Leopard ग्रीन फील्ड स्कूल परिसर में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली। सुबह करीब 5:30 बजे स्कूल कर्मचारियों ने परिसर में तेंदुए को देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। एहतियातन स्कूल प्रशासन ने कक्षाएं स्थगित कर दीं और व्हाट्सएप समूहों के जरिए छुट्टी की सूचना जारी कर दी।
गाजियाबाद। गाजियाबाद के गोविंदपुरम इलाके में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रीन फील्ड स्कूल परिसर में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली। सुबह करीब 5:30 बजे स्कूल कर्मचारियों ने परिसर में तेंदुए को देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। एहतियातन स्कूल प्रशासन ने कक्षाएं स्थगित कर दीं और व्हाट्सएप समूहों के जरिए छुट्टी की सूचना जारी कर दी।
सुरक्षा के मद्देनजर घेराबंदी
सूचना मिलते ही कविनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोविंदपुरम रोड पर बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी। पुलिसकर्मी सुरक्षा उपकरणों के साथ तैनात रहे और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि तेंदुए के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
वन विभाग की निगरानी, जाल लगाकर रेस्क्यू की तैयारी
क्षेत्रीय वन अधिकारी निमी कुचिया ने बताया कि तेंदुआ स्कूल परिसर की फुलवारी के पास देखा गया था। उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए जाल लगाया गया है और टीम लगातार निगरानी कर रही है। स्कूल की बाउंड्री के आसपास भी अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई हलचल
स्थानीय निवासीगण के अनुसार तड़के 5:13 बजे तेंदुआ स्कूल के पीछे मुख्य सड़क की ओर जाता दिखा और कुछ ही मिनट बाद वह वापस लौटकर परिसर में कूद गया। यह पूरा घटनाक्रम उनके घर के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है, जिससे जांच में मदद मिल रही है।
छात्रों की सुरक्षा प्राथमिकता
बुधवार को कक्षा 11 की परीक्षा निर्धारित थी, लेकिन तेंदुआ दिखने के बाद छात्रों को बिना देर किए घर भेज दिया गया और परीक्षा स्थगित कर दी गई। राहत की बात यह रही कि किसी छात्र या कर्मचारी के संपर्क में तेंदुआ नहीं आया।
इलाके में दहशत, प्रशासन ने की अपील
घटना के बाद आसपास की कॉलोनियों में दहशत का माहौल है और स्कूल के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। वन विभाग और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा के मद्देनजर इलाके से दूर रहें।
आने के रास्ते की तलाश जारी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तेंदुआ किस दिशा से आया और कितने समय से इलाके में था। पुलिस और वन विभाग की टीमें संयुक्त रूप से सर्च अभियान चला रही हैं। सीसीटीवी जांच और क्षेत्रीय निगरानी के आधार पर उसकी सटीक लोकेशन का पता लगाने की कोशिश जारी है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



