मुरादनगर। जलालाबाद गांव मार्ग गंगनहर पटरी पर रविवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार दो छात्रों को कुचल दिया। हादसे में कक्षा चार के छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरे छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
थानाक्षेत्र भोजपुर के बढ़ायला गांव निवासी मोहित तोमर ने बताया कि वह स्कूटी से अपने बेटे सिद्धार्थ (11) और भतीजे मयंक तोमर (15) पुत्र देवेन्द्र के साथ रविवार दोपहर मुरादनगर गंगनहर में नहाने गए थे। वह गंगनहर से नहाकर वापस अपने गांव जा रहे थे। जलालाबाद मार्ग पर रेलवे पुल से करीब एक किमी आगे पहुंचे तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार दोनों बच्चे दूर जा गिरे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सिद्धार्थ व मयंक तोमर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सिद्धार्थ को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि मयंक की हालत गंभीर बनी हुई है। मोहित कुमार ने बताया कि सिद्धार्थ कक्षा चार का छात्र था। जबकि मयंक कक्षा दस में पढ़ता है। एसीपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
पापा जन्मदिन पर साइकिल दिला देना…
सिद्धार्थ का 20 जुलाई को जन्मदिन था। वह कई दिनों से अपने पिता से साइकिल दिलाने की जिद कर रहा था। मां मीनू का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे को याद कर वह बार-बार बेहोश हो रही है। दरवाजे की ओर टकटकी लगाए बैठी मां को अब भी लगता है कि सिद्धार्थ दौड़ता हुआ आएगा और कहेगा मम्म मैं खेल के आ गया भूख लगी है, खाना दो लेकिन इस बार दरवाजा खामोश है और घर में सिर्फ चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है।
तीन दिन में तीन मौतें, सड़कों पर बिछ गई मातम की चादर
मुरादनगर। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। बीते तीन दिनों में अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। किसी घर का बेटा छिन गया तो कहीं परिवार का सहारा हमेशा के लिए टूट गया।
रविवार 17 मई को जलालाबाद मार्ग पर कैंटर की टक्कर में सिद्धार्थ (11) की मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। जन्मदिन से पहले मासूम की मौत से परिवार बदहवास है। मां की आंखें अब भी बेटे के लौटने का इंतजार कर रही हैं। 16 मई को पाइपलाइन मार्ग पर शहजादपुर गांव मार्ग चौराहा पर बाइक व स्कूटी की टक्कर में स्कूटी सवार अभिषेक निवासी जानी खुर्द मेरठ की मौत हो गई जबकि 15 मई को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर मिल्कचाकर गांव के पास हादसे में बाइक सवार अजीम अंसारी निवासी इंद्रापूरी लक्ष्मी गार्डन लोनी की मौत हो गई। लगातार बढ़ रहे हादसों से लोगों में डर और आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाही के कारण सड़कें जानलेवा बनती जा रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है।