Bollywood Blockbuster Movie : सफर के दौरान कई बार हमारी नजर ट्रक के पीछे लिखे शब्दों पर जाती है. कई बार ट्रक के पीछे दिल छूने वाले शेर लिखे मिल जाते हैं. कई बार जीवन से जुड़ी कुछ ऐसी लाइनें पढ़ने को मिल जाती हैं कि दिल झूम उठता है. ऐसा ही कुछ वाकिया एक संगीतकार के साथ भी हुआ. ट्रक के पीछे लिखी लाइन पर गाना बना दिया. फिर डायरेक्टर को फोन मिलाया. नए गाने को फिल्म में रखने की गुजारिश की. डायरेक्टर ने भी गाना रख लिया. जब फिल्म रिलीज हुई तो ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई. इतना ही नहीं, इसी फिल्म से बॉलीवुड को एक ऐसा सुपर स्टार मिला जो पिछले 30 साल से राज कर रहा है.
संगीतकार रामलक्ष्मण अपनी गाड़ी से कहीं जा रहे थे. अचानक उनकी नजर आगे जा रहे ट्रक पर पड़ी. ट्रक के पीछे लिखी चंद लाइनें उनके दिल में उतर गई. उन्होंने इन्हीं लाइनों पर एक गाना बनाने का फैसला किया. उन्होंने डायरेक्टर सूरज बड़जात्या से संपर्क किया और नया गाना फिल्म में रखने की गुजारिश की. मूवी में पहले से ही 9-10 गाने थे, ऐसे में एक और नया सॉन्ग रखने की बात सुनकर सूरज बड़जात्या थोड़ा चिंता में पड़ गए. उन्होंने नए सॉन्ग को फिल्म में रख लिया. जब यह फिल्म रिलीज हुई तो बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया. यह फिल्म थी : मैंने प्यार किया, जो कि 29 दिसंबर 1989 को रिलीज हुई थी. जो गाना ट्रक के पीछे लिखी लाइनों पर बनाया गया था, वो था : ‘आजा शाम होने आई, मौसम ने ली अंगड़ाई’. सूरज बड़जात्या ने अपने एक इंटरव्यू में इसका खुलासा किया था.
‘मैंने प्यार किया’ ने राजश्री प्रोडक्शन के सूरज बड़जात्या की डेब्यू फिल्म थी. फिल्म का म्यूजिक, स्टोरी-स्क्रीनप्ले सब कुछ बेमिसाल था. फिल्म के गानों का जबर्दस्त क्रेज देखने को मिला था. फिल्म का म्यूजिक 90 के दशक के बेस्ट सेलिंग म्यूजिक में शुमार है. संगीतकार रामलक्ष्मण ने म्यूजिक कंपोज किया था. राम-लक्ष्मण ने 1970 के दशक में अपना करियर शुरू किया था. सुप्रसिद्ध संगीतकार राम-लक्ष्मण के लक्ष्मण का असली नाम विजय पाटिल है. उन्होंने राम कदम के साथ जोड़ी बनाई थी और फिल्मों में संगीत देना शुरू किया था. पहली फिल्म ‘एजेंट विनोद'(1977) साइन की लेकिन राम कदम की मौत हो गई. ऐसे में विजय पाटिल ने वही नाम बरकरार रखा. राम-लक्ष्मण ने सूरज बडज़ात्या की पहली तीनों फिल्मों ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’ और ‘हम साथ-साथ हैं’ में सुपरहिट गाने दिए हैं.
