Image Slider

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पदयात्रा के दौरान बेतरतीब खड़े वाहनों से क्षेत्र की सड़कें जाम हो गईं। पदयात्रा में शामिल होने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता पहुंचे। इसके चलते सुबह से ही इलाके में वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। अव्यवस्था का आलम यह रहा कि लोग घंटों जाम में फंसे रहे। नौकरीपेशा लोग समय पर दफ्तर नहीं पहुंच सके। मुख्यमंत्री के जाने के करीब डेढ़ घंटे बाद दोनों ओर यातायात सुचारु हो सका। मुख्य सड़क पर जाम लगने के कारण बड़ी संख्या में लोग वैकल्पिक रास्तों से निकलने लगे। इससे उन रास्तों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया और जाम के हालात पैदा हो गए।

——

11:30 बजे ही फुल हो गई पार्किंग

कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से तीन स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई थी, लेकिन वहां सीमित संख्या में ही वाहन खड़े किए जा सकते थे। कार्यकर्ताओं के वाहनों और बसों की संख्या के आगे पार्किंग की व्यवस्था नाकाफी साबित हुई। सुबह 11:30 बजे तक ही अधिकृत पार्किंग स्थल पूरी तरह फुल हो गए। इसके बाद बसें और गाड़ियां बेतरतीब तरीके से सड़क किनारे खड़ी कर दी गईं। जाम में फंसे राजनगर एक्सटेंशन निवासी राहुल शर्मा ने बताया कि अधिकारियों को कार्यक्रम ऐसे स्थान पर करना चाहिए था, जहां पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था होती।

——–

जनसभा स्थल पर भी नहीं बची जगह

मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से सड़क बेहद संकरी हो गई। सुबह 10 बजे से ही वाहनों का दबाव बढ़ने लगा और देखते ही देखते पूरे राजनगर एक्सटेंशन की रफ्तार थम गई। यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस प्रशासन भी नाकाम नजर आया। जनसभा स्थल पर भी भारी भीड़ के कारण जगह कम पड़ गई। जगह नहीं मिलने के कारण कई लोग अंदर प्रवेश नहीं कर सके और उन्हें बिना कार्यक्रम देखे ही लौटना पड़ा। जाम और अव्यवस्था के कारण आम लोगों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे समर्थकों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।

——–

सवारी के लिए भटकते रहे लोग, पैदल तय करना पड़ा लंबा रास्ता

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान रूट डायवर्जन के कारण ऑटो और ई-रिक्शा भी क्षेत्र में नहीं जा सके। इससे अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे पैदल ही निकलने को मजबूर हुए। हाथों में बैग और सामान लेकर लोगों को लंबी दूरी तक पैदल चलना पड़ा। इससे उनके पसीने छूट गए। मेरठ रोड पर भी यात्री वाहनों के इंतजार में खड़े रहे। पैदल जा रहीं यात्री कविता ने कहा कि कार्यक्रम के साथ-साथ आम लोगों की सुविधा का भी ध्यान रखने की जरूरत है।

राजनगर एक्सटेंशन में मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ जी की एक झलक पाने के लिए खड़े कार्यकर्ता। संवा

राजनगर एक्सटेंशन में मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ जी की एक झलक पाने के लिए खड़े कार्यकर्ता। संवा

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||