Image Slider

Tamilnadu CM Vijay Oath LIVE: तमिलनाडु की राजनीति आज ऐतिहासिक मोड़ पर खड़ी है. तमिलगा वेत्री कज़गम (TVK) प्रमुख विजय आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. 1967 के बाद यह पहला मौका होगा जब द्रविड़ मुनेत्र कज़गम (DMK) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कज़गम (AIADMK) के बाहर का कोई नेता राज्य की सत्ता संभालेगा. विजय की पार्टी ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सबको चौंका दिया. हालांकि बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों से वह पीछे रह गई थी, लेकिन कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और अन्य दलों के समर्थन से आंकड़ा 120 तक पहुंच गया. शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शामिल होने की भी चर्चा है. इससे इस नई सरकार को राष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है. शपथ ग्रहण समारोह 10 मई को सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा.

सरकार गठन से पहले चेन्नई में पूरे दिन राजनीतिक हलचल तेज रही. विजय ने राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया. बताया जा रहा है कि राज्यपाल ने अपना केरल दौरा तक रद्द कर दिया ताकि सरकार गठन की प्रक्रिया पूरी हो सके. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और माकपा ने औपचारिक समर्थन पत्र सौंप दिए हैं. कांग्रेस ने भी समर्थन दिया है, लेकिन पार्टी सरकार में शामिल होकर मंत्री पद चाहती है. वहीं विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK) की ओर से डिप्टी सीएम पद की मांग ने सस्पेंस बढ़ा दिया है. दूसरी तरफ इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने TVK को समर्थन देने की खबरों से साफ इनकार कर दिया और खुद को DMK गठबंधन के साथ बताया.

तमिलगा वेत्री कज़गम (TVK) ने अपने दम पर 108 सीटें जीतकर तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर किया. इसके बाद कांग्रेस के 5 विधायक, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और माकपा के 2-2 विधायक तथा विदुथलाई चिरुथिगल काची के 2 विधायकों के समर्थन से विजय बहुमत के आंकड़े तक पहुंचे. हालांकि VCK प्रमुख थोल. थिरुमावलवन की ओर से डिप्टी सीएम और कैबिनेट में हिस्सेदारी की मांग ने बातचीत को और पेचीदा बना दिया है. वाम दलों ने साफ कहा है कि वे बाहर से समर्थन देंगे और किसी मंत्री पद की मांग नहीं करेंगे. अब सबकी नजर आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह और उसके बाद बनने वाले मंत्रिमंडल पर टिकी है.

Tamilnadu CM Vijay Oath LIVE: ओडिशा के सैंड आर्टिस्ट ने विजय को दी बधाई, पुरी बीच पर बनाई खास कलाकृति

Tamilnadu CM Oath Live: सुदर्शन पटनायक ने तमिलनाडु के मनोनीत मुख्यमंत्री विजय के शपथग्रहण से पहले ओडिशा के पुरी बीच पर विशेष सैंड आर्ट बनाकर उन्हें बधाई दी. तमिलगा वेत्री कगज़म (TVK) प्रमुख विजय के सम्मान में बनाई गई इस कलाकृति को लेकर बीच पर लोगों की भीड़ भी देखने को मिली.

(फोटो PTI)

Tamilnadu CM Oath Live: विजय के शपथग्रहण से पहले चेन्नई के नेहरू स्टेडियम के बाहर उमड़ी भीड़

Vijay CM Oath LIVE: तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में विजय के शपथग्रहण समारोह से पहले रविवार सुबह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जुटने लगी. न्यूज एजेंसी ANI द्वारा साझा किए गए वीडियो में समर्थकों को सुबह से ही समारोह स्थल पहुंचते देखा गया. सुबह करीब 10 बजे होने वाले शपथग्रहण कार्यक्रम से पहले पूरे स्टेडियम को सजाया गया है और तमिलगा वेत्री कज़गम (TVK) की नई सरकार के औपचारिक गठन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं.

