Image Slider

शाहजहांपुर/लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने वर्ष 2026 के लिए ₹9.12 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट पेश कर प्रदेश को ‘सक्षम और समृद्ध’ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. इस बजट में शाहजहांपुर को विशेष प्राथमिकता देते हुए इसे शिक्षा और स्वास्थ्य के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की घोषणा की गई है. दशकों तक उपेक्षा का दंश झेलने वाले क्रांतिकारियों की इस धरती पर अब विकास की ‘गंगा’ बह रही है.

शाहजहांपुर: क्रांतिकारियों की धरती पर शिक्षा का नया सूर्योदय
कभी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसने वाले शाहजहांपुर को योगी सरकार ने स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के रूप में एक बड़ी सौगात दी है. बजट में इसके लिए ₹21 करोड़ के शुरुआती फंड का प्रावधान किया गया है. अब यहां के मेधावियों को उच्च शिक्षा के लिए लखनऊ या बरेली की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी.

इसके साथ ही, अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज और उससे संबद्ध 100 बेड का अस्पताल अब पूरी तरह क्रियाशील है. आधुनिक लैब और विश्वस्तरीय सुविधाओं वाले इस कॉलेज में अब पड़ोसी राज्यों के छात्र भी डॉक्टर बनने का सपना पूरा कर रहे हैं.

जरी-जरदोजी की वैश्विक गूंज, दुबई-सऊदी तक पहुंचा शाहजहांपुर का हुनर
योगी सरकार की ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना ने शाहजहांपुर के दम तोड़ते जरी-जरदोजी उद्योग में नई जान फूंक दी है. स्थानीय कारीगरों की मासिक आय ₹25,000 से ₹30,000 तक पहुंच गई है. यहां का हस्तशिल्प अब दुबई और सऊदी अरब जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में धूम मचा रहा है. ‘ड्रोन दीदी’ और ‘विश्वकर्मा योजना’ के जरिए सुनीता पांडे जैसी हजारों महिलाएं आज आत्मनिर्भर बनकर परिवार का संबल बन रही हैं.

UP बजट 2026: किस जिले को क्या मिला?
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा पेश किए गए इस बजट में शाहजहांपुर के साथ-साथ अन्य जिलों के लिए भी खजाना खोला गया है. नीचे दी गई तालिका में प्रमुख आवंटन देखें:

जिला प्रमुख घोषणा आवंटित बजट
शाहजहांपुर स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की स्थापना ₹21 करोड़
लखनऊ कुकरैल नाइट सफारी पार्क और कैंसर अस्पताल ₹522 करोड़ (कुल)
नोएडा (जेवर) जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास ₹750 करोड़
अयोध्या रामनगरी का बुनियादी ढांचा और पर्यटन विकास ₹250 करोड़
गोरखपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और कंबल केंद्र आधुनिकीकरण
मिर्जापुर मां विध्यवासिनी विश्वविद्यालय और मंदिर कॉरिडोर ₹350 करोड़
मथुरा डेयरी प्लांट और पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर ₹23 करोड़ + अतिरिक्त
वाराणसी पर्यटक सुविधाओं का विस्तार ₹100 करोड़
लखनऊ और एनसीआर: इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
राजधानी लखनऊ के लिए बजट में कुकरैल नाइट सफारी (₹207 करोड़) और कैंसर अस्पताल (₹315 करोड़) जैसे बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं. वहीं, जेवर एयरपोर्ट के लिए ₹750 करोड़ देकर एनसीआर के विकास को नई रफ़्तार दी गई है. मेरठ, कानपुर और मथुरा विकास प्राधिकरणों के लिए भी ₹750 करोड़ का अलग से प्रावधान किया गया है.
धार्मिक पर्यटन: अयोध्या, मथुरा और काशी
अयोध्या के समग्र विकास के लिए कुल ₹250 करोड़ (विभिन्न मदों में) आवंटित किए गए हैं. मिर्जापुर में मां विध्यवासिनी कॉरिडोर के लिए ₹200 करोड़ और वाराणसी में पर्यटन सुविधाओं के लिए ₹100 करोड़ दिए गए हैं.

नए विश्वविद्यालयों की सौगात
शिक्षा के क्षेत्र में यूपी को ग्लोबल हब बनाने के लिए सरकार ने कई नए राज्य विश्वविद्यालयों की घोषणा की है:

बलरामपुर: मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय (₹50 करोड़)
मुरादाबाद: गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (₹50 करोड़)
भदोही: काशी नरेश विश्वविद्यालय (₹21 करोड़)
मिर्जापुर: मां विध्यवासिनी विश्वविद्यालय (₹50 करोड़)

सुरक्षा और सुशासन: एक्शन मोड में प्रशासन
शाहजहांपुर के जिला मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है. गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक गलियारा बनने से अल्ट्राटेक सीमेंट जैसी बड़ी कंपनियों ने निवेश किया है, जिससे स्थानीय युवाओं को घर के पास ही रोजगार मिल रहा है. वित्त मंत्री सुरेशा खन्ना ने कहा, ‘यूपी अब लैंड लॉक्ड राज्यों में नंबर वन बन गया है. ₹50 लाख करोड़ के MOU साइन होना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश अब निवेश की पहली पसंद है.’

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||