को नवयुग मार्केट चौराहे तक विस्तारित किया गया। नवयुग मार्केट रेड लाइट शहर के अत्यंत व्यस्त चौराहों में शामिल है, जहां से हापुड़, मेरठ और दिल्ली की ओर भारी यातायात गुजरता है। ऐसे में यहां ग्रीन नेट लगाए जाने से बड़ी संख्या में वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को राहत मिल रही है। मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि गर्मी के मौसम में ट्रैफिक सिग्नलों पर खड़े लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबे समय तक तेज धूप में खड़े रहने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने स्थायी स्ट्रक्चर के साथ ग्रीन नेट लगाने का कार्य प्रारंभ किया है। नवयुग मार्केट रेड लाइट पर ठाकुरद्वारा जाने वाले मार्ग तथा ठाकुरद्वारा से आने वाले मार्ग दोनों ओर ग्रीन नेट स्थापित की गई है ताकि दोनों दिशाओं से आने-जाने वाले वाहन चालक छांव में रुक सकें। नगर आयुक्त ने स्वयं स्थल का निरीक्षण करते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए थे।

अधिकारियों के अनुसार निर्देश मिलते ही निर्माण विभाग की टीम ने तेजी से कार्य करते हुए ग्रीन नेट लगाने का कार्य तत्काल प्रभाव से पूरा कराया। अब रेड लाइट पर रुकने वाले वाहन चालक धूप की बजाय छांव में खड़े होकर ग्रीन सिग्नल का इंतजार कर पा रहे हैं। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का सकारात्मक प्रभाव ट्रैफिक व्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है। पहले तेज धूप के कारण कई वाहन चालक रेड लाइट पर रुकने से बचते थे या जल्दबाजी में सिग्नल तोड़ देते थे, लेकिन अब छांव मिलने से लोग आराम से सिग्नल का पालन कर रहे हैं। इससे सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन दोनों को मजबूती मिली है। नगर निगम द्वारा भविष्य में शहर के अन्य व्यस्त चौराहों और रेड लाइटों का सर्वे कराया जा रहा है।

जहां आवश्यकता महसूस होगी वहां ग्रीन नेट लगाने की योजना लागू की जाएगी। साथ ही गर्मी से राहत के लिए पेयजल व्यवस्था, सार्वजनिक स्थानों पर छायादार इंतजाम और जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में भी काम जारी रहेगा। भीषण गर्मी के बीच नगर निगम की यह पहल आम नागरिकों के लिए राहतभरी साबित हो रही है। शहरवासियों ने भी इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि ट्रैफिक सिग्नलों पर छांव मिलने से अब सफर पहले की तुलना में अधिक सहज और सुरक्षित महसूस हो रहा है। आने वाले दिनों में यदि यह व्यवस्था अन्य चौराहों तक पहुंचती है तो गर्मी के मौसम में लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||