-सत्य सांई ऑडिटोरियम में जुटे 800 से अधिक लोग, समाजसेवियों को महाराजा अग्रसेन अवार्ड से सम्मान
– वृद्धाश्रम, अनाथ सेवा और गौशाला संचालन के संकल्प को मिली नई ऊर्जा
-सुरों की महफिल में समाज सेवा का संदेश, देशभर में विस्तार का संकल्प
उदय भूमि संवाददाता
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्री सत्य सांई ऑडिटोरियम, प्रगति विहार में रविवार शाम एक यादगार और भव्य संगीतमय कार्यक्रम ‘मधुर गीतों भरी शाम’ का आयोजन वीरलेश संसार संस्था द्वारा किया गया। सांस्कृतिक और सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस विशेष कार्यक्रम में लगभग 800 से 900 लोगों ने भाग लेकर संगीत, सेवा और संस्कारों से ओत-प्रोत वातावरण का आनंद लिया। कार्यक्रम केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज सेवा, धर्म कार्य और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता का सशक्त मंच भी बना। आयोजन के दौरान दिल्ली एवं आसपास क्षेत्रों में धर्म और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय अग्रवाल समाज के प्रतिष्ठित लोगों को ‘महाराजा अग्रसेन अवार्ड’ देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में कारगिल युद्ध के वीर योद्धा कैप्टन अखिलेश सक्सेना विशेष आकर्षण रहे। इसके अलावा तराना परिवार गाजियाबाद, आरके गुप्ता एंड कंपनी, समाजसेवी सुनील कपूर तथा अग्रवाल समाज दिल्ली के कई प्रमुख व्यक्तित्वों को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने समाज सेवा के प्रति समर्पित व्यक्तियों का जोरदार तालियों से अभिनंदन किया।
संस्था के संस्थापक अरविंद सक्सेना ने अपने संबोधन में संस्था की स्थापना के पीछे की प्रेरणा साझा करते हुए बताया कि लगभग 40 वर्ष पूर्व उन्होंने एक ऐसी संस्था की कल्पना की थी जो जरूरतमंदों के जीवन में आशा की किरण बने। उन्होंने कहा कि वह सपना आज साकार रूप लेकर समाज में सेवा और सहयोग की खुशबू फैला रहा है। उन्होंने बताया कि वीरलेश संसार संस्था गढ़ गंगा क्षेत्र में वृद्ध एवं अनाथ आश्रम का संचालन कर रही है, जहां बेसहारा बुजुर्गों और अनाथ बच्चों की देखभाल की जाती है। साथ ही नवंबर 2024 से संस्था द्वारा गौशाला का संचालन भी शुरू किया गया है। उनका कहना था कि संस्था का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण और उन्हें संस्कारयुक्त जीवन की दिशा देना है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से सेवा कार्यों में आगे आकर सहयोग करने की अपील भी की।
संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि आने वाले समय में संस्था अपने धर्म और सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की योजना बना रही है। उनका विश्वास है कि वीरलेश संसार केवल दिल्ली और उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम की सबसे खास झलक संगीतमय प्रस्तुति रही, जहां प्रसिद्ध गायकों ने मधुर गीतों से ऐसा वातावरण बनाया कि पूरा सभागार सुरों की सरिता में डूब गया। श्रोताओं ने पुराने और नए गीतों पर झूमते हुए देर शाम तक कार्यक्रम का आनंद लिया। संगीत और समाज सेवा का यह अनूठा संगम उपस्थित लोगों के लिए यादगार अनुभव बन गया। आयोजन की सफलता में कई गणमान्य लोगों का विशेष योगदान रहा।
इनमें डॉ. रमेश गुप्ता, श्री अनिल गुप्ता, श्री ओमप्रकाश जी, श्री मोहन गोयल जी, श्री मोहन गर्ग, श्री रमन कुमार गर्ग, श्री दीनदयाल गुप्ता जी, श्री प्रेम प्रकाश जी, श्री नीलपत सिंह जी और श्री वीरेंद्र शर्मा जी सहित अनेक सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भव्य आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब संगीत, संस्कार और सेवा एक साथ जुड़ते हैं तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई राह बनती है। वीरलेश संसार द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल सांस्कृतिक उत्सव बना बल्कि मानव सेवा के संकल्प को मजबूत करने वाला प्रेरणादायक आयोजन भी साबित हुआ।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



