Image Slider

मिडिल ईस्ट में जारी तबाही को लेकर हाल ही में इजरायल और अमेरिका के बीच मतभेद की कई रिपोर्टें सामने आई थीं, जिनमें कहा गया था कि ईरान युद्ध की आग में इजरायल ने अमेरिका को घसीटा है. अब इन रिपोर्ट्स पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ऑनलाइन आकर सच बताया है और इन सभी बातों को फर्जी कहा है.

नेतन्याहू ने अमेरिका को ईरान युद्ध में घसीटने के आरोपों का खंडन करते हुए कहा, ‘यह मनगढ़ंत बात है कि हमने अमेरिका को इस मामले में घसीटा है, यह न सिर्फ मनगढ़ंत बल्कि हास्यास्पद भी है. क्या सच में किसी को लगता है कि कोई राष्ट्रपति (डोनाल्ड) ट्रंप को बता सकता है कि उन्हें क्या करना चाहिए? अरे, ऐसा कैसे हो सकता है?’ उन्होंने आगे कहा कि ट्रंप हमेशा वही फैसले लेते हैं जो उन्हें अमेरिका के लिए अच्छे लगते हैं.’

थपथपाई अपनी पीठ

बेंजामिन ने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष में इजरायल और अमेरिका के बीच ‘करीबी तालमेल’ की भी तारीफ की और अपनी पीठ भी थपथपाई. उन्होंने कहा, ‘हम बिजली की गति से अपने लक्ष्य हासिल कर रहे हैं.’

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन ने दावा करते हुए कहा, ‘अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों के 20 दिनों के बाद, ईरान के पास अब यूरेनियम संवर्धन करने या बैलिस्टिक मिसाइलें बनाने की भी क्षमता नहीं बची है. अयातुल्ला अली खामेनेई ने मिसाइल और परमाणु कार्यक्रमों को फिर से शुरू करने और उन्हें जमीन के बहुत नीचे दबाने का आदेश दिया था. हम न केवल बची हुई मिसाइलों को नष्ट करने के लिए काम कर रहे हैं, जो कि अब कुछ ही बची हैं, बल्कि उन उद्योगों को भी नष्ट करने के लिए काम कर रहे हैं जो इन कार्यक्रमों के उत्पादन को संभव बनाते हैं.’

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं ये बड़ी बातें

  1. . एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने दावा किया कि वे जीत रहे हैं और ईरान तबाह हो रहा है. उन्होंने ईरान के मिसाइल भंडार और ड्रोन जखीरे को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया और बताया कि जल्द ही उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया जाएगा.
  2. . ईरान में उन फैक्ट्रियों को भी नष्ट करने का दावा कि किया इन मिसाइलों को बनाने के लिए जरूरी पुर्जे बनाती हैं, और उन परमाणु हथियारों को बनाने के लिए जरूरी पुर्जे बनाती हैं जिन्हें वे बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
  3. . उन्होने कहा कि इजरायल एक क्षेत्रीय शक्ति है और कुछ लोग तो इसे एक विश्व शक्ति भी कहेंगे. उन्होंने यह भी जोड़ा कि तेहरान के खिलाफ यह अभियान जब तक जरूरी होगा, तब तक जारी रहेगा.

सबूत नहीं पेश कर पाए नेतन्याहू

हालांकि ईरान की तबाही को लेकर जो बड़ी-बड़ी बातें नेतन्याहू ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कीं उनके समर्थन में उन्होंने कोई सबूत पेश नहीं किया. वे सिर्फ इस बात पर जोर देते रहे कि ईरान के पास अब यूरेनियम संवर्धन करने की क्षमता नहीं बची है. और यह खाड़ी देश अब पहले से कहीं ज्यादा कमजोर है.

बीच कॉन्फ्रेंस ही ईरान ने दाग दी मिसाइल

खबर आई कि जिस वक्त नेतन्याहू प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे, तभी ईरान ने इजरायल पर जबर्दस्त हमला बोला. ईरान ने मिसाइलों की एक और खेप इजरायल की ओर दाग दी थी. इजरायली सेना ने भी बताया कि देश की ओर नए प्रोजेक्टाइल (प्रक्षेपास्त्र) दागे गए हैं.

साउथ पार्स गैस पर हमले को लेकर बदले सुर

इससे पहले रिपोर्ट्स आ रही थीं कि ईरान के ‘साउथ पार्स’ गैस क्षेत्र पर हमला करने के बाद इजरायल की ओर से कहा गया था कि हमले का फैसला अमेरिका के साथ मिलकर किया गया था, जबकि अमेरिका की ओर से इस बात का खंडन किया गया था और इसे इजरायल का निजी कदम बताया था. प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेतन्याहू के सुर बदले नजर आए और उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान पर हमले का फैसला इजरायल ने पूरी तरह से स्वतंत्र रूप से लिया था. उन्होंने यह भी जोड़ा कि डोनाल्ड ट्रंप ने इस तरह के हमलों के मामले में संयम बरतने का आग्रह किया था.

उन्होंने कहा कि ट्रंप के अनुरोध पर इजरायल इस महत्वपूर्ण प्राकृतिक गैस सुविधा पर भविष्य में होने वाले किसी भी हमले को रोक देगा. उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रपति ट्रंप ने हमसे भविष्य में होने वाले हमलों को टालने के लिए कहा था, और हम उनकी बात मान रहे हैं’.

ईरान पर ब्लैकमेलिंग का आरोप

नेतन्याहू ने आगे कहा कि ‘ईरान में मौजूद ‘मौत का यह पंथ’ (death cult) एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग-होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करके पूरी दुनिया को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा है. यह काम नहीं करेगा. हम अभी जिन फैक्टरियों को तबाह कर रहे हैं, वे उन मिसाइलों के पुर्जे बनाती हैं, और उन परमाणु हथियारों को बनाने के लिए जरूरी चीजें बनाती हैं जिन्हें वे बनाने की कोशिश कर रहे हैं.’

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||