Image Slider

  • निर्माण और उद्यान विभाग की संयुक्त बैठक, शहर के पार्कों की स्थिति और कार्यों की समीक्षा
  • करीब 1400 पार्कों में लगे नलकूपों की जांच के निर्देश, खराब नलकूप जल्द दुरुस्त होंगे
  • पार्कों में मरम्मत, घास और फुलवारी के रखरखाव के साथ शहर की सुंदरता बढ़ाने पर जोर
  • 311 एप पर आने वाली शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और पेंडिंग शिकायतों के निस्तारण को लेकर नगर निगम ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर सोमवार को मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी और प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दोनों विभागों की टीम के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में निर्माण और उद्यान विभाग के अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और उद्यान विभाग के हेडमाली भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शहर के पार्कों की स्थिति, निर्माण कार्यों और जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान यह तय किया गया कि उद्यान और निर्माण विभाग शहर हित में संयुक्त रूप से अभियान चलाकर पार्कों के रखरखाव और मरम्मत कार्यों को तेज करेंगे। बैठक में शहर के लगभग 1400 पार्कों में लगे नलकूपों की स्थिति की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में पार्कों में पानी की जरूरत बढ़ जाती है, इसलिए सभी हेडमाली और सुपरवाइजर को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के पार्कों में लगे नलकूपों की स्थिति का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करें। जिन नलकूपों में खराबी है, उनकी संख्या चिन्हित कर उन्हें जल्द से जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि पार्कों में मरम्मत कार्यों के साथ-साथ घास, पौधों और फुलवारी का भी विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि शहर की हरियाली और सुंदरता बनी रहे। इसके साथ ही पार्कों में सफाई, सिंचाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

बैठक के दौरान 311 एप के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। अधिकारियों के अनुसार प्रतिदिन 311 एप के जरिए लगभग 180 शिकायतें प्राप्त होती हैं, जिन पर उसी दिन कार्रवाई करने का प्रयास किया जाता है। हालांकि इनमें से अधिकांश शिकायतें निर्माण विभाग से संबंधित पाई गई हैं, जिनके लंबित रहने पर मुख्य अभियंता निर्माण ने नाराजगी जताते हुए टीम को सख्त निर्देश दिए। मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि 311 एप पर आने वाली शिकायतों का तेजी से और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में नागरिकों की मांगें शामिल हैं, उन्हें जनहित योजनाओं में शामिल करने के लिए भी कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

वहीं प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह ने कहा कि उद्यान विभाग से संबंधित शिकायतें 311 एप पर अपेक्षाकृत कम आती हैं, लेकिन जो भी शिकायतें मिलती हैं उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि इस व्यवस्था को आगे भी बनाए रखा जाए और पार्कों के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार शहर में जन समस्याओं के समाधान को लेकर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सभी विभागों के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र से जुड़ी शिकायतों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं और टीम को भी सक्रिय रूप से काम करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। नगर निगम का उद्देश्य है कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान हो सके। इसी दिशा में निगम की टीमें लगातार काम कर रही हैं और आने वाले दिनों में भी जन समस्याओं के निस्तारण के लिए अभियान जारी रहेगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||