दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने उत्तर-पूर्वी, पूर्वी, शाहदरा, दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान अलग-अलग खाद्य पदार्थों के 40 नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं, मंडोली एक्सटेंशन स्थित एक डेयरी में करीब 100 किलोग्राम दूषित और मानव उपभोग के अयोग्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। निरीक्षण में स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस भी जारी किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी, पूर्वी और शाहदरा जिले में चलाए गए अभियान के दौरान खोया, पनीर, घी, कलाकंद, लड्डू, गुलाब जामुन और ड्राई फ्रूट गिफ्ट पैक समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 22 नमूने लिए गए। इस दौरान मंडोली एक्सटेंशन की एक डेयरी में दुर्गंधयुक्त खोया, रसगुल्ले और मच्छरों व मक्खियों से दूषित दूध मिला। विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई।
दक्षिणी दिल्ली में 12 प्रतिष्ठानों की जांच
दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। यहां मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों समेत 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनसे लड्डू, बर्फी, कलाकंद, रसगुल्ला, खोया, छेना, पनीर, घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर के 18 नमूने लिए गए। इसके अलावा निहाल विहार स्थित एक मिठाई निर्माण इकाई के खिलाफ मिली शिकायत पर भी टीम ने जांच की। यहां से तीन नमूने लिए गए। जांच के दौरान इकाई बिना एफएसएसएआई पंजीकरण के संचालित होती मिली।
कमियां मिलने पर सुधार नोटिस
विभाग की टीमों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता के निर्धारित मानकों की भी जांच की। जहां कमियां मिलीं, वहां सुधार के लिए आठ प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए। खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने और निरीक्षण में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य से लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब हर परिवार को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिले। खाद्य पदार्थों में मिलावट और स्वच्छता मानकों की अनदेखी लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है। सरकार इसे लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने विभाग को मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों की नियमित जांच करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनस्वास्थ्य की रक्षा और उपभोक्ताओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


