-पश्चिम बंगाल में प्रचंड जीत और असम-पुडुचेरी में सरकार वापसी पर कार्यकर्ताओं में उत्साह
-पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने जताई खुशी
-जनता के विश्वास और विकास नीतियों की जीत बताया गया चुनाव परिणाम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वैशाली सेक्टर-1 वार्ड-72 में भारतीय जनता पार्टी की चुनावी सफलता को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। पश्चिम बंगाल में प्रचंड जीत तथा असम और पुडुचेरी में दोबारा सरकार बनने की खुशी में क्षेत्रवासियों ने मिठाई एवं झालमुड़ी बांटकर विजय उत्सव मनाया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी एवं पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और उत्साह के साथ जश्न मनाया। क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और लोगों में खासा जोश दिखाई दिया। स्थानीय नागरिकों ने इस जीत को राष्ट्रहित की नीतियों और मजबूत नेतृत्व की स्वीकृति बताया। इस अवसर पर डॉ. मनोज गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि देश की जनता विकास, सुरक्षा और स्थिर शासन चाहती है और हालिया चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि लोग सकारात्मक राजनीति और विकास की विचारधारा के साथ खड़े हैं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। यही कारण है कि जनता लगातार पार्टी पर भरोसा जता रही है। डॉ. गोयल ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनता के सहयोग से पार्टी लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ समाज सेवा एवं जनहित कार्यों में जुटे रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने देश की प्रगति और विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। विजय उत्सव ने क्षेत्र में सामाजिक एकता और राजनीतिक उत्साह का संदेश देते हुए माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


