-देशभर के करीब 65 संस्थानों और विश्वविद्यालयों की टीमें खेल महोत्सव में ले रहीं भाग
-कबड्डी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, 100 मीटर दौड़ समेत कई प्रतियोगिताओं में दिखा जबरदस्त रोमांच
-उद्घाटन के दौरान गुब्बारे छोड़कर किया गया शुभारंभ, पूरे कैंपस में उत्सव जैसा माहौल
-तीन दिवसीय महोत्सव में खेलों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार समारोह भी होंगे आकर्षण
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव ‘स्प्रीएस्टा 2026’ का सोमवार को उत्साह और ऊर्जा से भरा भव्य आगाज हुआ। 16 से 18 मार्च तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर के लगभग 65 प्रतिष्ठित संस्थानों और विश्वविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। इस खेल महोत्सव ने संस्थान के परिसर को खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और उत्साह से भर दिया है। कार्यक्रम का शुभारम्भ फीता काटकर किया गया, जिसके बाद रंग-बिरंगे गुब्बारों के गुच्छों को आकाश में छोड़कर उत्सव की औपचारिक शुरुआत की गई। इस दौरान परिसर में मौजूद विद्यार्थियों, प्रतिभागियों और शिक्षकों ने जोरदार तालियों के साथ कार्यक्रम का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह के साथ ही पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया और प्रतिभागियों में प्रतियोगिताओं को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। स्प्रीएस्टा 2026 के पहले दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें कबड्डी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, लॉन्ग जंप, 100 मीटर दौड़, कैरम, शतरंज, बैडमिंटन और रस्साकशी जैसी प्रतिस्पर्धाएं शामिल रहीं।
इन प्रतियोगिताओं में खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया। कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जहां खिलाडिय़ों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। दर्शकों ने भी खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए हर मुकाबले का भरपूर आनंद लिया। कबड्डी और बास्केटबॉल जैसे टीम खेलों में खिलाडिय़ों के बीच जबरदस्त तालमेल और रणनीति देखने को मिली, वहीं 100 मीटर दौड़ और लॉन्ग जंप जैसे एथलेटिक इवेंट्स में प्रतिभागियों ने अपनी शारीरिक क्षमता और फुर्ती का शानदार प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं ने पूरे आयोजन को रोमांच से भर दिया और मैदान में मौजूद दर्शकों की उत्सुकता भी लगातार बनी रही। इस अवसर पर एचआईएमटी ग्रुप के चेयरमैन एच. एस. बंसल ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, जो उनके भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
एचआईएमटी समूह के सचिव अनिल कुमार बंसल और संयुक्त सचिव अनमोल बंसल ने भी सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्प्रीएस्टा जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों के छात्रों के साथ संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। वहीं ग्रुप डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) सुधीर कुमार ने विद्यार्थियों के उत्साह और आयोजन में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मंच छात्रों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें निखारने का अवसर देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। तीन दिवसीय इस महोत्सव के दौरान आने वाले दिनों में भी कई खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पुरस्कार वितरण समारोह और अन्य आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे यह आयोजन प्रतिभागियों और दर्शकों दोनों के लिए यादगार अनुभव बनेगा। कार्यक्रम में कार्यकारी निदेशक डॉ. विक्रांत चौधरी, निदेशक प्रबंधन अध्ययन प्रो. (डॉ.) पंकज कुमार, एचआईएमटी फार्मेसी कॉलेज के निदेशक प्रो. (डॉ.) अनुज मित्तल, हरलाल स्कूल ऑफ लॉ के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अमित सिंह, एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. मनोरमा, आईटी विभाग के एचओडी नरेंद्र उपाध्याय, बायोटेक्नोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. दिनेश कुमार, प्रशासनिक अधिकारी सुश्री कविता चौधरी सहित संस्थान के अनेक संकाय सदस्य और स्टाफ भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों और शिक्षकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। विद्यार्थियों के उत्साह, खेल भावना और आपसी सहयोग ने स्प्रीएस्टा 2026 के पहले दिन को बेहद सफल और यादगार बना दिया। आने वाले दो दिनों में भी प्रतियोगिताओं का सिलसिला जारी रहेगा, जिसे लेकर प्रतिभागियों में काफी उत्सुकता और उत्साह देखने को मिल रहा है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||




