-युवा खिलाडिय़ों के सपनों को पंख देगी प्रीमियर लीग: राकेश मिश्रा
-5 से 21 जून तक अल्फा क्रिकेट ग्राउंड पर रोज दो रोमांचक मुकाबले
-रिंकू सिंह, प्रियम गर्ग समेत स्टार खिलाडिय़ों की मौजूदगी से बढ़ेगा आकर्षण
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित होने वाली गाजियाबाद प्रीमियर लीग-2026 का भव्य आगाज आगामी 5 जून से होगा। राजनगर एक्सटेंशन स्थित अल्फा क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित होने वाली यह प्रतिष्ठित क्रिकेट लीग 21 जून तक चलेगी, जिसमें राष्ट्रीय स्तर के चर्चित खिलाडिय़ों के साथ जिले की उभरती प्रतिभाएं भी अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करेंगी। गुरुवार को संजयनगर स्थित होटल फॉर्च्यून में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने लीग की विस्तृत जानकारी साझा की। एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने प्रतियोगिता को जिले के क्रिकेट इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए कहा कि गाजियाबाद प्रीमियर लीग का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि स्थानीय खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मजबूत प्लेटफॉर्म तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि लीग में कुल आठ टीमें भाग लेंगी और प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। पूरे टूर्नामेंट को पेशेवर प्रारूप में आयोजित किया जा रहा है, ताकि खिलाडिय़ों को बड़े स्तर के टूर्नामेंट जैसा अनुभव मिल सके। राकेश मिश्रा ने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही अवसर और मार्गदर्शन की है। गाजियाबाद प्रीमियर लीग इसी सोच का परिणाम है। प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के चेयरमैन उमेश चोपड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता में भारतीय क्रिकेट जगत के कई चर्चित खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे। इनमें रिंकू सिंह, प्रियम गर्ग, करण शर्मा, स्वास्तिक चिकारा और आराध्य यादव जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाडिय़ों की मौजूदगी से टूर्नामेंट का स्तर और आकर्षण दोनों बढ़ेंगे तथा स्थानीय खिलाडिय़ों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ खेलने और सीखने का अवसर मिलेगा।
राकेश मिश्रा ने कहा कि गाजियाबाद को क्रिकेट प्रतिभाओं का केंद्र बनाने के लिए एसोसिएशन लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में जिले के कई खिलाडिय़ों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है और अब लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर तक खिलाडिय़ों को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लीग के माध्यम से प्रतिभा खोज अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे नए खिलाडिय़ों की पहचान कर उन्हें आगे प्रशिक्षण दिया जा सके। एसोसिएशन के सचिव मनोज माकर और धीरेंद्र चौधरी ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के आयोजन में आधुनिक खेल सुविधाओं, पेशेवर अंपायरिंग, डिजिटल स्कोरिंग और बेहतर दर्शक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अल्फा क्रिकेट ग्राउंड को प्रतियोगिता के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, ताकि खिलाडिय़ों और दर्शकों को उच्च स्तरीय अनुभव मिल सके। राकेश मिश्रा ने कहा कि गाजियाबाद प्रीमियर लीग केवल खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का अभियान भी है। खेल के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह लीग आने वाले वर्षों में प्रदेश की प्रमुख क्रिकेट लीगों में शामिल होगी। उन्होंने शहर के क्रिकेट प्रेमियों, खेल संस्थाओं और युवाओं से बड़ी संख्या में लीग से जुडऩे की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन गाजियाबाद की खेल पहचान को नई ऊंचाई देने वाला साबित होगा।
एसोसिएशन का लक्ष्य है कि भविष्य में गाजियाबाद से और अधिक खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट टीम में स्थान बनाएं और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें। गाजियाबाद प्रीमियर लीग-2026 को लेकर खिलाडिय़ों और क्रिकेट प्रेमियों में अभी से उत्साह दिखाई देने लगा है। बड़े खिलाडिय़ों की भागीदारी, प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले और स्थानीय प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर इस लीग को खास बना रहे हैं। यह आयोजन जिले में क्रिकेट संस्कृति को और मजबूत करेगा तथा युवाओं को पेशेवर क्रिकेट की ओर प्रेरित करेगा।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


