Image Slider

-मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत ऋण वितरण से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा
-जनपद में लक्ष्य का 75% पूरा, मार्च तक शत-प्रतिशत उपलब्धि का लक्ष्य
-एसबीआई ने सीएसआर के तहत ₹27.21 लाख का सहयोग देकर योजनाओं को दी मजबूती

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय स्टेट बैंक गाजियाबाद एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी भवन, लोहिया नगर में गुरुवार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत मेगा ऋण कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त उद्योग एवं जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र गाजियाबाद के उपायुक्त आशुतोष सिंह द्वारा मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल तथा एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक देवाशीष मिश्रा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ हुआ। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल एवं एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक देवाशीष मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में योजना के अंतर्गत 100 युवाओं को ऋण वितरित किया गया। एसबीआई को आवंटित 390 के लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 360 आवेदकों को ऋण वितरित किया जा चुका है, जिससे जनपद के सीएम डैशबोर्ड में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।

अपने संबोधन में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और प्रदेश में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के तहत नए स्टार्टअप एवं सूक्ष्म उद्यमियों को उद्यम स्थापित करने के लिए चार वर्ष तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाता है तथा 10 प्रतिशत, 12 प्रतिशत’ एवं 15 प्रतिशत तक अनुदान भी प्रदान किया जाता है। इसका लक्ष्य प्रतिवर्ष लगभग एक लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने जानकारी दी कि जनपद को आवंटित 2000 के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक लगभग 75 प्रतिशत यानी 1500 लाभार्थियों को ऋण वितरण किया जा चुका है। ऋण वितरण में त्वरित कार्यवाही एवं लक्ष्य पूर्ति के निकट पहुंचने पर क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार, महाप्रबंधक एसवीएस नागेंद्र कुमार, जिला समन्वयक संजीव कुमार झा सहित एसबीआई टीम को बधाई दी गई तथा भविष्य में भी शासन की योजनाओं में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई।

एसबीआई के महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य मार्च तक हर हाल में पूर्ण किया जाएगा तथा आगामी योजनाओं में और बेहतर बैंकिंग सेवाएं प्रदान की जाएंगी। मुख्य महाप्र्रबंधक देवाशीष मिश्रा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की इस पहल से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार सृजन को गति मिलेगी तथा बैंक पूर्ण सहयोग प्रदान करता रहेगा। उपायुक्त उद्योग आशुतोष सिंह ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में ही एसबीआई द्वारा लगभग 120 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया है, जिससे जनपद की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इस अवसर पर एसबीआई द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत 27,21,899 का चेक मुख्य विकास अधिकारी को प्रदान किया गया। कार्यक्रम का समापन क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर विभिन्न प्रशिक्षण योजनाओं के लाभार्थियों ने भी भाग लिया, जिन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||