Image Slider

नोएडा: दीपावली, भैया दूज और छठ के त्योहार पर अगर आप भी नोएडा से अपने घर जाने की तैयारी कर रहे हैं और बस में सीट मिलने को लेकर परेशान हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है. त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं. नोएडा डिपो की ओर से 6 से 17 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है.

इसके तहत बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो. नोएडा डिपो के बस बेड़े में फिलहाल 188 बसें हैं. एआरएम रोहतास कुमार की माने तो यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए इन बसों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाये गए हैं. साथ ही जरूरत के अनुसार बसों की संख्या भी बढ़ेगी.

मांग बढ़ने पर किसी भी रूट पर भेज देगें बस

नोएडा डिपो ARM रोहतास कुमार ने बताया कि नोएडा से उत्तराखंड के अलावा लखनऊ, बदायूं, एटा और जलेसर जैसे शहरों के लिए बसों का संचालन किया जाता है. त्योहारों के दौरान इन रूटों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है. ऐसे में परिवहन विभाग यात्रियों की मांग के अनुसार बसों की संख्या और फेरे बढ़ाए गए हैं. नोएडा डिपो के अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक होती है, तो वहां अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके लिए बसों के फेरे बढ़ाने के साथ डबल क्रू की व्यवस्था भी की गई है, जिससे बसों का संचालन लगातार किया जा सके और यात्रियों को लंबे समय तक बस का इंतजार न करना पड़े.

दिल्ली और गाजियाबाद के साथ मिलकर निपटेंगे स्थिति से

नोएडा डिपो के अधिकारियों रोहतास कुमार के मुताबिक, दिल्ली और एनसीआर से बड़ी संख्या में यात्री अपने घरों की ओर रवाना होते हैं. ऐसे में दिल्ली में यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर नोएडा से भी बसों की मांग बढ़ती है. इस स्थिति से निपटने के लिए नोएडा और गाजियाबाद परिवहन विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे. और ट्रैफिक पुलिस और ARTO के साथ सड़कों पर उतरेंगे. ताकि किसी यात्री को कोई समस्या न हो. जिस रूट पर यात्रियों की अधिक मांग होगी, वहां बसें उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरत के अनुसार बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए भटकना न पड़े.

इन खास प्वाइंट पर कर्मचारी भी रहेगें मौजूद

इसके लिए अन्य डिपो के साथ भी तालमेल बनाया गया है. यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नोएडा में तीन प्रमुख स्थानों पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है. इनमें सेक्टर-62, सेक्टर-37 और परी चौक शामिल हैं. इन सभी स्थानों पर परिवहन विभाग के कर्मचारी यात्रियों को बसों की जानकारी देने और उनकी मदद के लिए मौजूद रहेंगे. इसके अलावा बीच-बीच में यातायात निरीक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है, जो बसों के संचालन और व्यवस्था पर नजर रखेंगे. अधिकारियों के अनुसार, बसों के फेरे बढ़ाने के साथ डबल क्रू लगाया गया है, ताकि ज्यादा संचालन को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||