Image Slider

दीपावली पर परिवार के साथ घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों को इस बार सफर के लिए जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है। ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने के कारण निजी बसों पर निर्भर यात्रियों के सामने महंगे किराये की चुनौती खड़ी हो गई है। 

दिल्ली से लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, पटना, चंडीगढ़ और भोपाल जाने वाली बसों के किराये में त्योहार से पहले कई गुना तक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सामान्य दिनों में कुछ सौ से लेकर एक-दो हजार रुपये तक मिलने वाला टिकट अब हजारों रुपये में बुक हो रहा है। ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म पर लखनऊ के लिए स्लीपर टिकट 7,999 रुपये और पटना के लिए एसी स्लीपर टिकट 9,999 रुपये तक पहुंच गया है।

ट्रेनों में वेटिंग, बसों में महंगे टिकट

दिल्ली-एनसीआर में उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के लाखों लोग रोजगार करते हैं। दीपावली पर बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ अपने गृह नगर लौटते हैं। इस बार पांच और छह नवंबर को घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए टिकट जुटाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। रेलवे में लंबी वेटिंग के बीच निजी बसें यात्रियों के लिए वैकल्पिक साधन बनी हुई हैं। दिल्ली-एनसीआर से बिहार जाने वाली बसों में सामान्य दिनों में एक सीट का किराया करीब 840 से 1,500 रुपये रहता है, जबकि त्योहार के दौरान यह बढ़कर 2,500 से 4,000 रुपये तक पहुंच गया है। एसी स्लीपर में कुछ टिकटों की कीमत 9,999 रुपये तक दिखाई दे रही है।

लखनऊ-कानपुर के लिए भी हजारों रुपये किराया

उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के लिए भी बसों के किराये में बड़ा अंतर सामने आ रहा है। सामान्य दिनों में जिंग बस, गोला बस, शताब्दी ट्रैवेल्स, राज कल्पना, बीआर ट्रैवेल्स, समय शताब्दी और इंटरसिटी स्मार्टबस जैसे ऑपरेटरों की एसी स्लीपर बसों में टिकट सामान्य तौर पर 800 से 1,200 रुपये के बीच मिल जाता है। दीपावली से पहले कुछ बसों में यही किराया बढ़कर 4,000 से 8,000 रुपये तक पहुंच गया है।

त्योहार के समय सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों को होती है, जिन्हें एक साथ कई टिकट खरीदने पड़ते हैं। चार सदस्यों के परिवार को प्रत्येक टिकट के लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़ें तो यात्रा का कुल बजट काफी बढ़ सकता है। ऐसे में यात्रियों को तारीख में बदलाव करने, अलग-अलग बस ऑपरेटरों के किराये की तुलना करने और उपलब्ध सीटों के विकल्प देखने की जरूरत है।

प्रमुख मार्गों पर बसों का किराया (दिल्ली से)


शहर सामान्य दिन (एसी सीटर / स्लीपर) 5 और 6 नवंबर का किराया (एसी सीटर / स्लीपर)
कानपुर ₹350 – ₹800 ₹3,500 – ₹8,699
लखनऊ ₹400 – ₹1,000 ₹3,000 – ₹8,359
वाराणसी ₹700 – ₹1,200 ₹3,000 – ₹8,158
प्रयागराज ₹500 – ₹1,000 ₹3,000 – ₹8,000
पटना ₹1,000 – ₹1,500 ₹3,500 – ₹8,141
चंडीगढ़ ₹400 – ₹1,000 ₹1,500 – ₹3,033
भोपाल ₹1,000 – ₹2,000 ₹2,000 – ₹4,500

नोट: किराये रुपये में हैं। ये उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित संकेतात्मक दरें हैं। वास्तविक किराया यात्रा की तारीख, बस ऑपरेटर, सीट की उपलब्धता और बुकिंग प्लेटफॉर्म के अनुसार अलग हो सकता है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||