सूरज बड़जात्या ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था, ‘तू चल मैं आई गाना फिल्म में पहले से नहीं था. 10 गाने पहले से ही फिल्म में हो गए थे. एक बार लक्ष्मण जी का मेरे पास फोन आया कि एक सिटिंग और करना चाहता हूं. वो आए और बोले कि हमारी फिल्म में एक ड्यूएट सॉन्ग नहीं है. मैंने कहा कि कैसा ड्यूएट? वो बोले कि मैं दिल्ली जा रहा था, ट्रक के पीछे लिखा था, ‘तू चल आई, मैं आई’. इसी पर उन्होंने धुन बनाई थी.’ देव कोहली ने पहले गाने के बोल लिखे थे : आ जा रात होने आई, मौसम ने ली अंगड़ाई, तो किस बात की है लड़ाई, तू चल मैं आई.’ राजश्री प्रोडक्शन की परंपराओं को ध्यान में रखकर इस गाने के शुरुआती बोल मेरे पिता ने बदल दिए थे. रात की जगह आ जा शाम होने आई किया गया.’
Add News18 as
Preferred Source on Google
सलमान खान जब पहली बार सूरज बड़जात्या के ऑफिस में पहुंचे तो रिसेप्शन के बाहर जाकर बैठ गए थे. उनका फिजिक उस समय के हीरो जैसा बिल्कुल नहीं था. सूरज बड़जात्या ने अपने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था, ‘जब सलमान खान पहली बार हमारे ऑफिस आए तो रिसेप्शन के बाहर आकर बैठ गए थे. उनके फोटोग्राफ मैजिकली थे. पहले स्क्रीन टेस्ट में वो फेल हो गए थे. दिक्कत यह भी थी कि वो एक फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ में साइड रोल कर चुके थे. ऑडिशन में हर चीज में वो फेल हो गए. वो तो अपने डायलॉग भी नहीं बोल पाए थे.’
सूरज बड़जात्या ने दिलचस्प किस्से के बारे में आगे बताय, ‘हमने 6 माह तक सलमान खान को लटकाकर रखा. हर बार झूठा दिलासा दिया कि बताएंगे. छह माह में वो दूसरों को भेजता रहा और कहता रहा कि ये मेरे से बेटर है लेकिन हमें कोई और एक्टर पसंद नहीं आया.’
सूरज बड़जात्या ने 10 माह की लंबी मेहनत के बाद फिल्म का स्क्रीनप्ले लिखा था. लता मंगेशकर ने सिर्फ एक दिन में अपने सभी गाने रिकॉर्ड किए थे. मैंने प्यार किया मूवी ने सलमान खान, मोहनीश बहल, रीमा लागू, आलोक नाथ और लक्ष्मीकांत बेर्डे का करियर बॉलीवुड में स्थापित किया. पांचों बॉलीवुड के बड़े सितारे बने. भाग्य श्री ने फिल्म की शूटिंग के बीच घर से भागकर अपने प्रेमी हिमालय दासानी से शादी कर ली थी.
भाग्य श्री ने फिल्म में सुमन का किरदार निभाया था. उन्होंने कोई भी किसिंग सीन करने से इनकार कर दिया था. भाग्य श्री सांगली राजघराने से ताल्लुक रखती हैं. अपनी जिंदगी में पहली बार उन्होंने जींस और वन पीस ड्रेस पहनी थी. फिल्म में घुटनों पर ऑयोडिक्स लगाने का सीन है. इस सीन को करने से शुरुआत में भाग्य श्री ने इनकार कर दिया था. उन्होंने यह भी कहा था कि वो अपनी छोटी स्कर्ट नहीं पहनेंगी. घुटनों पर बाम लगाते समय सलमान खान अपनी आंखें बंद रखेंगे.
इसी मूवी ने मोहनीश बहल का करियर विलेन के तौर पर स्थापित किया. इससे पहले उन्होंने कुछ फिल्मों में काम किया था लेकिन पहचान नहीं मिली. मोहनीश बहल को लग रहा था कि यह फिल्म फ्लॉप हो जाएगी. वो सलमान खान के साथ थिएटर में फिल्म देखने भी गए थे. जब फिल्म शुरू हुई तो लोगों ने स्क्रीन पर सिक्के फेंकना शुरू किए. मोहनीश ने कहा था कि सलमान खान का स्टारडम शुरू हो गया है.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



