Image Slider

चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में जोसेफ विजय उर्फ थलापति विजय ने मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही बड़े फैसलों की झड़ी लगानी शुरू कर दी है. उनकी सरकार ने न केवल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की ओर कदम बढ़ाए हैं, बल्कि सामाजिक सुधार के लिए कड़े फैसले भी लिए हैं.

मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं को मिलने वाली 1,000 रुपये की मासिक सहायता राशि में कोई रुकावट नहीं आएगी. सचिवालय में वित्त सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि यह राशि तुरंत लाभार्थियों के खातों में भेजी जाए.

तमिलनाडु वेत्री कषगम (TVK) ने चुनाव से पहले इस राशि को 2,500 रुपये करने का वादा किया था. सरकार का लक्ष्य है कि जब तक इस बढ़ी हुई राशि को लागू करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक पुरानी 1,000 रुपये की किस्त निर्बाध रूप से जारी रहे.

शराब की 717 दुकानें कराई बंद

मुख्यमंत्री का पदभार संभालते ही विजय ने राज्य के स्वास्थ्य और सामाजिक परिवेश को सुधारने के लिए कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने राज्य भर में मंदिरों, स्कूलों, कॉलेजों और बस स्टैंडों के पास स्थित 717 TASMAC शराब की दुकानों को बंद करने का ऐतिहासिक आदेश दिया है.

मुख्यमंत्री की ओर से कराए गए एक विशेष सर्वेक्षण में पाया गया कि ये दुकानें निर्धारित दूरी के नियमों का उल्लंघन कर रही थीं. अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि शिक्षण संस्थानों और पूजा स्थलों के 500 मीटर के दायरे में आने वाली इन दुकानों को दो सप्ताह के भीतर हटा दिया जाए.

जनता की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता

बंद किए जाने वाले आउटलेट्स में 276 मंदिर-मस्जिदों के पास, 186 स्कूलों के पास और 255 बस स्टैंडों के पास स्थित हैं. हालांकि TASMAC तमिलनाडु के राजस्व का एक बहुत बड़ा स्रोत है, फिर भी मुख्यमंत्री विजय ने राजस्व के बजाय जनहित को प्राथमिकता दी है. उन्होंने इसे “आम लोगों की सरकार” बताया है, जो सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों पर चलेगी.

विधानसभा में विजय का ‘शक्ति प्रदर्शन’

राजनीतिक गलियारों में विजय की सरकार ने अपनी मजबूती साबित कर दी है. विधानसभा में हुए फ्लोर टेस्ट में सरकार ने 144 वोटों के साथ शानदार जीत दर्ज की. बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत थी, लेकिन कांग्रेस, वामपंथी दलों, VCK और IUML के समर्थन ने विजय की राह आसान कर दी.

हैरानी की बात यह रही कि विपक्षी दल AIADMK के कुछ विधायकों ने भी पार्टी लाइन से हटकर विजय के पक्ष में मतदान किया. मुख्यमंत्री ने सदन में उन सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उनकी लोकतांत्रिक सरकार पर भरोसा जताया.

‘व्हिसल क्रांति’ का उदय

राजनीति में TVK का सफर किसी चमत्कार से कम नहीं रहा है. मुख्यमंत्री विजय ने इसे व्हिसल क्रांति का नाम दिया है. पार्टी की स्थापना के मात्र तीन साल के भीतर TVK ने 34.92% वोट शेयर हासिल कर सबको चौंका दिया है. विजय ने भरोसा दिलाया है कि उनकी सरकार एक पारदर्शी और जन-हितैषी प्रशासन देगी, जो राज्य के हर नागरिक के हक के लिए खड़ा होगा.

तमिलनाडु में आए इस राजनीतिक बदलाव ने यह संकेत दे दिया है कि ‘मुख्यमंत्री विजय’ अब केवल सिनेमाई पर्दे के हीरो नहीं, बल्कि धरातल पर बदलाव लाने वाले राजनेता के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||