-समन्वय से काम करें अधिकारी, समस्याएं तुरंत सुलझाएं: नगर आयुक्त
-नगर निगम मुख्यालय में समीक्षा बैठक, सभी विभागों की कार्यप्रणाली की गहन पड़ताल
-311 ऐप, आईजीआरएस, सोशल मीडिया व कॉल सेंटर शिकायतों पर अधिकारियों से जवाब तलब
-औपचारिक नहीं, स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश- मॉनिटरिंग व्यवस्था होगी मजबूत
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित टीमों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर में प्राप्त होने वाली शिकायतों की स्थिति, उनके समाधान की गुणवत्ता तथा विभागों के आपसी समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं का समाधान नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में जलकल, निर्माण, स्वास्थ्य, उद्यान, संपत्ति, प्रकाश एवं टैक्स विभाग सहित अन्य शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की गई। 311 एप्लीकेशन, आईजीआरएस पोर्टल, कॉल सेंटर, सोशल मीडिया तथा सीयूजी नंबर पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति पर विशेष रूप से अधिकारियों से जवाब तलब किया गया। नगर आयुक्त ने जलकल, निर्माण एवं स्वास्थ्य विभाग को मॉनिटरिंग व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण नहीं बल्कि गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्य मार्गों को धूल मुक्त बनाए रखने, सड़कों के किनारे प्रतिदिन जमा होने वाली धूल हटाने तथा सफाई व्यवस्था को नियमित रूप से मॉनिटर करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में पार्कों की साफ-सफाई, फुटपाथों की मरम्मत तथा वार्ड स्तर पर विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि शिकायतों के समाधान के दौरान स्थलीय निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए और शिकायतकर्ता से संतुष्टि फीडबैक लेना भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन किया जा सके। जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के फोन कॉल अनिवार्य रूप से अटेंड करने के निर्देश देते हुए नगर आयुक्त ने कहा कि यदि किसी कारणवश कॉल रिसीव न हो सके तो कॉल बैक करना अनिवार्य होगा।
कॉल न उठाने संबंधी शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई। विशेष रूप से सभी विभागों के अवर अभियंताओं को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के सख्त निर्देश दिए गए। बैठक में अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं समस्त जोनल प्रभारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने अंत में कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नगर निगम का लक्ष्य है और इसके लिए जवाबदेह एवं संवेदनशील कार्यशैली अपनाना आवश्यक है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||




