Image Slider

  • हर पात्र परिवार तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: मंत्री नरेन्द्र कश्यप
  • जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने पारदर्शी क्रियान्वयन और त्वरित समाधान के दिए निर्देश
  • जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी की प्रभावी कार्यशैली से सुदृढ़ हुआ वितरण तंत्र

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उज्ज्वला लाभार्थियों को नि:शुल्क सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार को विकास भवन परिसर, कलेक्ट्रेट गाजियाबाद में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव सजीव प्रसारण भी उपस्थित लाभार्थियों को दिखाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और सरकार की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री स्वतंत्र प्रभार, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांग एवं सशक्तिकरण विभाग उत्तर प्रदेश नरेन्द्र कश्यप रहे। उनके साथ विधायक संजीव शर्मा, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, नगर मजिस्ट्रेट डॉ. संतोश कुमार उपाध्याय और जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी भी उपस्थित रहे। मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने देशभर की करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर स्वस्थ जीवन का मार्ग प्रशस्त किया है।

उन्होंने बताया कि पूरे देश में 10.55 करोड़ से अधिक उज्ज्वला गैस कनेक्शन वितरित किए जा चुके हैं, जबकि प्रदेश में 1.86 करोड़ लाभार्थियों को योजना का लाभ मिला है। गाजियाबाद जिले में कुल 1,11,626 लाभार्थियों को योजना से जोड़ा गया है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लाभकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। इस अवसर पर लगभग 400 उज्ज्वला लाभार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। मंत्री नरेन्द्र कश्यप द्वारा दस लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से नि:शुल्क सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी का चेक प्रदान किया गया। लाभार्थियों में श्रीमती पिंकी, श्रीमती फरहत, श्रीमती रजनी, श्रीमती नीरू, श्रीमती रीतू, श्रीमती रुवी, श्रीमती शबाना, श्रीमती कविता शर्मा, श्रीमती नीरा और श्रीमती बीना शामिल रहीं। मंच से जब इन महिलाओं को सम्मानित किया गया तो परिसर तालियों से गूंज उठा।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है और प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए और योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए। कार्यक्रम की सफलता में जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी की सक्रिय और समर्पित कार्यशैली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी देखरेख में लाभार्थियों की सूची का सत्यापन, सब्सिडी वितरण की पारदर्शी प्रक्रिया और कार्यक्रम की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि उज्ज्वला लाभार्थियों को समय पर सब्सिडी का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य केवल योजना का क्रियान्वयन ही नहीं, बल्कि लाभार्थियों के विश्वास को भी मजबूत करना है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लाभार्थियों को सूक्ष्म जलपान कराकर सम्मानित किया गया। आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि जिला प्रशासन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से न केवल महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है, बल्कि उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में भी सुधार लाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन ने गाजियाबाद में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति प्रशासन की तत्परता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता को एक बार फिर उजागर कर दिया।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||