Image Slider

गाजियाबाद। तीनों जोन के सभी एक्सईएन, एसडीओ के कार्यालय में शुक्रवार से ढाई लाख उपभोक्ताओं के यहां लगे स्मार्ट मीटर की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर शुरू हो गया। पहले दिन शिविर में स्मार्ट मीटर से जुड़ी ज्यादा शिकायतें नहीं आईं। अधिकांश लोग नंबर अपडेट कराने पहुंचे। जिन लोगाें ने ज्यादा बिल आने की शिकायत दर्ज कराई, उनके यहां चेक मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू कराई गई।

सुबह दस से शाम पांच बजे तक लगे शिविर में तीनों जोन के सभी कार्यालयों में 77 शिकायतें आईं। इसमें 14 शिकायतें ज्यादा बिल आने और शेष शिकायतें नंबर अपडेट की थीं। जोन एक के मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि ज्यादा बिल आने को लेकर कुछ उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति है। उनके पिछले बिलों से वर्तमान के बिल का मिलान कराया गया। जो उपभोक्ता संतुष्ट नहीं हैं, उनके यहां चेक मीटर लगाया गया है।

यह रहा एसडीओ, एक्सईएन कार्यालय का हाल :

नेहरूनगर स्थित एसडीओ सुनील कटारिया कार्यालय में सुबह दस बजे ही शिविर शुरू हो गया। एसडीओ शिकायत सुनने के लिए मौजूद रहे। शाम तक एक शिकायत ज्यादा बिल आने की और चार लोग अपने नंबर अपडेट कराने की शिकायत लेकर पहुंचे। एसडीओ ने बताया कि अगले डेढ़ माह तक शिविर चलेगा। अब नए बिल निकलने के बाद लोग शिविर में पहुंचेंगे। कविनगर स्काडा सेंटर में चार शिकायतें आईं। जिसमें एक भी शिकायत ज्यादा बिल आने की नहीं थी। एसडीओ नितिन कुमार शिकायत सुनने के लिए मौजूद रहे।

-मुख्य अभियंता ने लिया जायजा

मुरादनगर स्थित एसडीओ कार्यालय में दोपहर को मुख्य अभियंता नरेश भारती व अधीक्षण अभियंता महेश उपाध्याय जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होेंने उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनीं। नरेश भारती ने बताया कि कम ही लोग शिकायत लेकर पहुंचे। फिलहाल व्यवस्था पोस्टपेड हो चुकी है। इन उपभोक्ताओं के बिल अगले महीने की 10 जून तक जारी होंगे। इसलिए शिकायतें भी 10 जून के बाद बढ़ने की उम्मीद है।

पोस्टपेड या प्रीपेड नहीं मिल रही जानकारी

मोदीनगर के गोविंदपुरी स्थित एसडीओ कार्यालय पर एसडीओ नरेंद्र कुमार ने शिविर में लोगों की शिकायतें सुनीं। नरेंद्र कुमार ने बताया कि शाम तक पांच शिकायतें आईं। चार शिकायतें नंबर अपडेट की हैं, उनके नंबर अपडेट कराए गए। एक शिकायत ऐसी थी जिसमें उपभोक्ता ने पोस्टपेड या प्रीपेड की जानकारी नहीं मिल पाने की बात बताई। उनका भी रिकॉर्ड दिखवाकर समस्या का समाधान कराया गया।

शालीमार गार्डन स्थित बिजली घर में बिजली समाधान शिविर में शिकायत लेकर पहुंचे उपभोक्ता। संवाद

शालीमार गार्डन स्थित बिजली घर में बिजली समाधान शिविर में शिकायत लेकर पहुंचे उपभोक्ता। संवाद

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||