-सीएम मॉनिटरिंग के बीच जन शिकायतों पर प्रशासन की तेज कार्रवाई
-डीएम के सख्त निर्देश-समयबद्ध निस्तारण नहीं तो होगी जवाबदेही तय
-जनता दर्शन में ऑन द स्पॉट समाधान, विभागीय अधिकारियों की बढ़ी जिम्मेदारी
-ऑनलाइन कनेक्टिविटी से शिकायतों की सीधी निगरानी, जनता को मिला भरोसा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनका जिलाधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन के दौरान राजस्व विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि जनता को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनता दर्शन कार्यक्रम की सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से लाइव कनेक्टिविटी के माध्यम से मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य दिवसों में प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक अनिवार्य रूप से जन शिकायतें सुनी जाएं तथा ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर शिकायतों के निस्तारण की प्रगति सुनिश्चित करें। जनता दर्शन के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया। जिलाधिकारी ने जूम माध्यम से संबंधित विभागीय अधिकारियों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें शिकायतों से अवगत कराया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इससे शिकायतकर्ताओं को त्वरित राहत मिली। कार्यक्रम के दौरान पतला, मुरादनगर निवासी अधिवक्ता अशोक चौधरी ने अपनी विद्युत विभाग से संबंधित समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था, जिससे खेती का कार्य प्रभावित हो रहा था।
जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए जाने के बाद मात्र दो दिनों में समस्या का समाधान कर दिया गया। समस्या के समाधान पर उन्होंने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए अन्य नागरिकों से भी जनता दर्शन के माध्यम से अपनी समस्याएं रखने की अपील की। जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी भूमि अधिग्रहण अवनीश सिंह तथा अपर जिलाधिकारी प्रशासन ज्योति मौर्या सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन का यह प्रयास आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