Vijay CM Oath LIVE: विजय के चेन्नई स्थित आवास पर बढ़ाई गई सुरक्षा

Tamilnadu CM Oath Live: तमिलनाडु के मनोनीत मुख्यमंत्री विजय के चेन्नई स्थित आवास के बाहर रविवार सुबह भारी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली. तमिलगा वेत्री कज़गम (TVK) को सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन मिलने के बाद विजय आज सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं.

Tamilnadu CM Oath Live विजय की पहली कैबिनेट में इन नेताओं को मिल सकती है जगह

Vijay CM Oath LIVE: विजय के नेतृत्व वाली तमिलनाडु की पहली कैबिनेट में तमिलगा वेत्री कज़गम (TVK) के कई वरिष्ठ नेताओं को जगह मिल सकती है. चर्चाओं से जुड़े सूत्रों के मुताबिक केए सेंगोट्टैयन, सीटीआर निर्मल कुमार, एन आनंद, केजी अरुणराज, आधव अर्जुना और राजमोहन को मंत्री पद मिल सकता है. वहीं कांग्रेस के एक विधायक को भी कैबिनेट में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है.

Tamilnadu CM Vijay Oath LIVE: शन्मुगम गुट का बड़ा दांव, ‘असली AIADMK’ होने का दावा

Tamilnadu CM Oath Live: EPS के पोस्ट के कुछ घंटों बाद ही शन्मुगम के घर पर 35 से ज्यादा विधायक रणनीति बैठक के लिए जुट गए. सूत्रों का कहना है कि बागी विधायक विश्वास मत के दौरान विजय का समर्थन कर सकते हैं और विधानसभा के भीतर खुद को ‘असली AIADMK’ के रूप में पेश करने की तैयारी कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि शन्मुगम AIADMK विधायक दल के नेता का पद हासिल करना चाहते हैं. वहीं एक अन्य सूत्र के अनुसार शन्मुगम ने EPS पर आरोप लगाया कि उन्होंने चुनाव में तीसरे स्थान पर आने के बाद उदयनिधि स्टालिन के जरिए DMK का समर्थन मांगकर पार्टी मतदाताओं के साथ ‘विश्वासघात’ किया. खबर यह भी है कि एमके स्टालिन ने सहयोगी दलों के साथ चर्चा में AIADMK को समर्थन देने की संभावना पर भी विचार किया था.

Vijay CM Oath LIVE: विजय और DMK के बीच फंसी AIADMK की रणनीति

Tamilnadu CM Oath Live: तमिलनाडु में त्रिशंकु जनादेश के बीच AIADMK के भीतर सत्ता समीकरणों को लेकर भी खींचतान तेज हो गई. सूत्रों के मुताबिक सी वी शन्मुगम और पूर्व मंत्री एस पी वेलुमणि ने बहुमत से दूर दिख रही विजय की तमिलगा वेत्री कजगम (TVK) के साथ चुनाव बाद गठबंधन की संभावनाएं टटोली थीं. वहीं दूसरी ओर EPS कथित तौर पर द्रविड़ मुनेत्र कज़गम (DMK) का समर्थन हासिल करने की कोशिश में जुटे थे. पुडुचेरी रिसॉर्ट से विधायकों की वापसी के बाद EPS ने बंद कमरे में बैठक की और फिर X पर ‘सरकार बनाने वाली पार्टी’ को बधाई देने वाला रहस्यमयी पोस्ट किया, जिससे DMK समर्थन की कोशिशों के फेल होने की अटकलें तेज हो गईं.

Tamilnadu CM Oath Live: AIADMK में बगावत, EPS के खिलाफ 36 विधायक एकजुट

Vijay CM Oath LIVE: अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कज़गम (AIADMK) में चुनावी झटके के बाद अब खुली बगावत शुरू हो गई है. पूर्व मंत्री सी वी शन्मुगम ने 36 नवनिर्वाचित विधायकों को साथ लेकर पार्टी महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी यानी EPS के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. बागी खेमे का आरोप है कि EPS पार्टी हित से ज्यादा ‘अपने स्वार्थ’ के लिए फैसले ले रहे हैं और एकतरफा तरीके से AIADMK चला रहे हैं. NDA के साथ चुनाव लड़ने वाली AIADMK को 47 सीटें मिली थीं, जबकि पूरे गठबंधन का आंकड़ा 53 तक पहुंचा. अब बागी नेता सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने अगले कदम का ऐलान करने की तैयारी में हैं.

