Image Slider

गुरुग्राम. हरियाणा का गुरुग्राम लड़कियों के लिए सेफ नहीं हैं. लगातार ऐसे मामले आ रहे हैं, जिससे महिला सुरक्षा के दावों पर सवाल उठ रहे हैं. अब ताजा मामले में दो युवतियों ने आरोप लगाया है कि एक स्कॉर्पियो सवार पुरुष और महिला ने उनकी पेशकश ठुकराने पर कई गलियों में उनका पीछा किया और उन्हें प्रताड़ित किया.

बचने के लिए युवतियों को भागकर एक ‘पेइंग गेस्ट’ (पीजी) में शरण लेनी पड़ी, जिसके बाद भी कार सवार आरोपी कम से कम आधे घंटे तक बाहर मंडराते रहे.

गुरुग्राम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने पर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. पीड़िता से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है.

जानकारी के अनुसार, यह घटना ट्यूलिप चौक के पास की है. लगभग 25 वर्षीय पीड़िता ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि वह और उसकी सहयोगी मंगलवार रात करीब पौने नौ बजे अपने पीजी से टहलने के लिए निकली थीं. एक मशहूर मॉल में घूमने और मौसम का आनंद लेने के बाद जब वे रात 10:10 बजे लौट रही थीं, तभी उनके पास एक स्कार्पियो आकर रुकी.

गाड़ी में 20 से 25 वर्ष के बीच की एक महिला और लगभग 45 वर्ष या उससे अधिक उम्र का एक पुरुष सवार था. महिला ने लक्जरी पीजी की तलाश होने और पैसों की कोई कमी न होने की बात कहकर उनसे रास्ता पूछा. पीड़ित युवतियों ने एक ब्रोकर का फोन नंबर भी दे दिया.

पोस्ट में कहा गया कि लेकिन इसके तुरंत बाद कार सवार पुरुष अपनी हदें लांघने लगा. वह युवतियों से निजी सवाल पूछने, नौकरी व पैसे देने की पेशकश करने और रसूखदार नेताओं के नाम लेने लगा. जब पीड़िता ने असहज महसूस कर दूरी बनाए रखी, तो आरोपी ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘बहुत चालाक हो. दूर खड़ी हो. लग रहा है मैं कुछ कर दूंगा.’’

पीड़िता ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस बात से डरकर दोनों किसी तरह वहां से निकलीं, लेकिन जब कुछ दूर ट्यूलिप सोसाइटी के पास खड़ी थीं, तो वही स्कार्पियो अचानक फिर से पीछे से आ गई. पोस्ट के मुताबिक, जान बचाने के लिए वे ‘एवेन्यू 69’ के पास फूड स्टॉल की तरफ भागीं, लेकिन आरोपियों ने वहां भी गाड़ी रोक दी. पोस्ट के अनुसार, आखिरकार युवतियां भागकर एक पीजी के अंदर घुस गईं, लेकिन आरोपी पीजी के बाहर कम से कम 30 मिनट तक खड़े रहे.

एक्स पर लिखी लंबी चौड़ी पोस्ट

एक युवती ने इस पूरी घटना की कहानी एक्स पर लिखी. युवती के मुताबिक, वह अपनी रूममेट के साथ रात करीब पौने नौ बजे टहलने निकली थी. रात करीब दस बजे जब दोनों वापस पीजी लौट रही थीं, तभी एक स्कॉर्पियो उनके पास आकर रुकी. शुरुआत में महिला ने उनसे पीजी के बारे में जानकारी मांगी. युवतियों ने मदद करते हुए ब्रोकर का नंबर भी दिया. लेकिन आरोप है कि इसके बाद बातचीत का अंदाज बदल गया. पुरुष ने उनसे निजी सवाल पूछने शुरू कर दिए और नौकरी दिलाने तथा पैसे देने की बात करने लगा.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||