Last Updated:
Make Fruit Fly Trap at Home: फल तैयार होने के बाद उनमें कीड़े लग जाना किसानों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बन जाता है. खासकर आम, अमरूद और दूसरे फलों की खेती करने वाले किसान इससे काफी नुकसान झेलते हैं. लेकिन अब किसान भाइयों को महंगे उपकरण खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आप सिर्फ खाली पानी या कोल्ड ड्रिंक की बोतल और 15 रुपये की छोटी सी चीज से ट्रैप बना सकते हैं, जिससे सैकड़ों फल छेदक मक्खियां आसानी से फंस जाएंगी. इस आसान तरीके से किसान अपने फलों को खराब होने से बचाकर अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं.
बहराइच: फलों की खेती करने वाले किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या फल छेदक कीट और मक्खियों की रहती है. कई बार जब आम, अमरूद या दूसरे फल पककर तैयार होते हैं, तभी उनमें कीड़े लग जाते हैं. इससे फलों की क्वालिटी खराब हो जाती है और बाजार में सही दाम नहीं मिल पाते. लेकिन, अब किसानों को इस परेशानी से बचने के लिए ज्यादा खर्च करने की जरूरत नहीं है. खाली पानी या कोल्ड ड्रिंक की बोतल से किसान आसानी से ऐसा जुगाड़ तैयार कर सकते हैं, जिससे फल छेदक मक्खियां खुद फंस जाएंगी और फसल सुरक्षित रहेगी.
खाली बोतल से ऐसे तैयार करें ट्रैप
बहराइच के उप उद्यान निरीक्षक पंकज वर्मा ने बताया कि बाजार में कई तरह के फ्रूट फ्लाई ट्रैप मिलते हैं. इनकी कीमत 100 रुपये से लेकर हजारों रुपये तक होती है. कई छोटे किसान महंगे ट्रैप नहीं खरीद पाते.
ऐसे में किसान घर पर ही कम खर्च में यह ट्रैप तैयार कर सकते हैं. इसके लिए 1 लीटर की खाली पानी की बोतल या आधा लीटर की कोल्ड ड्रिंक की बोतल लेनी होगी. इसके बाद बोतल के ऊपरी हिस्से में दाएं और बाएं तरफ करीब 2 सेंटीमीटर के दो छेद करने होते हैं. फिर ढक्कन में छोटा सा छेद करके उसमें रस्सी बांधनी होती है.
लियोर की गंध से फंस जाती हैं मक्खियां
पंकज वर्मा ने बताया कि बोतल के अंदर लियोर नाम का पदार्थ लगाया जाता है. इसकी गंध से फल छेदक मक्खियां तेजी से आकर्षित होती हैं. मक्खियां बोतल में बने छेद से अंदर चली जाती हैं, लेकिन बाहर नहीं निकल पातीं और वहीं फंस जाती हैं. सुबह से शाम तक सैकड़ों की संख्या में मक्खियां इस ट्रैप में फंस जाती हैं. इससे फलों को नुकसान पहुंचाने वाले कीट काफी हद तक कम हो जाते हैं और फसल सुरक्षित रहती है.
उन्होंने बताया कि अगर किसान एक बीघा बाग में इस जुगाड़ का इस्तेमाल करते हैं तो 5 से 10 बोतल काफी रहती हैं. अगर किसान 10 ट्रैप तैयार करते हैं तो कुल खर्च करीब 150 रुपये तक आता है. क्योंकि बोतल तो घर में ही मिल जाती है, सिर्फ बाजार से लियोर खरीदना पड़ता है.
70 से 80 प्रतिशत तक बच जाते हैं फल
कृषि विभाग के अनुसार इस तरीके को अपनाने से 70 से 80 प्रतिशत तक फल सुरक्षित बच सकते हैं. इससे किसानों को बाजार में अच्छी कीमत मिलती है और नुकसान भी कम होता है. सबसे अच्छी बात यह है कि यह तरीका बेहद आसान, सस्ता और हर किसान के लिए फायदेमंद है. यही वजह है कि अब किसान खाली बोतलों को फेंकने की बजाय उनका इस्तेमाल फसल बचाने में कर रहे हैं.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