Tamilnadu CM Vijay Oath LIVE: राहुल गांधी-विजय की 17 साल पुरानी दोस्ती बनी TVK-कांग्रेस गठबंधन की ‘फेविकोल’

Tamilnadu CM Oath Live: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के बाद राज्य में राजनीतिक संकट की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन कांग्रेस ने बिना ज्यादा देरी किए तमिलगा वेत्री कज़गम (TVK) को समर्थन दे दिया. बाहर से देखने पर यह फैसला अचानक लिया गया राजनीतिक कदम लग सकता है, लेकिन राजनीतिक जानकारों के मुताबिक इसकी नींव वर्षों पहले रखी जा चुकी थी. दरअसल राहुल गांधी और विजय के बीच करीब 17 साल पुरानी करीबी और वैचारिक तालमेल इस गठबंधन की सबसे बड़ी कड़ी मानी जा रही है. दोनों नेताओं की पहली मुलाकात साल 2009 में हुई थी और तभी से उनके बीच संवाद और समझ का रिश्ता विकसित हुआ, जिसने आज तमिलनाडु की सत्ता की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाई.

पढ़ें पूरी खबर-17 साल पुरानी ‘सीक्रेट’ मुलाकात और एक फोन कॉल… कैसे राहुल गांधी और ‘थलापति’ विजय की दोस्ती ने पलट दी तमिलनाडु की सियासत?

Vijay CM Oath LIVE: आज सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में CM पद की शपथ लेंगे विजय

Tamilnadu CM Oath Live: विजय आज तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं. राजेंद्र अर्लेकर ने शनिवार को तमिलगा वेत्री कज़गम प्रमुख विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया और 13 मई से पहले विधानसभा में बहुमत साबित करने को कहा है. शपथ ग्रहण समारोह 10 मई को सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा.

Tamilnadu CM Oath Live: कांग्रेस-टीवीके गठजोड़ से INDIA ब्लॉक में दरार नहीं: संजय राउत

Vijay CM Oath LIVE: संजय राउत ने कहा है कि तमिलनाडु में कांग्रेस द्वारा तमिलगा वेत्री कज़गम (TVK) को समर्थन देने के बावजूद विपक्षी INDIA गठबंधन में कोई दरार नहीं आई है. गौरतलब है कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव DMK के साथ मिलकर लड़ा था, लेकिन सरकार गठन के दौरान उसने विजय की पार्टी का समर्थन किया. इस बीच द्रविड़ मुनेत्र कज़गम (DMK) ने लोकसभा में अपने सांसदों की सीटिंग व्यवस्था बदलने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस के साथ उसका गठबंधन खत्म हो चुका है. हालांकि राउत ने भरोसा जताया कि INDIA गठबंधन एकजुट रहेगा और लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ेगा.

Tamilnadu CM Vijay Oath LIVE: तमिलनाडु में इतिहास रचने जा रहे विजय, आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

Tamilnadu CM Oath Live: विजय आज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. तमिलगा वेत्री कज़गम की चुनावी राजनीति में पहली ही एंट्री सरकार गठन तक पहुंच गई, जो छोटे दलों के साथ लंबे दौर की बातचीत के बाद संभव हो सकी. इन दलों का मकसद राज्य की सत्ता के समीकरण से बीजेपी और एआईएडीएमके को दूर रखना बताया जा रहा है. शपथ लेने के बाद विजय 1967 के बाद तमिलनाडु में डीएमके और एआईएडीएमके खेमे से बाहर के पहले नेता बन जाएंगे, जो राज्य की सत्ता संभालेंगे.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||