Image Slider

-सड़क पर होलिका दहन न करने की अपील, निर्धारित स्थलों पर डलवाई जा रही मिट्टी
-रंगों वाली होली पर दोपहर में भी जलापूर्ति, जरूरत पर टैंकरों की व्यवस्था
-स्वच्छता, सुरक्षा और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने का नगर निगम का आह्वान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महापर्व होली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर निगम के स्वास्थ्य, जलकल और निर्माण विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर शहर भर में होलिका दहन और रंगों की होली को लेकर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निर्माण विभाग द्वारा होलिका दहन से पूर्व लगभग 250 से अधिक चिन्हित स्थानों पर मिट्टी डलवाने का कार्य कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य सड़कों को क्षति से बचाना और सुरक्षित स्थानों पर होलिका दहन सुनिश्चित करना है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सीधे सड़क पर होलिका दहन न करें और केवल निर्धारित स्थानों का ही उपयोग करें। मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पार्षदों से समन्वय स्थापित कर सभी स्थानों पर समय से तैयारियां पूरी कराएं।

नगर निगम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में होलिका दहन स्थलों की तैयारी कराई जा रही है। वसुंधरा में 15 स्थानों पर, कवि नगर में 100 स्थानों पर, विजयनगर में 28 स्थानों पर, सिटी जोन में 104 स्थानों पर, इंदिरापुरम में 10 स्थानों पर तथा मोहन नगर में 29 स्थानों पर मिट्टी डालने का कार्य कराया जा रहा है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य त्योहार के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना है। जलकल विभाग ने भी त्योहार के मद्देनजर विशेष प्रबंध किए हैं। महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने बताया कि आवश्यकता पडऩे पर होलिका दहन स्थलों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त रंगों वाली होली के दिन सुबह और शाम के साथ-साथ दोपहर में भी जलापूर्ति की जाएगी, ताकि नागरिकों को पानी की कमी का सामना न करना पड़े और सफाई कार्य भी सुचारु रूप से जारी रह सके।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि होलिका दहन के बाद शहर में तेजी से सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इंदिरापुरम सहित सभी पांचों जोनों में सफाई निरीक्षकों और खाद्य निरीक्षकों को विशेष सतर्कता बरतने तथा स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहार के दौरान कूड़ा निस्तारण और साफ-सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। ‘होली के रंग स्वच्छता के संग’ अभियान के अंतर्गत नगर निगम शहरवासियों को स्वच्छ और जिम्मेदार तरीके से होली मनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नागरिकों से अपील की है कि वे हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाएं, लेकिन स्वच्छता और पर्यावरण का विशेष ध्यान रखें।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करें, प्लास्टिक और कचरे का खुले में निस्तारण न करें तथा प्राकृतिक और सुरक्षित रंगों का उपयोग करें। नगर निगम ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि वे त्योहार के दौरान अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। आग जलाते समय सावधानी बरतें, बच्चों पर निगरानी रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें। निगम का उद्देश्य है कि होली का पर्व उल्लास, स्वच्छता, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाया जाए। नगर निगम की इन तैयारियों से स्पष्ट है कि प्रशासन इस बार होली को सुव्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यदि नागरिक भी सहयोग करें, तो यह महापर्व स्वच्छता, सुरक्षा और सामुदायिक एकता का संदेश देने वाला उत्सव बन सकता है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||